‘हनुमान अंश’ ही नहीं, इन 4 हिट फिल्मों ने भी पलटी हारी हुई बाजी, 1 ने धीमी रफ्तार के बाद की थी 400 करोड़ की कमाई

Last Updated:September 08, 2026, 20:20 IST
बॉक्स ऑफिस पर किसी फिल्म की किस्मत का अंदाजा सिर्फ उसकी ओपनिंग से लगाना हमेशा सही नहीं होता. कई बार फिल्में शुरुआत में कुछ खास कमाल नहीं कर पातीं. पहले दिन कम कमाई होती है, स्क्रीन भी कम मिलती हैं और दर्शकों की संख्या भी उम्मीद से कम रहती है. लेकिन कुछ फिल्मों की कहानी यहीं खत्म नहीं होती. उन फिल्मों की कहानी धीरे-धीरे लोगों को अपनी ओर खींचती है और फिर तहलका मचा देती हैं. ‘हनुमान अंश’ भी उन्हीं में से एक हैं, आइए जानते हैं पांच ऐसी ही फिल्मों के बारे में जो शुरुआत में धीमी गति से आगे बढ़ी फिर कमाई से हैरान कर गईं.
नई दिल्ली. इन दिनों नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’लोगों का ध्यान खींच रही है. महज 2 करोड़ की लागत से बनी ये फिल्म बिना किसी शोर-शराबे से, बिना किसी प्रमोशन के साथ सिनेमाघरों में रिलीज हुई और आज तहलका मचा रही हैं. माउथ पब्लिसिटी काम करती है, ये इस फिल्म ने साबित कर दिया. इससे पहले भी चार और फिल्में शुरुआत में धीरे आगे बढ़ी और बाद में बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कमाल कर गईं कि हर कोई हैरान हो गया था.
इनमें पहली तो ‘हनुमान अंश’ ही है. बेहद धीमी शुरुआत के साथ आगे बढ़ने वाली इस फिल्म ने बाद में रफ्तार पकड़ ली. नीम करौली बाबा के जीवन और उनके आध्यात्मिक सफर से जुड़ी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के बाद धीरे-धीरे अपनी जगह बनाई. फिल्म ने शुरुआत में सिर्फ 25 स्क्रीन पर दस्तक दी थी. पहले दिन इसकी नेट कमाई करीब 10 लाख रुपये रही. पहले हफ्ते में फिल्म लगभग 1.08 करोड़ रुपये ही कमा सकी. दूसरे हफ्ते में भी इसकी कमाई करीब 40 लाख रुपये तक सिमट गई.लेकिन पांचवें हफ्ते के शुरुआती तीन दिनों में ही फिल्म ने 49 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए. इसके बाद 31वें दिन तक फिल्म का नेट कलेक्शन करीब 122.13 करोड़ रुपये पहुंच गया था. इसके बाद भी इसकी कमाई जारी रही. विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शोभिनव सत्य ने नीम करौली बाबा का किरदार निभाया है. फिल्म के लेखक, निर्देशक और निर्माता भी विशाल चतुर्वेदी हैं.
इसके अलावा पांच फिल्मों में से दूसरी है, ‘द कश्मीर फाइल्स’.साल 2022 में रिलीज हुई ‘द कश्मीर फाइल्स’ की शुरुआत भी बहुत बड़ी नहीं थी. फिल्म ने पहले दिन करीब 3.55 करोड़ रुपये की कमाई की थी. उस वक्त शायद ही किसी ने सोचा होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म बॉक्स ऑफिस पर इतना बड़ा असर छोड़ेगी.
Add as Preferred Source on Google
फिल्म की कहानी कश्मीरी पंडितों के पलायन और 1990 के दशक में उनके साथ हुई हिंसा के मुद्दे पर आधारित थी. विषय संवेदनशील था, इसलिए फिल्म को लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर तक खूब चर्चा हुई. फिल्म को लेकर विवाद भी हुआ. इस लगातार चल रही चर्चा ने भी फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई. पहले दिन फिल्म कुछ खास कमाल नहीं कर सकीं. लेकिन दूसरे और तीसरे दिन फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल आया. दर्शकों की प्रतिक्रिया लगातार सामने आने लगी और फिल्म की डिमांड बढ़ती चली गई. नतीजा यह हुआ कि इसके शो और स्क्रीन बढ़ाने पड़े. फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी और चिन्मय मंडलेकर जैसे कलाकार नजर आए थे.
तीसरी है, ‘कांतारा’. ऋषभ शेट्टी की कन्नड़ फिल्म ‘कांतारा’ भी उन फिल्मों में शामिल है, जिसने अपनी शुरुआती कमाई से ज्यादा बाद की रफ्तार से लोगों को चौंकाया. 30 सितंबर 2022 को रिलीज हुई इस फिल्म ने भारत में पहले दिन करीब 1.95 करोड़ रुपये की कमाई की थी.
फिल्म की कहानी, स्थानीय संस्कृति और खासकर इसके क्लाइमेक्स की चर्चा धीरे-धीरे लोगों के बीच फैलने लगी. इसके बाद फिल्म की कमाई बढ़ती चली गई. जब इसका हिंदी वर्जन रिलीज हुआ तो उसने भी शुरुआत में करीब 1.5 करोड़ रुपये कमाए, लेकिन बाद में इसकी पकड़ मजबूत होती गई.हिंदी वर्जन ने चौथे वीकेंड में करीब 4.5 करोड़ रुपये की एक दिन की कमाई की, जो उसके लिए बड़ा रिकॉर्ड था. यानी रिलीज के काफी समय बाद फिल्म ने अपनी सबसे मजबूत पकड़ बनाई.’कांतारा’ में ऋषभ शेट्टी ने एक्टिंग के साथ निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभाली थी.फिल्म ने वर्ल्डवाइड 400 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया.
चौथी है, ’12वीं फेल’. विक्रांत मैसी और मेधा शंकर की ’12वीं फेल’ भी शुरुआत में बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ी फिल्म नहीं लग रही थी. 27 अक्टूबर 2023 को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन करीब 1.10 करोड़ रुपये कमाए थे. हालांकि फिल्म देखने वाले दर्शकों और समीक्षकों को इसकी कहानी पसंद आई. फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी सादगी और संघर्ष की कहानी थी. धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर इसके बारे में बातें होने लगीं. दर्शक अपने दोस्तों और परिवार के लोगों को फिल्म देखने की सलाह देने लगे.माउथ पब्लिसिटी का फायदा फिल्म को साफ तौर पर मिला और सिनेमाघरों में इसके शो बढ़ने लगे.
पांचवी है, ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’. विकी कौशल की ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ की शुरुआत बाकी फिल्मों से बेहतर थी, लेकिन इसकी खासियत यह रही कि रिलीज के बाद इसकी कमाई लगातार मजबूत बनी रही. साल 2019 में रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन करीब 8.20 करोड़ रुपये कमाए थे. पहले वीकेंड तक इसका कलेक्शन करीब 35.73 करोड़ रुपये पहुंच गया था. विकी कौशल ने इसमें मेजर विहान सिंह शेरगिल का किरदार निभाया था. इस फिल्म की सफलता सिर्फ शुरुआती कमाई पर निर्भर नहीं रही.देखते ही देखते फिल्म ने खूब कमाई की और ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
September 08, 2026, 20:20 IST



