लड़ते-लड़ते मिठाई की दुकान में घुसे दो सांड, गर्म जलेबी की कड़ाही सड़क पर पलटी, व्यापारी बाल-बाल बचे

Last Updated:October 01, 2026, 12:07 IST
Jhunjhunu Chirawa Bull Fight: झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे के मुख्य बाजार में दो सांडों की लड़ाई के दौरान बड़ा हादसा टल गया. लड़ते-लड़ते सांड मिठाई की दुकान में जा घुसे, जिससे जलेबी की कड़ाही सड़क पर बिखर गई. व्यापारी और उनका बेटा बाल-बाल बचे. इसके बाद एक सांड पास की मोबाइल दुकान में घुस गया. सांड के कान में टैग मिलने से गौशाला व्यवस्था और नगरपालिका पर सवाल उठ रहे हैं. व्यापारियों ने आरोप लगाया कि गौशाला से सांड वापस बाजार में आ रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से सांडों की स्थायी व्यवस्था और कड़े कदम उठाने की मांग की है.
ख़बरें फटाफट
चिड़ावा में मिठाई दुकान में घुसे दो सांड, बाल-बाल बचे लोग
झुंझुनूं: झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे के मुख्य बाजार में बेसहारा सांडों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. मुख्य बाजार में अचानक दो सांडों के बीच छिड़ी आक्रामक लड़ाई ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया. लड़ते-लड़ते दोनों सांड अचानक सड़क किनारे स्थित एक मिठाई की दुकान में जा घुसे. इस खौफनाक हादसे में दुकान पर मौजूद व्यापारी और उनका बेटा बाल-बाल बच गए. हालांकि, दुकान के बाहर रखी जलेबी की गर्म कड़ाही और उसमें बन रही जलेबियां सड़क पर बिखर गईं. इसके तुरंत बाद एक सांड पास ही स्थित मोबाइल की दुकान में भी जा घुसा, जिसे स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चिड़ावा बाजार में सामान्य दिनों की तरह चहल-पहल थी कि तभी अचानक दो बड़े सांड आपस में भिड़ गए. देखते ही देखते उनकी लड़ाई इतनी उग्र हो गई कि वे नियंत्रित होना भूल गए और भागते-भागते मिठाई की दुकान में जा घुसे. सांडों की टक्कर इतनी तेज थी कि वहां रखा कड़ाही का स्टैंड पलट गया और खौलते हुए तेल व जलेबियां सड़क पर जा गिरीं. गनीमत रही कि गर्म तेल किसी व्यापारी या राहगीर पर नहीं गिरा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. इसके बाद भगदड़ मच गई और एक सांड पास की मोबाइल दुकान में घुस गया. मोबाइल व्यापारी और ग्राहकों ने जैसे-तैसे भागकर अपनी जान बचाई. काफी देर तक चले हंगामे के बाद स्थानीय लोगों ने लाठियों व रस्सियों के सहारे सांड को दुकान से बाहर खदेड़ा.
झुंझुनूं के चिड़ावा बाजार में दो सांडों की लड़ाई में बड़ा हादसा टला. मिठाई की दुकान में घुसे सांड, जलेबी की कड़ाही बिखरी. कान में लगा टैग मिलने से बवाल. pic.twitter.com/NZSToesNfB



