निकाय चुनाव में बगावत पड़ी भारी, BJP ने 41 को निकाला, कांग्रेस ने भी 15 पर की कार्रवाई

Last Updated:September 08, 2026, 09:09 IST
Nagar Nikay Chunav Action Against Rebels: राजस्थान नगर निकाय चुनाव के रण में टिकट की नाराजगी अब दलों के लिए अनुशासन का मुद्दा बन गई है. बीजेपी ने अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ बगावत करने, निर्दलीय चुनाव लड़ने या परिजनों को चुनाव लड़ाने वाले प्रदेश के 41 पदाधिकारियों को 6 साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है. जयपुर में 26 निष्कासन के साथ सबसे ज्यादा कार्रवाई हुई है. अजमेर में 6 नेताओं पर गाज गिरी है. वहीं राजसमंद के वार्ड 22 में आप से 6 साल के लिए निष्कासित अमित वर्मा के बीजेपी समर्थन वाले और दबाव में वीडियो बनवाने के दावों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. उनकी पत्नी ने भी AAP पर गंभीर आरोप लगाए हैं. दूसरी ओर जोधपुर में कांग्रेस ने भी 15 नेताओं और पदाधिकारियों को पार्टी से निष्कासित किया है.भाजपा और कांग्रेस ने बागी नेताओं को पाटी से बाहर का रास्ता दिखाना किया शुरू
जयपुर. राजस्थान निकाय चुनाव 2026 में टिकट नहीं मिलने के बाद बगावत करने वाले नेताओं और पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ चुनावी दलों ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है. बीजेपी ने प्रदेशभर में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने, निर्दलीय प्रत्याशी बनने या परिजनों को चुनाव मैदान में उतारने वाले 41 पदाधिकारियों को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है. इनमें सबसे ज्यादा कार्रवाई जयपुर में हुई है, जहां 26 नेताओं पर संगठन ने कार्रवाई की. विद्याधर नगर में ही 13 पदाधिकारियों को निष्कासित किया गया है, जबकि प्रतापगढ़ में 7 नेताओं पर गाज गिरी है.
अजमेर में भी बीजेपी ने बागियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई की है. यहां 6 नेताओं और कार्यकर्ताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है. नगर निगम के वार्ड नंबर 4 से निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं हेमा गहलोत और उनके प्रचार में सक्रिय पूर्व मेयर के पति धर्मेंद्र गहलोत को भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है. बीजेपी अजमेर महामंत्री शंकर सिंह रावत, पूर्व पार्षद हेमलता बंसल, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश बंसल और रेनू यादव पर भी कार्रवाई की गई है.
बगावत करने वालों को हाईकमान से मिली थी चेतावनी
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, निकाय चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद बगावत करने वालों को हाईकमान की ओर से पहले ही चेतावनी दी गई थी. रोहित खत्री और लोकेश खंडेलवाल के नाम भी बगावत के संदर्भ में सामने आए थे. बताया जा रहा है कि कार्रवाई के डर से उन्होंने नामांकन को लेकर कदम पीछे खींचे. बीजेपी अब ऐसे नेताओं और कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर रही है, जिन पर चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है. आने वाले दिनों में और कार्रवाई होने के संकेत हैं.
राजसमंद में AAP प्रत्याशी के वीडियो से सियासी बवाल
राजसमंद नगर परिषद के वार्ड नंबर 22 में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अमित वर्मा को लेकर भी विवाद गहरा गया है. पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में आप उन्हें पहले ही 6 साल के लिए निष्कासित कर चुकी है. इसके बावजूद वर्मा के अलग-अलग वीडियो सामने आने से चुनावी माहौल गरमा गया. एक वीडियो में उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी को समर्थन देने की बात कही, जबकि बाद में जारी वीडियो में दावा किया कि उन्हें करीब 6 घंटे तक परेशान किया गया और दबाव में वीडियो बनवाया गया. उन्होंने कहा कि वे बीजेपी से डरने वाले नहीं हैं. अमित वर्मा की पत्नी ने भी आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए दादागिरी करने और जबरन वीडियो बनवाकर सोशल मीडिया पर जारी करवाने का आरोप लगाया है. पूरे मामले ने वार्ड 22 के चुनावी माहौल को चर्चा में ला दिया है. अब सवाल उठ रहा है कि क्या जिला निर्वाचन अधिकारी इस पूरे घटनाक्रम पर संज्ञान लेंगे.
जोधपुर में कांग्रेस की कार्रवाई
उधर, जोधपुर में जिला कांग्रेस कमेटी ने भी पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निर्दलीय उम्मीदवारों समेत 15 लोगों को 6 साल के लिए निष्कासित किया है. कार्रवाई की सूची में दो पूर्व महासचिव, एक महासचिव, एक पूर्व मनोनीत पार्षद, एनएसयूआई महासचिव, वार्ड अध्यक्ष और मंडल पदाधिकारी समेत पार्टी से जुड़े कई पदाधिकारी शामिल हैं. इस तरह राजस्थान निकाय चुनाव में टिकट की नाराजगी अब खुली बगावत और संगठनात्मक कार्रवाई में बदलती नजर आ रही है. बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ मैदान में उतरे नेताओं पर सख्ती शुरू कर दी है. चुनावी मुकाबला आगे बढ़ने के साथ बागियों पर कार्रवाई का दायरा और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं.About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
September 08, 2026, 09:09 IST



