राजौरी: सेना को मिला आतंकियों का ठिकाना, जमा कर रखा था दहशत का हर सामान, भारी तादाद में गोला-बारूद बरामद

Last Updated:October 28, 2026, 20:52 IST
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में भारतीय सेना को सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ी सफलता मिली है. सुरक्षा बलों ने आतंकियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ कर भारी मात्रा में दहशत का सामान बरामद किया है. बरामद हुए सामान में राइफल और पिस्तौल के राउंड, यूबीजीएल ग्रेनेड, हैंड ग्रेनेड, एके मैगजीन और अन्य विस्फोटक सामग्रियां शामिल हैं.राजौरी में सुरक्षा बलों के तलाशी अभियान के दौरान बरामद किए गए हथियार और गोला-बारूद.
जम्मू-कश्मीर न्यूज. राजौरी जिले में मौजूद आतंकियों के ठिकाने को भारतीय सेना ने खोज निकाला है. इस ठिकाने पर आतंकियों में दहशत का हर सामान जमा कर रखा था. मौके से भारतीय सेना की टीम ने एक राइफल के 237 राउंड सहित भारी तादाद में गोला बारूद बरामद किया है. इसके अलावा, मौके से पिस्तौल के 16 राउंड, पीके राउंड बेल्ट के 101 राउंड, अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (यूबीजीएल) के 4 राउंड और 3 हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए गए हैं.
60 राष्ट्रीय राइफल्स (नागा) बटालियन की इस कार्रवाई में मौके से गोला-बारूद के अलावा एक एके बेनेट, दो एके मैगजीन, एक कैरी बैग और एक ग्राउंड शीट भी बरामद की है. बरामद हथियारों और दूसरी सामग्री को कब्जे में लेकर उनकी जांच की जा रही है. सुरक्षा बल अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि आतंकी ठिकाने पर मिले हथियारों और गोला-बारूद का इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था. साथ ही, इस सामान के पीछे किसका हाथ है और इसका किस आतंकी नेटवर्क से कनेक्शन है.
उल्लेखनीय है कि इलाके में आतंकियों की संभावित गतिविधियों को देखते हुए भारतीय सेना ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया था. सर्च ऑपरेशन के दौरान, रिहायशी इलाकों के आसपास के साथ-साथ जंगल के अंदर भी कार्रवाई की जा रही है. इस ऑपरेशन में उन सभी जगहों को तलाशा जा रहा है, जहां आतंकी छिप सकते हैं.
About the AuthorLocation :
Jammu and Kashmir
First Published :
October 28, 2026, 20:52 IST



