Navratri Recipe: नवरात्रि व्रत में साबूदाना छोड़िए, इस बार बनाएं लौकी और कुट्टू का चीला, जानें आसान रेसिपी

Last Updated:October 15, 2026, 09:57 IST
Navratri Special Lauki and Kuttu Chilla Recipe: नवरात्रि के व्रत में साबूदाना और आलू से बनी चीजें खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार लौकी और कुट्टू के आटे का चीला ट्राई कर सकते हैं. धौलपुर की गृहिणी प्रभा शर्मा ने इसे बनाने की आसान विधि बताई है. इसके लिए लौकी को कद्दूकस करके कुट्टू के आटे में मिलाया जाता है. फिर सेंधा नमक और काली मिर्च डालकर तैयार मिश्रण को घी लगे तवे पर गोल आकार में फैलाकर दोनों तरफ से सेंका जाता है. कम सामग्री और कम समय में बनने वाला यह चीला व्रत के फलाहार में स्वाद का नया विकल्प दे सकता है. इसे सुबह नाश्ते या शाम को खाया जा सकता है और व्रत रखने वाले मेहमानों को भी परोसा जा सकता है.
धौलपुर: नवरात्रि में नौ दिन तक व्रत रखने वाले लोग फलाहार में कुछ स्वादिष्ट और अलग खाना चाहते हैं. ऐसे में लौकी और कुट्टू के आटे का चीला एक अच्छा फलाहार है. यह चीला कम समय में आसानी से तैयार हो जाता है. इसे सुबह नाश्ते में या शाम को भी खा सकते हैं. इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी घर पर आसानी से मिल जाती है. खास बात यह है कि व्रत के दौरान घर आए मेहमानों को भी यह चीला बनाकर खिलाया जा सकता है.
धौलपुर की गृहिणी प्रभा शर्मा ने बताया कि लौकी और कुट्टू के आटे का चीला बनाना बेहद आसान है. इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती. लौकी, कुट्टू का आटा, सेंधा नमक, काली मिर्च और घी की मदद से स्वादिष्ट चीला तैयार किया जा सकता है. सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह छील लें. इसके बाद इसे चार भागों में काटकर साफ पानी से धो लें. अब लौकी को कद्दूकस कर लें और एक कटोरे में रख दें. इसके बाद एक अलग बर्तन में चार चम्मच कुट्टू का आटा लें. इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि आटे में गांठें न रहें.
ऐस बनाएं लौकी और कुट्टू के आटे का चीला
अब कुट्टू के आटे में कद्दूकस की हुई लौकी डाल दें. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाकर मिश्रण तैयार करें. ध्यान रखें कि मिश्रण न ज्यादा गाढ़ा हो और न ही ज्यादा पतला. इसके बाद इसमें स्वादानुसार सेंधा नमक और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब गैस चालू करके तवा गर्म करें. तवा गर्म होने पर उस पर थोड़ा घी डालें. इसके बाद तैयार मिश्रण को तवे पर डालकर गोल आकार में फैला दें. चीले को धीमी या मध्यम आंच पर अच्छी तरह सेंकें. जब एक तरफ से चीला पक जाए, तो उसे पलटकर दूसरी तरफ से भी सेंक लें.
चीला स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी है
दोनों तरफ से सुनहरा और अच्छी तरह पकने पर चीला तैयार हो जाएगा. गृहिणी प्रभा शर्मा बताती हैं लौकी और कुट्टू के आटे से बना चीला स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी होता है. इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है. नवरात्रि में व्रत रखने वाले परिवार के सदस्य इसे सुबह के नाश्ते या शाम के फलाहार में खा सकते है. अगर घर पर व्रत रखने वाले मेहमान आए हैं, तो उनके लिए भी यह चीला एक अच्छा फलाहार हो सकता है.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Dhaulpur,Dhaulpur,Rajasthan
First Published :
October 15, 2026, 09:57 IST



