Rajasthan

यूक्रेन में भरतपुर के कारोबारी की फैक्ट्री पर रूसी ड्रोन से हमला, फार्मा यूनिट तबाह, 500 करोड़ का नुकसान

भरतपुर. रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच युद्ध बदस्तूर जारी है. इस युद्ध की चपेट में भारतीय कारोबारी भी अब आने लगे है. यूक्रेन के सूमी शहर में भरतपुर के कारोबारी राजीव गुप्ता की दवा फैक्ट्री कुसुम फार्मा पर रूसी ड्रोन से हमला हुआ है. रूसी ड्रोन से हमला 4 अक्टूबर को होने की बात सामने आई है. इस हमले में  फैक्ट्री की मुख्य बिल्डिंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर तबाह हो गई. ड्रोन के हमले के चपेट में आकर एक इंजीनियर की मौत हो गई, जबकि कई कर्मचारियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि फैक्ट्री को निशाना बनाने के लिए करीब आठ ड्रोन का इस्तेमाल किया गया. हमले के बाद फैक्ट्री परिसर और आसपास के इलाके में धुएं का गुबार छा गया.

कंपनी को करीब 500 करोड़ रुपए तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. राजीव के चचेरे भाई राजकुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गनीमत रही कि हमला रविवार को हुआ, जिसके कारण फैक्ट्री में सामान्य दिनों की तुलना में स्टाफ कम था. इससे बड़े जान-माल के नुकसान को टाला जा सका. घटना के समय राजीव गुप्ता यूक्रेन की राजधानी कीव में थे, इसलिए वे सुरक्षित हैं. हमले के बाद फैक्ट्री में दवा उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है. सूमी स्थित यह फैक्ट्री रूस की सीमा से करीब 23 किलोमीटर दूर है और युद्ध शुरू होने के बाद भी यहां लगातार उत्पादन जारी था. इस हमले ने न केवल कंपनी को बड़ा आर्थिक झटका दिया है, बल्कि यूक्रेन में कारोबार कर रहे भारतीय उद्यमियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है.

2009 में सूमी शहर में अपनी दवा निर्माण की फैक्ट्री स्थापित की थी

57 वर्षीय राजीव गुप्ता भरतपुर शहर के मूल निवासी हैं. उनके चचरे भाई राजकुमार गुप्ता ने बताया कि राजीव गुप्ता ने पहले भारत से यूक्रेन में दवाओं का आयात शुरू किया था. इसके बाद 1994 में भारत से यूक्रेन दवाएं भेजने वाली डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी के तौर पर कारोबार शुरू किया था.  इसके बाद 2009 में उन्होंने यूक्रेन के सूमी शहर में अपनी दवा निर्माण फैक्ट्री स्थापित की. उनकी कंपनी कुसुम हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड 50 से अधिक तरह की जेनेरिक दवाओं का उत्पादन करती है.

9 से अधिक देशों में फैला हुआ है दवा का कारोबार

राजीव के चचेरे भाई राजकुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि कुसुम ग्रुप का मुख्यालय यूक्रेन की राजधानी कीव में है, जबकि फार्मा फैक्ट्री सूमी में स्थित है. कंपनी का कारोबार यूक्रेन के अलावा उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, फिलीपींस, ईरान, दुबई, यूएई, ब्रिटेन और इटली समेत कई देशों तक फैला है. उनकी कंपनी 50 से अधिक तरह की जेनेरिक दवाएं बनाती है और भारत में भी कंपनी की दो यूनिट हैं. इनमें एक राजस्थान के भिवाड़ी और दूसरी मध्य प्रदेश के पीथमपुर में स्थित है. राजीव गुप्ता का परिवार वर्तमान में लंदन में रहता है. उन्होंने बताया कि हमले में फैक्ट्री की मुख्य बिल्डिंग पूरी तरह नष्ट हो गई है और ड्रोन हमले के बाद इसका संचालन ठप हो गया है.

एक साल पहले भी दवा फैक्ट्री पर हो चुका है हमला

करीब एक साल पहले भी इसी फैक्ट्री को निशाना बनाया गया था. उस हमले में भी कंपनी को काफी नुकसान हुआ था. इसके बावजूद युद्ध के बीच फैक्ट्री में दवा उत्पादन जारी रखा गया. अब ताजा ड्रोन हमले के बाद फैक्ट्री का संचालन पूरी तरह बंद हो गया है. स्थानीय स्तर पर बचाव कार्य और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj