Bikaner News: एक साथ खड़ी होंगी 75 इलेक्ट्रिक बसें, 8.50 करोड़ में तैयार हुआ बीकानेर में आधुनिक ई-बस डिपो

Last Updated:November 01, 2026, 16:38 IST
Bikaner News: बीकानेर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को लेकर 8.50 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक ई-बस डिपो तैयार किया गया है. करीब 5 बीघा में फैले इस डिपो में एक साथ 75 बसें खड़ी हो सकेंगी और 18 बसों को एक साथ चार्ज किया जा सकेगा. अब तक 11 इलेक्ट्रिक बसें यहां पहुंच चुकी हैं, पूरी तरह चार्ज होने पर ये बसें 200 से 250 किलोमीटर तक सफर कर सकेंगी.
बीकानेर. पेट्रोल-डीजल से चलने वाले वाहनों के बीच अब इलेक्ट्रिक बसें भी शहरों की परिवहन व्यवस्था का हिस्सा बन रही हैं. इसी दिशा में बीकानेर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को लेकर बड़ी तैयारी की गई है. महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के सामने करीब 5 बीघा जमीन पर ई-बस डिपो तैयार किया गया है. करीब 8 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बने इस डिपो में एक साथ 75 इलेक्ट्रिक बसों को खड़ा करने की व्यवस्था की गई है. खास बात यह है कि यहां एक समय में 18 बसों को चार्ज किया जा सकेगा, इसके लिए अलग-अलग चार्जिंग पॉइंट बनाए गए हैं.
डिपो में कार्य करने वाले लक्ष्मण सिंह ने बताया कि यहां फिलहाल 9 मीटर लंबाई वाली इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा. इन बसों को एक बार पूरी तरह चार्ज होने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगता है. एक बार चार्ज होने के बाद ये बसें 200 से 250 किलोमीटर तक सफर कर सकती हैं. आने वाले समय में यहां 11 मीटर लंबाई वाली इलेक्ट्रिक बसें भी आएंगी. इससे शहर में इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े का विस्तार होगा और परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी.
करीब 5 बीघा में फैला है डिपो
सिंह ने बताया कि करीब 5 बीघा में फैले इस डिपो को आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है. यहां 75 बसों के खड़े होने के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं. इसके अलावा प्रशासनिक भवन और वर्कशॉप का निर्माण भी किया गया है. वर्कशॉप में बसों के रखरखाव और तकनीकी खराबियों को ठीक करने की व्यवस्था रहेगी. बसों की नियमित सफाई के लिए वाशिंग लाइन बनाई गई है. वहीं पानी की जरूरत को पूरा करने के लिए पानी की टंकी और वाटर पंप भी लगाए गए हैं. उन्होंने बताया कि डिपो में बसों की सुरक्षा को भी ध्यान में रखा गया है.
यहां हर चार बसों के बीच फायर लेन बनाई गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में अग्निशमन और राहत कार्यों में परेशानी नहीं हो. इलेक्ट्रिक बसों में बैटरी और चार्जिंग सिस्टम होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है. ऐसे में डिपो में फायर लेन की व्यवस्था की गई है. लक्ष्मण बताते हैं कि ई-बस डिपो में बसों की आवक भी शुरू हो चुकी है. शुरुआत में यहां 5 इलेक्ट्रिक बसें पहुंची थीं। इसके बाद अब 6 और बसें आ चुकी हैं. इस तरह अब तक कुल 11 बसें डिपो में पहुंच चुकी हैं. आने वाले समय में अन्य बसें भी यहां पहुंचेंगी. 75 बसों की क्षमता वाला यह डिपो भविष्य में बीकानेर की इलेक्ट्रिक परिवहन व्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Bikaner,Rajasthan
First Published :
November 01, 2026, 16:38 IST



