जिन 2 महिला कैदियों से जेलर ने घर पर करवाई सफाई, उनके हत्याकांड जानकर चौंक जाएंगे

अजमेर. राजस्थान के अजमेर सेंट्रल जेल की महिला जेलर दिव्या चौधरी जिन दो महिला कैदियों को 12 जुलाई को अपनी निजी कार से जेल से निकालकर निजी आवास पर सफाई करवाने के लिए ले गई थीं, वे दोनों हत्या के मामलों में बंद थीं. इनमें एक महिला किरण है, जिसे अपने पति की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा हो चुकी है, जबकि दूसरी महिला सना 22 साल की विचाराधीन बंदी है. सना पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी पत्नी रुबीना की हत्या करने का आरोप है. दोनों मामलों की कहानी में प्रेम संबंध और वैवाहिक विवाद अहम कड़ी के रूप में सामने आए थे.
किरण ने अपने प्रेमी शैतान गुर्जर के साथ मिलकर पति देवेंद्र सिंह उर्फ चादूं की हत्या की थी. वहीं, पुलिस की जांच के अनुसार सना ने अपने प्रेमी शैफ अली के साथ मिलकर उसकी पत्नी रुबीना की हत्या की थी. किरण को अदालत से उम्रकैद की सजा मिल चुकी है और वह जेल में सजा काट रही थी, जबकि सना के मामले में न्यायिक प्रक्रिया जारी है. महिला जेलर द्वारा दोनों कैदियों को निजी आवास पर ले जाने का मामला सामने आने के बाद इन महिला बंदियों की आपराधिक इतिहास भी चर्चा में है. दोनों हत्याकांड की घटनाएं वर्ष 2023 की हैं.
प्रेमी के साथ मिलकर की थी पति की हत्या
अजमेर जिले के भिनाय क्षेत्र के उदयगढ़ खेड़ा गांव के देवेंद्र सिंह उर्फ चादूं की हत्या के मामले में उसकी पत्नी किरण जेल में बंद है. 17 जनवरी 2023 की रात देवेंद्र खेत पर गेहूं की फसल की रखवाली करने गया था. वह खेत में चारपाई पर सो रहा था. अगले दिन सुबह उसका बड़ा भाई खेत पहुंचा तो देवेंद्र के मुंह से खून निकल रहा था और गले पर चोट के निशान थे. उसके हाथ-पैरों पर भी खून लगा हुआ था. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए किरण उर्फ सेठा और उसके प्रेमी शैतान गुर्जर को 19 जनवरी 2023 को गिरफ्तार कर लिया था.
सोशल मीडिया के जरिए किरण और शैतान की हुई थी दोस्ती
पुलिस जांच में सामने आया कि किरण और शैतान की दोस्ती करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. बाद में शैतान का देवेंद्र के घर आना-जाना शुरू हो गया. देवेंद्र को दोनों के संबंधों का पता चला तो उसने शैतान के घर आने का विरोध किया. इसके बाद दोनों ने देवेंद्र को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. 17 जनवरी की रात किरण ने शैतान को फोन कर बताया कि उसका पति खेत पर सो रहा है. इसके बाद शैतान खेत पहुंचा और किरण भी वहां आ गई. पुलिस के मुताबिक, शैतान ने देवेंद्र का गला दबाया, जबकि किरण ने उसका मुंह दबा दिया. बचाव के दौरान देवेंद्र ने किरण की अंगुली दांतों से काट ली, लेकिन दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी. इस मामले में अदालत ने किरण को उम्रकैद की सजा सुनाई.
प्रेमी की पत्नी की हत्या के मामले में बंद है सना
दूसरी महिला बंदी 22 वर्षीय सना है. वह डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना थाना क्षेत्र में विवाहिता रुबीना की हत्या के मामले में विचाराधीन बंदी है. 24 जुलाई 2023 को गोदावास इलाके में रुबीना संदिग्ध परिस्थितियों में निढाल मिली थी. परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बाद में गले पर खरोंच के निशान देखकर परिजनों को शक हुआ और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई. मकराना पुलिस ने 28 जुलाई 2023 को मामले का खुलासा किया था.
शैफ अली और सना करीब तीन साल से प्रेम संबंध में थे
पुलिस जांच में सामने आया कि रुबीना का पति शैफ अली और सना करीब तीन साल से प्रेम संबंध में थे. शैफ अपनी पत्नी पर तलाक देने का दबाव बना रहा था. 24 जुलाई को सना रुबीना के घर पहुंची और फोन कर शैफ को बुलाया. दोनों ने रुबीना से तलाक देने को कहा, लेकिन उसने विरोध किया. आरोप है कि इसके बाद शैफ और सना ने मिलकर रुबीना का गला दबा दिया और वहां से फरार हो गए. इस मामले में सना के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया जारी है.



