वायरल तस्वीर का फैक्ट चेक, IAS नहीं हैं मोनिका यादव, कलेक्टर परिवार से खास नाता

Last Updated:September 21, 2026, 13:30 IST
IRTS Monika Yadav Viral Photo: सोशल मीडिया पर राजस्थानी वेशभूषा में बच्चे के साथ वायरल हो रही फोटो को आईएएस मोनिका यादव का बताया जा रहा है. यह दावा एकदम फर्जी है. जानिए सीए से डीएसपी और फिर आईआरटीएस अफसर बनीं मोनिका यादव की पूरी कहानी.IRTS Monika Yadav Viral Photo: आईआरटीएस मोनिका यादव ने पहले प्रयास में सीए परीक्षा पास कर ली थी
नई दिल्ली (IRTS Monika Yadav Viral Photo). सोशल मीडिया अजीब-गजब दावों और वायरल तस्वीरों से भरा हुआ है. यहां कभी-कभी पुरानी तस्वीरें नए कैप्शन के साथ ऐसे फैलती हैं कि सच और झूठ का फर्क करना मुश्किल हो जाता है. इंटरनेट पर राजस्थानी पारंपरिक वेशभूषा में एक महिला की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसकी गोद में नवजात शिशु भी है. वायरल फोटो के साथ दावा किया जा रहा है कि यह महिला देश की चर्चित आईएएस अधिकारी मोनिका यादव हैं, जबकि असल में ऐसा है नहीं.
वायरल फोटो में नजर आ रही महिला वाकई मोनिका यादव ही हैं, लेकिन उनके आईएएस होने का दावा फर्जी और बेबुनियाद है. सोशल मीडिया पर बिना पूरी जानकारी के किसी भी खबर को सच मान लेना कितना खतरनाक हो सकता है, यह मामला उसकी बेहतरीन मिसाल है. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि मोनिका यादव 22 साल की उम्र में आईएएस बनी थीं. जानिए वायरल फोटो में नजर आ रही मोनिका यादव कौन हैं और इस अफसर की पूरी कहानी क्या है.
सीए, डीएसपी और फिर आईआरटीएस में अफसर बनने का सफर
मोनिका यादव मूल रूप से राजस्थान के सीकर जिले के श्रीमाधोपुर ब्लॉक के गांव लिसाड़िया की रहने वाली हैं. उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर एक के बाद एक कई बड़े मुकाम हासिल किए. यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2017 में उन्होंने 403वीं रैंक हासिल की थी. इसके बाद उन्हें भारतीय रेल यातायात सेवा (IRTS) में नौकरी मिली. इससे पहले वह अपने पहले ही प्रयास में चार्टर्ड अकाउंटेंट बन चुकी थीं. उन्होंने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की परीक्षा पास करके राज्य पुलिस में डीएसपी (DSP) का पद भी हासिल किया था.
क्या है उस वायरल तस्वीर की पूरी सच्चाई?
सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रही यह तस्वीर नई नहीं, बल्कि करीब 6 साल पुरानी है. 2020 में भी यह फोटो इंटरनेट पर वायरल हुई थी. यह तस्वीर उस वक्त की है, जब मोनिका की पहली बेटी का जन्म हुआ था. तब उन्होंने राजस्थानी लिबास में अपनी नवजात बच्ची के साथ यह खूबसूरत पल कैमरे में कैद किया था. वर्तमान में मोनिका यादव अजमेर में डिविजनल कमर्शियल मैनेजर के पद हैं. लखनऊ स्थित भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान में ट्रेनिंग के दौरान उन्हें बेस्ट परफॉर्मर का अवॉर्ड भी मिल चुका है.
प्रशासनिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं मोनिका यादव
मोनिका यादव का परिवार प्रशासनिक सेवा में है. इनके पति और पिता भी देश की सेवा कर रहे हैं. मोनिका यादव के पिता हरफूल सिंह यादव राजस्थान सिविल सेवा के अधिकारी रहे हैं और प्रमोट होकर आईएएस बने. वह वर्तमान में बूंदी के जिला कलेक्टर हैं. वहीं, मोनिका के पति सुशील यादव हरियाणा के महेंद्रगढ़ के रहने वाले हैं. वह 2017 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में राजस्थान के बालोतरा जिले में तैनात हैं. एक ही परिवार में पिता, पति और बेटी का प्रशासनिक सेवाओं में होना अपने आप में अनूठा रिकॉर्ड है.
About the Authorदीपाली पोरवालSenior Sub Editor
Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is kno…
September 21, 2026, 13:30 IST



