चलती ट्रेन में महिला ने दिया बच्चे को जन्म, कोटा में मिली मेडिकल मदद

Last Updated:October 31, 2026, 07:55 IST
Golden Temple Mail Baby Birth: पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में शुक्रवार को गोल्डन टेंपल मेल ट्रेन में एक महिला यात्री ने शिशु को जन्म दिया. सूरत से मथुरा जा रही 28 वर्षीय निशा देवी को अचानक प्रसव पीड़ा होने पर टीटीई के.के. मीना और बलराम मीना ने तुरंत चिकित्सा सहायता का समन्वय किया. नागदा-शामगढ़ के बीच डिलीवरी के बाद कोटा और गंगापुर सिटी स्टेशनों पर रेलवे डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया. इसके बाद प्रसूता और नवजात को एंबुलेंस से राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं.
ख़बरें फटाफट
Golden Temple Mail Train Baby Birth: चलती ट्रेन में महिला ने दिया बच्चे को जन्म, कोटा में मिली मेडिकल मदद
Kota News: पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के अंतर्गत शुक्रवार को एक बेहद सुखद और राहत देने वाली खबर सामने आई. गाड़ी संख्या 12903 गोल्डन टेंपल मेल में यात्रा कर रही एक महिला यात्री को अचानक प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद उन्होंने चलती ट्रेन में ही एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया. रेलवे प्रशासन की तत्परता और ऑन-ड्यूटी टीटीई की सजगता के कारण महिला और नवजात को समय पर बेहतर डॉक्टरी देखभाल उपलब्ध कराई गई. फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह से सुरक्षित और स्वस्थ हैं.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 28 वर्षीय निशा देवी अपने पति रतन साहनी के साथ सूरत से मथुरा के लिए यात्रा कर रही थीं. दंपति का आरक्षण बी-5 कोच की सीट संख्या 31 पर था. ट्रेन जब नागदा-शामगढ़ रेलखंड के बीच से गुजर रही थी, तभी महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. आपात स्थिति को देखते हुए सह-यात्रियों ने तुरंत कोच में तैनात रेल कर्मचारियों से संपर्क किया.
टीटीई की सजगता और चलती ट्रेन में डिलीवरी
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ऑन-ड्यूटी टीटीई के.के. मीना और बलराम मीना ने बिना किसी देरी के मोर्चा संभाला. दोनों रेल अधिकारियों ने तुरंत कंट्रोल रूम और संबंधित रेलवे चिकित्सा अधिकारियों को सूचित किया. इसी दौरान नागदा से शामगढ़ के बीच ट्रेन में ही महिला यात्री का सफल प्रसव हुआ और किलकारी गूंज उठी. टीटीई ने कोटा और गंगापुर सिटी स्टेशनों पर डॉक्टरी सहायता सुनिश्चित करने के लिए लगातार समन्वय बनाए रखा.
कोटा और गंगापुर सिटी स्टेशनों पर मिली त्वरित मेडिकल मदद
ट्रेन के कोटा स्टेशन पहुंचते ही रेलवे डॉक्टरों की टीम पहले से तैनात थी. डॉक्टरों ने मौके पर पहुंचकर प्रसूता और नवजात का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया. यात्रियों की सहमति और प्राथमिक जांच के बाद उन्हें आगे की यात्रा जारी रखने की अनुमति दी गई. हालांकि, आगे के सफर में महिला को फिर से स्वास्थ्य संबंधी असहजता महसूस हुई, जिसके बाद गंगापुर सिटी स्टेशन पर रेलवे मेडिकल टीम को अलर्ट किया गया.
एंबुलेंस से राजकीय अस्पताल कराया गया भर्ती
सूचना मिलते ही उपमंडल रेलवे चिकित्सालय के डॉ. असलम अंसारी और वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यवीर डूडी एंबुलेंस के साथ स्टेशन पहुंचे. डॉक्टरों की टीम ने प्रसूता और शिशु की जांच कर प्राथमिक उपचार दिया. इसके बाद दोनों को बेहतर चिकित्सा देखभाल और निगरानी के लिए एंबुलेंस के माध्यम से स्थानीय राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया. रेलवे की इस त्वरित प्रतिक्रिया और मानवीय संवेदनशीलता की यात्रियों ने जमकर सराहना की.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Kota,Kota,Rajasthan
First Published :
October 31, 2026, 07:55 IST



