Rajasthan
छात्रावास में रह रहे 9वीं के छात्र का स्कूल के पास हौद में मिला शव, धरने पर बैठे लोग

राजस्थान के जिले जैसलमेर के देचू में निजी स्कूल के छात्रावास में रहने वाले कक्षा 9वीं के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. श्रवण सिंह छात्र का शव स्कूल के पास कृषि फार्म पर बने हौद में मिला. घटना के बाद परिजनों ने हत्या कर शव हौद में डालने का आरोप लगाया है. पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
मृतक छात्र श्रवण सिंह डेलासर गांव का रहने वाला था. शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. शव को देचू उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. घटना से नाराज परिजनों और डेलासर गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण धरने पर बैठ गए. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल छात्र की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है.



