‘पर्सनैलिटी राइट्स’ के लिए कोर्ट पहुंचीं कृति सेनन, कोर्ट ने सुनाया खास फरमान- ‘रिसर्च पेपर पेश करें’

Last Updated:October 16, 2026, 20:03 IST
कृति सेनन का ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ का मामला ऐसे समय में आया है, जब दिल्ली हाईकोर्ट में अभिनेताओं, खिलाड़ियों और अन्य मशहूर हस्तियों की ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ से जुड़ी याचिकाएं बढ़ रही है. ऐसे मामलों में आमतौर पर आरोप लगाया जा रहा है कि किसी व्यक्ति के नाम, तस्वीर, हुलिए, आवाज और उनकी पहचान से जुड़ी अन्य खासियतों का कमर्शियल मकसद से बिना अनुमति के इस्तेमाल किया गया. कोर्ट ने इन तमाम दावों के कानूनी नियमों की जांच की अहमियत पर जोर दिया.
ख़बरें फटाफट
कृति सेनन ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा. (फोटो साभार: Instagram@kritisanon)
नई दिल्ली: एक्ट्रेस कृति सेनन ने अपने ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ की सुरक्षा की मांग करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है. इस तरह के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए कोर्ट ने शुक्रवार 16 अक्टूबर को इन दावों से जुड़े कानूनी नियमों की जांच की जरूरत पर जोर दिया है. जस्टिस पुरषेंद्र कुमार कौरव ने कृति सेनन की ओर से पेश वकील प्रवीण आनंद से कहा कि वे ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ से जुड़े फैसलों और रिसर्च कॉन्टेंट को इकट्ठा करें. इसमें बताया जाना चाहिए कि इन अधिकारों के तहत किस हद तक सुरक्षा मिल सकती है और क्या हाईकोर्ट का ‘इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी डिवीजन’ ऐसे विवादों को सुलझाने के लिए अधिकार क्षेत्र में आता है या नहीं.
जज ने कहा कि इस तरह के मामले अक्सर कोर्ट के सामने आ रहे हैं, इसलिए इन कानूनी मुद्दों की जांच मौजूदा मामले के तथ्यों से परे जाकर करने की जरूरत है. कोर्ट ने वकील आनंद से ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ के दायरे को साफ करने को कहा. साथ ही, यह भी बताने को कहा कि किसी व्यक्ति की किन खासियतों को कानूनी सुरक्षा मिल सकती है और क्या ऐसे विवाद ‘इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी डिवीजन’ के अधिकार क्षेत्र में आते हैं. वकील आनंद ने बताया कि ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ में किसी व्यक्ति का नाम, आवाज, चेहरा, छवि, तस्वीरें और वीडियो शामिल हो सकते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे मामलों में एक मुख्य मुद्दा यह भी है कि किसी व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल उसकी सहमति या अनुमति के बिना व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए किया जाता है.
29 अक्टूबर को होगी अगली सुनवाईजस्टिस पुरषेंद्र कुमार कौरव ने वकील से कहा कि वे कोर्ट के सामने इससे जुड़े पिछले फैसलों और रिसर्च को पेश करें. कोर्ट ने कहा, ‘क्या आप मुझे कुछ रिसर्च पेपर दे सकते हैं? प्लीज एक कलेक्शन तैयार करें. मुझे ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ से जुड़े फैसले और इस पर आपकी समझ बताएं.’ कोर्ट ने आगे कहा कि इस कॉन्टेंट की जांच करने के बाद वे बड़ा फैसला देने पर विचार करेगा. वकील आनंद ने अदालत को बताया कि कलेक्शन आज ही दाखिल कर दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि कृति सेनन के केस में अधिकार क्षेत्र से जुड़ा कोई मुद्दा नहीं उठता है. इस मामले की अगली सुनवाई 29 अक्टूबर को होगी.
About the AuthorAbhishek NagarSenior Sub Editor
अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
October 16, 2026, 20:03 IST



