Health

बाल झड़ना कब नॉर्मल और कब खतरे की घंटी? ये 5 संकेत बिल्कुल न करें नजरअंदाज

Hair Shedding Difference: कंघी करते समय, नहाने के बाद या तकिए पर बालों का दिखना आम बात है. मौसम बदलने के दौरान कई लोगों को बाल पहले से ज्यादा झड़ते हुए नजर आते हैं. ऐसे में अक्सर समझ नहीं आता कि यह मौसमी बदलाव का असर है या बालों का झड़ना किसी दूसरी समस्या का संकेत है. सामान्य तौर पर हर दिन कुछ बालों का झड़ना बालों के नेचुरल ग्रोथ साइकिल का हिस्सा है, लेकिन अगर बाल लगातार ज्यादा गिर रहे हैं.

उनकी मोटाई कम हो रही है या सिर पर खाली जगह दिखने लगी है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. आइए समझते हैं मौसमी हेयर फॉल और सामान्य बाल झड़ने में क्या फर्क होता है.

मौसमी बाल झड़ने और सामान्य हेयर फॉल में क्या फर्क है?

मौसमी बाल झड़ने की स्थिति में मौसम बदलने के आसपास बालों का गिरना बढ़ा हुआ महसूस हो सकता है. कुछ समय बाद यह परेशानी कम भी हो सकती है. हालांकि, हर बार मौसम को बाल झड़ने की वजह मानना सही नहीं है. वहीं, सामान्य हेयर फॉल में रोज कुछ बाल गिरते हैं और उनकी जगह नए बाल उगते रहते हैं. अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी के अनुसार, एक दिन में करीब 50 से 100 बाल झड़ना सामान्य है. बालों की लंबाई, उन्हें धोने और कंघी करने के तरीके से भी झड़े हुए बालों की संख्या अलग दिख सकती है.

इन लक्षणों से पहचानें बाल झड़ने की वजह
1. रोज थोड़े बाल गिरना सामान्य है

अगर कंघी करते समय या बाल धोने के बाद कुछ बाल हाथ में आते हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. बालों का एक नेचुरल ग्रोथ साइकिल होता है. इसमें पुराने बाल गिरते हैं और उनकी जगह नए बाल आते हैं. जब तक बालों की कुल मोटाई और घनापन सामान्य बना रहता है, तब तक यह आमतौर पर चिंता की बात नहीं होती.

2. मौसम बदलने पर बाल ज्यादा गिरना

कुछ लोगों को मौसम बदलने के आसपास हेयर फॉल ज्यादा महसूस होता है, लेकिन सिर्फ मौसम बदलने से ही बाल झड़ रहे हैं, यह मान लेना सही नहीं है. बालों का झड़ना बढ़ने के पीछे कई दूसरी वजहें भी हो सकती हैं, अगर कुछ समय तक बाल ज्यादा गिरने के बाद उनकी संख्या पहले जैसी हो जाती है और बालों का घनापन भी बना रहता है, तो यह अस्थायी बदलाव हो सकता है. फिर भी लगातार हेयर फॉल होने पर इसकी वजह जानना जरूरी है.

3. लगातार बाल पतले होना सामान्य नहीं

अगर बालों की मांग चौड़ी दिखने लगी है, सिर की त्वचा पहले से ज्यादा नजर आती है या माथे के पास बाल कम हो रहे हैं, तो यह सामान्य हेयर शेडिंग से अलग हो सकता है. यह पैटर्न हेयर लॉस या बालों की ग्रोथ से जुड़ी किसी समस्या का संकेत हो सकता है.

तनाव और बीमारी के बाद भी बढ़ सकता है हेयर फॉल

कई बार बाल झड़ने की वजह मौसम नहीं, बल्कि कुछ महीने पहले हुई कोई शारीरिक या मानसिक परेशानी होती है. तेज बुखार, गंभीर बीमारी, सर्जरी, बहुत ज्यादा तनाव, तेजी से वजन कम होना और डिलीवरी के बाद हार्मोन में बदलाव से बाल ज्यादा गिर सकते हैं. इस स्थिति को मेडिकल भाषा में टेलोजन एफ्लुवियम (Telogen Effluvium) कहते हैं. इसमें बालों के ग्रोथ साइकिल पर असर पड़ता है और सामान्य से ज्यादा बाल झड़ने लगते हैं. अक्सर इसका असर किसी बीमारी या तनाव वाली घटना के दो से चार महीने बाद दिखाई देता है. कई मामलों में यह परेशानी धीरे-धीरे ठीक हो जाती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए?

अगर बाल लगातार ज्यादा झड़ रहे हैं या सिर पर खाली जगह बनने लगी है, तो डर्मेटोलॉजिस्ट यानी त्वचा और बालों के डॉक्टर से मिलना चाहिए. खासतौर पर इन संकेतों को नजरअंदाज न करें.

सिर पर अचानक खाली पैच दिखाई देना.
बालों की मांग लगातार चौड़ी होना.
कुछ ही समय में बालों का घनापन कम होना.
सिर की त्वचा पर खुजली, लालिमा या पपड़ी होना.
कई महीनों तक ज्यादा बाल झड़ते रहना.

डॉक्टर जरूरत के अनुसार थायरॉइड, आयरन की कमी या दूसरी संभावित वजहों की जांच कराने की सलाह दे सकते हैं. बिना जांच के हेयर ग्रोथ सप्लीमेंट या दवाएं लेना सही नहीं है.

बालों को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?

बालों की देखभाल के लिए सबसे पहले खाने-पीने और हेयर केयर रूटीन पर ध्यान दें. खाने में प्रोटीन, आयरन और दूसरे जरूरी पोषक तत्वों वाली चीजें शामिल करें. बालों को बहुत कसकर न बांधें और बार-बार हीट स्टाइलिंग करने से बचें. गीले बालों को जोर से रगड़ने या खींचकर कंघी करने से भी बचना चाहिए.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj