न्यूजीलैंड से लौटते ही वैभव सूर्यवंशी को बड़ी जिम्मेदारी, बने बिहार टीम के कप्तान, देखें सभी खिलाड़ियों के नाम

पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने शुक्रवार को सैयद मुश्ताक अली T20 ट्रॉफी के लिए बिहार की 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की. यह टीम टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैचों में खेलेगी. इस ट्रॉफी को BCCI आयोजित करता है. इस मैच के लिए बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को कप्तान बनाया गया है. सूरज कश्यप टीम के उप-कप्तान होंगे. आपको बता दें कि यह पहली बार है जब वैभव बिहार की सीनियर टीम की कमान संभालेंगे. उनकी कप्तानी में ही टीम इस आगामी टूर्नामेंट में मैच खेलेगी. इस फैसले पर बात करते हुए, बीसीए अध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा, “वैभव ने कम उम्र में ही शानदार प्रतिभा, आत्मविश्वास और परिपक्वता दिखाई है. यह जिम्मेदारी उन्हें एक क्रिकेटर और लीडर के रूप में और आगे बढ़ने का एक और मौका देगी. हमें उम्मीद है कि वैभव की कप्तानी में, टीम आने वाले सीजन में राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए अनुशासित, प्रतिस्पर्धी और प्रभावी प्रदर्शन करेगी.”
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर चयन समिति ने 6 नवंबर 2026 को खिलाड़ियों के ट्रायल और उनके पिछले प्रदर्शन का आकलन करने के बाद टीम को अंतिम रूप दिया. बैठक में चयन समिति के अध्यक्ष हरविंदर सिंह और सदस्य अमिताभ विजयवर्गीय मौजूद थे, जबकि चयनकर्ता एस. सरथ फोन के जरिए शामिल हुए. 4 से 6 नवंबर तक चले ट्रायल और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद इस टीम को फाइनल किया गया.
बिहार की 17 सदस्यीय टीम में शामिल खिलाड़ियों के नामवैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, सूरज कश्यप (उप-कप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इज़हार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज़ खान और हिमांशु सिंह. इसके अलावा, मंगल महौर और शाकिब हुसैन का चयन उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा. चयन समिति के फैसले के अनुसार, पहले दो मैचों के बाद उनकी फिटनेस का आकलन किया जाएगा, जिसके बाद टीम में उनकी उपलब्धता को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.
स्टैंडबाय में रहेंगे ये खिलाड़ीस्टैंडबाय के रूप में जिन खिलाड़ियों को चुना गया है उनमें बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशस्वी ऋषभ, लखन राजा, पवन कुमार, अमित चौधरी, पीयूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार और प्रशांत श्रीवास्तव हैं.
कप्तान बनना वैभव सूर्यवंशी के क्रिकेट करियर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है. IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व करते हुए, उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था. इसके बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय T20 क्रिकेट में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
फिलहाल बिहार की टीम इन दिनों रणजी ट्राफी के एलीट ग्रुप में खेल रही है लेकिन टीम का पोजिशन बेहद ही शर्मनाक रहा है. लगातार बिहार को हार का सामना करना पड़ रहा है. इसके चलते बीच टूर्नामेंट में कप्तान बदलना पड़ा और कई अन्य खिलाड़ियों को टीम से ड्राप करना पड़ा.



