कहीं दोबारा मतदान, कहीं सियासी घमासान… नावां हादसे से RPSC SI Exam तक बड़ी खबरें

Last Updated:September 16, 2026, 07:46 IST
Rajasthan News LIVE: राजस्थान में आज बड़ी हलचलें देखने को मिल रही हैं. जयपुर और जोधपुर के कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराबी के बाद आज पुनर्मतदान जारी है. टोंक नगर परिषद में बोर्ड बनाने के लिए सचिन पायलट की मौजूद…और पढ़ें
Rajasthan News Live: प्रदेश के कई हिस्सों में मतदान और सियासी बाड़ेबंदी का दौर
Rajasthan News LIVE: राजस्थान निकाय चुनाव की हलचलों के बीच आज प्रदेश के कई हिस्सों में मतदान और सियासी बाड़ेबंदी का दौर जारी है. जयपुर नगर निगम के 5 अलग-अलग मतदान केंद्रों पर तकनीकी कारणों से आज सुबह 7 बजे से पुनर्मतदान शुरू हुआ है. वार्ड संख्या 9 (बूथ 111), वार्ड 18 (बूथ 235), वार्ड 25 (बूथ 343) और वार्ड 34 के दो बूथों पर शाम 6 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया है और मतगणना 17 सितंबर को होगी. वहीं, जोधपुर नगर निगम के वार्ड 50 के बूथ संख्या 338 पर ईवीएम खराब होने के कारण आज फिर से वोट डाले जा रहे हैं, जिसकी मतगणना गुरुवार को होगी.
September 16, 202607:46 IST
Jodhpur Ward 50 Repoll: जोधपुर के वार्ड 50 के बूथ 338 पर पुनर्मतदान शुरू
जोधपुर नगर निगम के वार्ड 50 के बूथ नंबर 338 पर आज पुनर्मतदान शुरू हो गया है. ईवीएम की कंट्रोल यूनिट में तकनीकी खराबी के चलते राज्य निर्वाचन आयोग ने यह निर्देश दिए थे. कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए केंद्र पर 1025 मतदाता शाम 6 बजे तक वोट डालेंगे. भाजपा के हेमाराम चौधरी और कांग्रेस के युवराज सिंह के बीच कड़ा मुकाबला है. जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन और पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. कल सुबह परिणाम आएंगे.
September 16, 202607:45 IST
RPSC SI भर्ती 2021 पुनः परीक्षा: 20 सितंबर को 11 जिलों में होगी परीक्षा
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने एसआई भर्ती 2021 की पुनः परीक्षा को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं. यह परीक्षा 20 सितंबर को 11 जिलों के 666 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें 2,18,131 अभ्यर्थी भाग लेंगे. इसके प्रवेश पत्र 17 सितंबर को आयोग की वेबसाइट और एसएसओ पोर्टल पर जारी होंगे. परीक्षा दो पारियों (सामान्य हिंदी और सामान्य ज्ञान/विज्ञान) में आयोजित होगी. गड़बड़ी रोकने के लिए सघन बायोमेट्रिक जांच, थंब इंप्रेशन और फेस रिकॉग्निशन की व्यवस्था की गई है. परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा.
September 16, 202607:45 IST
नावां में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 3 सदस्यों समेत 4 की मौत
डीडवाना-कुचामन जिले के नावां में मिठड़ी बायपास पर बुधवार तड़के 5 बजे डंपर और कार की भीषण भिड़ंत हो गई. हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में कासेड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एएनएम तुलसी, उनके पति लक्ष्मण सिंह, पुत्री शीतल और कार चालक रामाकिशन शामिल हैं. कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई कि शवों को निकालने के लिए पुलिस और 108 एंबुलेंस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. यह परिवार मिठड़ी के पास पालड़ी गांव में किराए से रहता था. इस घटना से पूरे इलाके में गहरा शोक छा गया है.
September 16, 202607:45 IST
टोंक और हनुमानगढ़ में सभापति पद को लेकर सियासी घमासान
टोंक नगर परिषद में बोर्ड बनाने को लेकर कांग्रेस खेमे में हलचल बहुत तेज हो गई है. असंतुष्ट गुट को साधने और सभापति के नाम पर एकराय बनाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट बाड़ेबंदी में पहुंच सकते हैं. वे पार्षदों और स्थानीय नेताओं से वन-टू-वन संवाद करेंगे. दूसरी तरफ, सत्ताधारी भाजपा वेट एंड वॉच की मुद्रा में रहकर कांग्रेस की अंदरूनी कलह का फायदा उठाने की ताक में है. उधर, हनुमानगढ़ नगर परिषद में विधायक गणेशराज बंसल गुट से मंजू रिणवा और कांग्रेस से सुशीला खीचड़ का नाम आगे चल रहा है. नोहर नगरपालिका में विधायक अमित चाचाण के भाई सुमित चाचाण कांग्रेस के मजबूत दावेदार बने हुए हैं.
Location :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
September 16, 2026, 07:44 IST



