प्रतापगढ़ में हिस्ट्रीशीटर अजब खान पर बड़ा वार, 2.82 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, फार्म हाउस से वाहन तक किए जब्त

Last Updated:August 30, 2026, 07:06 IST
Pratapgarh Police Action: प्रतापगढ़ पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी अजब खान के खिलाफ बड़ी आर्थिक कार्रवाई की है. अरनोद थाना क्षेत्र में पुलिस ने धारा 68 के तहत उसकी करीब 2.82 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कराई है. कार्रवाई में दो फार्म हाउस, एक रिहायशी मकान, दो चौपहिया वाहन, चार मोटरसाइकिल और एक ट्रैक्टर शामिल हैं. पुलिस के अनुसार अजब खान के खिलाफ 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें पांच मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े हैं. खास बात यह है कि पुलिस ने दूसरे व्यक्तियों के नाम दर्ज ऐसी संपत्तियों पर भी कार्रवाई की है, जिनका वास्तविक कब्जा और इस्तेमाल अजब खान कर रहा था. पुलिस अब अन्य हार्डकोर अपराधियों की संपत्तियों की भी जांच कर रही है.
ख़बरें फटाफट
प्रतापगढ़ पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अजब खान की करीब 2.82 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कर दी
प्रतापगढ़. राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी अजब खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. अरनोद थाना क्षेत्र में पुलिस ने अजब खान की करीब 2.82 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कराई है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ऐसी संपत्तियों को भी अपने दायरे में लिया, जो कागजों में किसी दूसरे व्यक्ति के नाम दर्ज थीं, लेकिन जांच में उनका वास्तविक कब्जा और इस्तेमाल अजब खान के पास पाया गया.
अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की. फ्रीज की गई संपत्तियों में दो फार्म हाउस, एक रिहायशी मकान, दो चौपहिया वाहन, चार मोटरसाइकिल और एक ट्रैक्टर शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक इन सभी चल-अचल संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.82 करोड़ रुपये है.
अजब खान पर दर्ज हैं 13 आपराधिक मामले
प्रतापगढ़ एसपी विशाल जांगिड़ ने बताया कि अजब खान अरनोद थाने का हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी है. उसके खिलाफ कुल 13 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. इनमें पांच मामले मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित हैं. पुलिस लंबे समय से उसकी आपराधिक गतिविधियों और उनसे जुड़ी संपत्तियों की जांच कर रही थी. इस कार्रवाई में सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि पुलिस ने पहली बार किसी दूसरे व्यक्ति के नाम दर्ज संपत्ति पर भी कार्रवाई की है. जांच के दौरान सामने आया कि दस्तावेजों में किसी अन्य व्यक्ति के नाम होने के बावजूद संपत्ति पर वास्तविक कब्जा अजब खान का था और उसका इस्तेमाल भी वही कर रहा था. पुलिस ने वास्तविक कब्जे और इस्तेमाल को आधार मानते हुए ऐसी संपत्तियों को भी फ्रीज कराया है.
बेनामी संपत्तियों पर पुलिस की नजर
प्रतापगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को बेनामी तरीके से रखी गई संपत्तियों के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. पुलिस का कहना है कि अपराध और नशा तस्करी से अर्जित संपत्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. हार्डकोर अपराधियों की चल-अचल संपत्तियों की भी लगातार जांच की जाएगी. पुलिस के मुताबिक इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ना और आपराधिक गतिविधियों से अर्जित संपत्ति के इस्तेमाल पर रोक लगाना है. आने वाले दिनों में भी ऐसे अपराधियों की संपत्तियों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Pratapgarh,Rajasthan
First Published :
August 30, 2026, 07:06 IST



