जयपुर में पंचायती राज चुनाव का ऐलान, 8 अक्टूबर से शुरू होगी प्रक्रिया, देखें पूरा शेड्यूल

Last Updated:October 07, 2026, 21:46 IST
Rajasthan Panchayat Chunav 2026: जयपुर में पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण के चुनाव के लिए 8 अक्टूबर से प्रक्रिया शुरू होगी. 22 अक्टूबर को मतदान और 20 नवंबर को मतगणना होगी. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान के बाद मतगणना तुरंत नहीं होगी. इन चुनावों की मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर होगी. मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू की जाएगी.
ख़बरें फटाफट
राजस्थान में पंचायत चुनावों
जयपुर. पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण के चुनाव के लिए 8 अक्टूबर से चुनावी प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. जयपुर जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए 8 अक्टूबर को लोकसूचना जारी होगी. इसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी. राज्य में पंचायती राज चुनाव चार चरणों में कराए जा रहे हैं.
जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 13 अक्टूबर है. इस दिन दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जा सकेंगे. नामांकन पत्रों की जांच 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगी. इसके बाद 15 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे. नाम वापसी का समय खत्म होते ही चुनाव चिह्न दिए जाएंगे और मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी जाएगी. इसके बाद चुनाव प्रचार और मतदान की तैयारियां आगे बढ़ेंगी.
21 अक्टूबर को रवाना होंगे मतदान दलजिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान दल 21 अक्टूबर को अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे. प्रथम चरण के तहत 22 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान के बाद मतगणना तुरंत नहीं होगी. इन चुनावों की मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर होगी. मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू की जाएगी.
पंच और सरपंच के चुनाव भी इसी चरण मेंप्रथम चरण में पंच और सरपंच पदों के चुनाव की प्रक्रिया भी 8 अक्टूबर को जारी होने वाली लोकसूचना के साथ शुरू होगी. इन पदों के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे. नामांकन पत्रों की जांच 23 अक्टूबर को ही सुबह 11:30 बजे से शुरू होगी. नाम वापस लेने की अंतिम समय सीमा भी इसी दिन दोपहर 2 बजे तक रखी गई है. नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही पंच और सरपंच पदों के प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न दिए जाएंगे. इसके अगले दिन यानी 24 अक्टूबर को पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा. मतदान खत्म होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना शुरू होगी.
25 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनावप्रथम चरण में उपसरपंच का चुनाव 25 अक्टूबर को कराया जाएगा. इस तरह ग्राम पंचायत स्तर पर पंच, सरपंच और उपसरपंच के चुनाव की प्रक्रिया भी इसी चरण में पूरी होगी.
जयपुर जिले में नामांकन के लिए अलग-अलग जगह तय
जयपुर जिले की अलग-अलग पंचायत समितियों के लिए रिटर्निंग अधिकारियों और नामांकन स्थल भी तय कर दिए गए हैं. आमेर पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी राजेन्द्र कुमार होंगे और नामांकन उपखण्ड अधिकारी कार्यालय आमेर में होंगे.
जालसू के रिटर्निंग अधिकारी डॉ. आस्था शर्मा हैं. यहां नामांकन तहसील कार्यालय जालसू के कमरा नंबर 6 में होंगे. रामपुरा डाबड़ी के रिटर्निंग अधिकारी सुमन हैं और नामांकन उपखण्ड कार्यालय के न्यायालय कक्ष में होंगे.
चाकसू में रिटर्निंग अधिकारी सीमा तिवाड़ी होंगी. यहां नामांकन उपखण्ड कार्यालय के न्यायालय कक्ष नंबर 7 में होंगे. कोटखावदा के रिटर्निंग अधिकारी श्रीकान्त व्यास होंगे और नामांकन तहसील कार्यालय कोटखावदा में होंगे.
माधोराजपुरा के रिटर्निंग अधिकारी ललित मीणा होंगे. नामांकन उपखण्ड कार्यालय माधोराजपुरा में होंगे. चौमूं में अजीत सिंह राठौड़ रिटर्निंग अधिकारी होंगे और नामांकन उपखण्ड कार्यालय के न्यायालय कक्ष में होंगे.
