Entertainment

पर्दे पर आएगी मोनालिसा संग विवाद की सच्चाई, ‘सनोज तन्हा सफर’ का ऐलान, फिल्ममेकर बोले- मेरे खिलाफ रचा गया षड्यंत्र

नई दिल्ली. फिल्ममेकर सनोज मिश्रा ने अपनी नई फिल्म ‘सनोज तन्हा सफर’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस मूवी की घोषणा की गई. सनोज मिश्रा वही फिल्ममेकर हैं, जो महाकुंभ में दातून बेचने वाली मोनालिसा को लेकर ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ मूवी बना रहे थे, लेकिन कानूनी पचड़े और कई विवादों की वजह से फिल्म का काम रुक गया. सनोज मिश्रा की फिल्म ‘सनोज तन्हा सफर’ में यही पूरी कहानी बयां की जाएगी और सच को पर्दे पर दिखाया जाएगा.

पिछले कुछ सालों में लगातार कानूनी अड़चनों, आरोपों और जेल जाने तक की चुनौतियों से जूझ चुके सनोज मिश्रा का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. कुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा को ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ के जरिए ब्रेक देने से लेकर उनके केरल चले जाने तक की अनकही दास्तां इस फिल्म में दिखाई जाएगी.

मोनालिसा ने सनोज मिश्रा के दर्ज कराया था केस
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फिल्ममेकर सनोज मिश्रा ने कई बड़े और चौंकाने वाले खुलासे किए. उन्होंने कहा, ‘मोनालिसा मुझे अपने पिता जैसा मानती थी, लेकिन जब मैंने कुछ बातों का विरोध किया, तो उसने मुझ पर छेड़छाड़ का आरोप लगाकर केरल में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज करा दिया. यह सब मेरे खिलाफ रचे गए एक बड़े षड्यंत्र का हिस्सा था. सनोज मिश्रा ने शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन और अपने पूर्व निर्माता वसीम रिजवी पर भी निशाना साधा, जिन पर वह खुद 3 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का केस दर्ज करा चुके हैं. उन्होंने आगे बताया कि फिल्म ‘द डायरी ऑफ वेस्ट बंगाल’ के निर्माण के दौरान भी उन पर कई फर्जी मुकदमे दर्ज कराए गए थे और जान से मारने का प्रयास हुआ था. उस मुश्किल दौर में बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत उनके बचाव में आगे आई थीं.’

सनोज मिश्रा की जिंदगी पर आधारित है फिल्म

अब इस सच्चाई को सनोज मिश्रा के साथ एसोसिएट के तौर पर काम कर चुके निर्देशक कृपा शंकर सरोज और अभिलाष एस. गुप्ता अब बड़े पर्दे पर लाना चाहते हैं. उन्होंने सनोज के साथ रहकर जो अनुभव और सच्चाई देखी, उसी पर इस फिल्म का निर्माण किया जा रहा है. जिसमें ये बताने का प्रयास है कि बदनाम बॉलीवुड में एक सनातनी को जेल भेजने के लिए वसीम रिजवी ने कैसे एक लड़की को बहकाकर सनोज को भिजवाया, उसके बाद उसी लड़की ने न्यायालय में वसीम से पैसे लेकर इल्जाम लगाने की बात स्वीकार की और सनोज को न्यायालय ने बरी कर झूठे केस पर सवाल उठाए कि इससे न्याय व्यवस्था पर लोगों का विश्वास कम होता है.

सनोज मिश्रा को सुसाइड करने के आते थे ख्याल

सनोज मिश्रा ने आगे कहा, ‘कई बार मुझे लगा कि मैं सुसाइड कर लूं. सभी आरोपों के चलते मेरा मानसिक संतुलन बिगड़ने लगा. मेरी माता जी भी मानसिक रूप से परेशान हो गईं. यह फिल्म मेरे 35 साल के सफर की है. बचपन से ही बॉलीवुड में आने की ख्वाहिश थी. मैं 35 साल पहले भी तन्हा था, आज भी अकेला हूं. मोनालिसा को बेटी मानता था, उनके परिवार के साथ समय बिताया. लेकिन उसने जो मेरे साथ किया, उससे मेरा करियर प्रभावित हुआ.’

इतने आरोप लगे कि दिल से डर निकल गया

उन्होंने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए बताया, ‘मेरी जिंदगी खुली किताब है, इसी किताब का हिस्सा है यह फिल्म. मुझ पर इतने आरोप लगे और इतना सब देख लिया कि अब दिल से डर निकल गया है. मैं साधु हूं, आध्यात्मिक इंसान हूं. जनता तक बात पहुंचनी चाहिए, इसलिए इस फिल्म को सामने लाने की कोशिश की जा रही है. फिल्ममेकिंग मेरा बिजनेस नहीं है, मैं तो फकीर की तरह रहता हूं. मैं खुद इस फिल्म में लीड भूमिका निभा रहा हूं. इसमें ग्लैमर भी है और म्यूजिक का स्कोप भी है.’

इसी साल दिसंबर में फ्लोर पर जाएगी फिल्म

बताते चलें कि सनोज मिश्रा की यह मूवी आशिकॉम मीडिया प्राइवेट लिमिटेड बैनर तले बन रही है. जबकि इसकी कमान अनुभवी टीम के हाथों में है. फिल्म के लेखक दीपक सूथा, संगीतकार अधीर दत्ता, डीओपी इकबाल सिंह मेहरोक और एडिटर योगेश पांडेय हैं. मेकर्स ने फिल्म के लिए कलाकारों की कास्टिंग शुरू कर दी है और यह इसी साल दिसंबर में फ्लोर पर आ जाएगी. खास बात यह है कि फिल्म की शूटिंग ज्यादातर रियल लोकेशन्स पर की जाएगी.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj