‘हनुमान अंश’ देख बदली शहजाद पूनावाला की किस्मत? मिला ‘द राइज एंड फॉल’ का ऑफर, स्वरा भास्कर को क्यों दी चेतावनी

Last Updated:September 26, 2026, 16:51 IST
The Rise And Fall Season 2 Update: बीजेपी छोड़ने और फाइनेंशियल दिक्कतों के बाद शहजाद पूनावाला ने रियलिटी शो ‘द राइज एंड फॉल सीजन 2’ में एंट्री ली है. उन्होंने बताया कि कैसे ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखने के बाद उन्हें नीम करौली बाबा के आशीर्वाद से यह शो मिला. इसके साथ ही शहजाद ने शो की कंटेस्टेंट स्वरा भास्कर को भी खुली चुनौती दी है. जानिए इंटरव्यू की पूरी डिटेल्स.शहजाद पूनेवाला
नई दिल्ली: पूर्व बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला अब टीवी की दुनिया के एक बिल्कुल नए रास्ते पर कदम रख चुके हैं. एक्टिव पॉलिटिक्स से ब्रेक लेकर प्राइवेट सेक्टर में वापस लौटने वाले शहजाद अब चर्चित रियलिटी शो ‘द राइज एंड फॉल सीजन 2’ में नजर आ रहे हैं. इस शो में उनके साथ कई पॉपुलर सेलिब्रिटीज, इन्फ्लुएंसर्स और स्वरा भास्कर जैसी चर्चित हस्तियां भी शामिल हैं.
एक इंटरव्यू में शहजाद ने पॉलिटिक्स छोड़ने, पैसों की तंगी और इस रियलिटी शो में आने को लेकर बेहद बेबाकी से बात की है.
नीम करौली बाबा के आशीर्वाद से मिला शो
शहजाद पूनावाला ने बताया कि जब उन्होंने बीजेपी छोड़ने का फैसला किया, तो वह प्राइवेट सेक्टर में वापसी का प्लान बना रहे थे. हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में शहजाद ने हंसते हुए कहा कि उन्हें भी हर आम इंसान की तरह अपना किराया भरना होता है. जब वह अपने फ्यूचर को लेकर सोच रहे थे, तभी उन्होंने ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखी. इसके ठीक अगले ही दिन उन्हें ‘द राइज एंड फॉल सीजन 2’ से कॉल आ गया. नीम करौली बाबा और हनुमान जी के पक्के भक्त शहजाद ने इसे बाबा का आदेश और आशीर्वाद माना और बिना देर किए शो के लिए हां कह दिया.
बीजेपी से अलग होने की असली वजह बताई
शहजाद ने पॉलिटिक्स छोड़ने की वजह भी साफ की. उन्होंने बताया कि पार्टी से उनका कोई मनमुटाव या झगड़ा नहीं था. वह बीजेपी और पीएम मोदी से बहुत प्यार करते हैं. उन्होंने 2024 के चुनाव के बाद ही प्राइवेट सेक्टर में लौटने का प्लान बनाया था, लेकिन वह दो साल और रुक गए. शहजाद ने कहा कि फाइनेंशियल दिक्कतों की वजह से उन्हें मजबूरी में यह भारी मन से फैसला लेना पड़ा. पार्टी से उनका अलग होना बहुत ही मैच्योर और सहमति के साथ हुआ है और वह आगे भी अलग तरीके से बीजेपी से जुड़े रहेंगे.
टीवी डिबेट्स ने रियलिटी शो के लिए किया तैयार
सालों तक टीवी डिबेट्स में अपनी बात रखने वाले शहजाद का मानना है कि इस एक्सपीरियंस ने उन्हें कैमरे के प्रेशर को हैंडल करना सिखा दिया है. उन्होंने कहा कि डिबेट में तो सिर्फ आधे या एक घंटे का वक्त मिलता है, जहां आप हीरो या विलेन बन सकते हैं. लेकिन रियलिटी शो ‘द राइज एंड फॉल सीजन 2’ में पूरे 24 घंटे का टाइम मिलता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक इस शो में उनका असली, हंसमुख और मजाकिया रूप देख पाएंगे. वह कोई बुरे इंसान नहीं हैं बल्कि बहुत ही सुलझे हुए इंसान हैं.
स्वरा भास्कर के बयानों को चुनौती देने की तैयारी
‘द राइज एंड फॉल सीजन 2’ की दूसरी कंटेस्टेंट स्वरा भास्कर को लेकर शहजाद ने बहुत कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि राम मंदिर, कश्मीर और ‘पद्मावत’ फिल्म के जौहर सीन पर स्वरा के विचार काफी प्रॉब्लमैटिक रहे हैं. शहजाद ने साफ किया कि अगर स्वरा देश या समाज के खिलाफ जहर उगलेंगी तो वह उन्हें बिल्कुल नहीं बख्शेंगे. हालांकि अगर बात घर के आम मुद्दों तक रहेगी, तो उन्हें कोई दिक्कत नहीं है. शहजाद ने कहा कि वह स्वरा को छोड़कर बाकी सभी कंटेस्टेंट्स के काम की इज्जत करते हैं.
जेन जी तक देश के कल्चर का मैसेज पहुंचाने का प्लान
शहजाद ने कहा कि उनका मकसद सिर्फ शो जीतना या हारना नहीं है. वह ‘द राइज एंड फॉल सीजन 2’ के प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल युवा पीढ़ी और जेन जी को देश के कल्चर और वैल्यूज के बारे में बताने के लिए करना चाहते हैं. वह अपनी बात मॉडर्न भाषा में युवाओं तक पहुंचाएंगे. आपको बता दें कि विरेंदर सहवाग के होस्ट वाले इस रियलिटी शो ‘द राइज एंड फॉल सीजन 2’ में प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी और सारा गुरपाल समेत 15 कंटेस्टेंट्स नजर आ रहे हैं.
About the Authorगार्गी द्विवेदीSub Editor
मैं इस समय हिंदी टीम का हिस्सा हूं. हिंदी पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 4 साल से ज्यादा का अनुभव है और फिलहाल मैं सब एडिटर के पद पर हूं.
इससे पहले मैंने, दै…
September 26, 2026, 16:49 IST