गोविन्दगढ़ में मुक्ता राव रिटर्निंग अधिकारी होंगी. यहां नामांकन पंचायत समिति के अम्बेडकर भवन में होंगे. जमवारामगढ़ में ओम प्रकाश मीणा रिटर्निंग अधिकारी होंगे और नामांकन उपखण्ड कार्यालय के न्यायालय कक्ष में होंगे.
आंधी में सुप्रिया रिटर्निंग अधिकारी होंगी. नामांकन तहसील कार्यालय आंधी के न्यायालय कक्ष में होंगे. झोटवाड़ा पंचायत समिति के लिए खुशबू शर्मा रिटर्निंग अधिकारी होंगी. यहां नामांकन कालवाड़ तहसील के तहसीलदार कक्ष नंबर 1 में होंगे.
जोबनेर के रिटर्निंग अधिकारी रमेश कुमार होंगे और नामांकन उपखण्ड अधिकारी कार्यालय जोबनेर में होंगे. दूदू में गुलाब सिंह वर्मा रिटर्निंग अधिकारी होंगे. यहां नामांकन उपखण्ड कार्यालय के न्यायालय कक्ष नंबर 2 में होंगे.
मौजमाबाद में मुकेश कुमार अग्रवाल रिटर्निंग अधिकारी होंगे और नामांकन उपखण्ड अधिकारी कार्यालय के न्यायालय कक्ष में होंगे. फागी में बलबीर सिंह रिटर्निंग अधिकारी होंगे. यहां नामांकन उपखण्ड कार्यालय के इजलास कक्ष में होंगे.
सांभरलेक में ऋषिराज कपिल रिटर्निंग अधिकारी होंगे. नामांकन उपखण्ड कार्यालय के न्यायालय कक्ष नंबर 1 में होंगे. किशनगढ़ रेनवाल में सर्वेश शर्मा रिटर्निंग अधिकारी होंगे और नामांकन उपखण्ड कार्यालय के इजलास कक्ष में होंगे.
सांगानेर में विकास प्रजापत रिटर्निंग अधिकारी होंगे. यहां नामांकन उपखण्ड कार्यालय के कोर्ट रूम में होंगे. बस्सी में दीपक सिंह खटाणा रिटर्निंग अधिकारी होंगे और नामांकन उपखण्ड कार्यालय के न्याय कक्ष में होंगे.
तूंगा में शिप्रा जैन रिटर्निंग अधिकारी होंगी. नामांकन तहसील कार्यालय तूंगा के न्यायालय कक्ष में होंगे. शाहपुरा में जगदीश प्रसाद बैरवा रिटर्निंग अधिकारी होंगे और नामांकन उपखण्ड कार्यालय के न्याय कक्ष नंबर 10 में होंगे.
अमरसर में अजीत कुमार बुन्देला रिटर्निंग अधिकारी होंगे. यहां नामांकन उप तहसील कार्यालय अमरसर के कमरा नंबर 3 में किए जाएंगे.
अब गांवों में बढ़ेगी चुनावी हलचल
8 अक्टूबर से लोकसूचना जारी होने के साथ ही जयपुर जिले में पंचायती राज चुनाव की प्रक्रिया जमीन पर दिखाई देने लगेगी. जिला परिषद और पंचायत समिति के दावेदारों को नामांकन के लिए कुछ ही दिन मिलेंगे. वहीं पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन और मतदान के बीच भी ज्यादा समय नहीं रहेगा. प्रथम चरण के चुनाव को लेकर प्रशासन की तैयारियां भी आगे बढ़ेंगी. मतदान दलों की रवानगी, नामांकन, जांच, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन के बाद 22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा. इसके बाद 24 अक्टूबर को गांवों में पंच और सरपंच पदों के लिए वोट डाले जाएंगे. राजस्थान में पंचायती राज चुनाव का कार्यक्रम जारी होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.About the Authorआनंद पाण्डेयContent Producer
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
October 07, 2026, 21:46 IST



