स्किन इंफेक्शन होने पर अंडा खाना चाहिए या नहीं? जानिए डॉक्टर की राय

त्वचा पर इंफेक्शन होने पर लोग अक्सर अपनी डाइट को लेकर सतर्क हो जाते हैं. इस दौरान अंडा खाना चाहिए या नहीं, इसे लेकर भी कई तरह की बातें सुनने को मिलती हैं. कुछ लोगों का मानना है कि अंडा खाने से स्किन इंफेक्शन बढ़ सकता है. लेकिन क्या वाकई अंडा इंफेक्शन को ज्यादा खराब करता है?
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरहारिका गोयल, एमडी – डर्मेटोलॉजिस्ट, स्वास्तम वेलनेस स्किन, नई दिल्ली के अनुसार, आमतौर पर अंडा खाने से स्किन इंफेक्शन ज्यादा खराब नहीं होता. अंडा प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स का स्रोत है, जो शरीर को पर्याप्त पोषण देने में मदद करते हैं. हालांकि, जिन लोगों को अंडे से एलर्जी या संवेदनशीलता है, उन्हें इसे खाने के बाद त्वचा से जुड़ी प्रतिक्रिया हो सकती है.
अंडा खाने से स्किन इंफेक्शन बढ़ता है क्या?
सिर्फ स्किन इंफेक्शन होने की वजह से अंडे को डाइट से हटाना जरूरी नहीं है. अंडे में मौजूद प्रोटीन शरीर की सामान्य रिकवरी और मांसपेशियों के रखरखाव के लिए जरूरी पोषण देने में मदद करता है. हालांकि, अगर किसी व्यक्ति को पहले से अंडे से एलर्जी है, तो उसे इसे खाने के बाद अलग तरह की समस्या हो सकती है. इसलिए अंडा खाने के बाद होने वाली हर त्वचा संबंधी परेशानी को इंफेक्शन बढ़ने से जोड़ना सही नहीं है.
अंडे से एलर्जी के क्या लक्षण हैं?
डॉ. नीरहारिका गोयल के मुताबिक, कुछ लोगों में अंडा खाने के बाद खुजली, पित्ती यानी उभरे हुए लाल चकत्ते, त्वचा में जलन या सूजन जैसी समस्या हो सकती है. यह स्किन इंफेक्शन से अलग स्थिति है. फूड एलर्जी में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली किसी खास खाद्य पदार्थ के प्रति प्रतिक्रिया करती है. वहीं स्किन इंफेक्शन आमतौर पर बैक्टीरिया, फंगस या वायरस जैसे सूक्ष्मजीवों की वजह से होता है. इसलिए अगर अंडा खाने के बाद बार-बार त्वचा पर कोई प्रतिक्रिया दिखाई देती है, तो इसे नजरअंदाज करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है.
स्किन इंफेक्शन किन वजहों से होता है?
स्किन इंफेक्शन के कई कारण हो सकते हैं. कट, घाव या त्वचा के क्षतिग्रस्त होने पर बैक्टीरिया शरीर में प्रवेश कर सकते हैं. वहीं फंगल इंफेक्शन गर्म और नमी वाले हिस्सों में ज्यादा आसानी से पनप सकते हैं. कुछ वायरल इंफेक्शन भी त्वचा पर लाल चकत्ते, छाले या घाव जैसे लक्षण पैदा कर सकते हैं. इसलिए इंफेक्शन का सही कारण पता करना जरूरी है, क्योंकि हर तरह के इंफेक्शन का इलाज एक जैसा नहीं होता.
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
स्किन इंफेक्शन में प्रभावित हिस्से पर लालिमा, गर्माहट, सूजन, दर्द, खुजली या पस दिखाई दे सकती है. कुछ लोगों को इसके साथ बुखार भी हो सकता है. अगर त्वचा की समस्या तेजी से फैल रही है, सूजन या पस बढ़ रही है, दर्द काफी ज्यादा है या बुखार आ रहा है, तो डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए. समय पर जांच से इंफेक्शन के कारण का पता लगाने और सही इलाज शुरू करने में मदद मिल सकती है.
क्या स्किन इंफेक्शन में अंडा छोड़ देना चाहिए?
अगर आपको अंडे से एलर्जी नहीं है और इसे खाने के बाद कोई असामान्य प्रतिक्रिया नहीं होती, तो सिर्फ स्किन इंफेक्शन की वजह से अंडा छोड़ने की जरूरत आमतौर पर नहीं होती. इसे संतुलित डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है. लेकिन अगर अंडा खाने के बाद हर बार खुजली, पित्ती, त्वचा पर चकत्ते या सूजन जैसी समस्या होती है, तो खुद से अंडा या कई दूसरे खाद्य पदार्थ बंद करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लें. इससे यह समझने में मदद मिल सकती है कि समस्या फूड एलर्जी, किसी अन्य त्वचा की स्थिति या इंफेक्शन से जुड़ी है.



