हनुमान बेनीवाल की दो भाभियों में चुनावी जंग, छोटी ने बड़ी को दी पटखनी, जानें कितना रहा अंतर

Last Updated:October 25, 2026, 10:08 IST
Nagaur Panchayat Chunav: राजस्थान के नागौर जिले में पंचायत चुनाव 2026 का एक ऐसा परिणाम सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया है. बरण ग्राम पंचायत में सरपंच की कुर्सी के लिए सांसद हनुमान बेनीवाल की दो भाभियां आमने-सामने थीं. सबसे दिलचस्प बात यह है कि दोनों महिलाएं रिश्ते में देवरानी-जेठानी होने के साथ आपस में सगी बहनें भी हैं. इस चुनावी मुकाबले में छोटी भाभी राजबाला ने बड़ी भाभी मीरा को 982 वोटों के भारी अंतर से हरा दिया. बड़ी भाभी मीरा को महज 21 वोट मिले. एक ही परिवार की दो महिलाओं के बीच हुए इस चुनाव में जीत से ज्यादा हार के आंकड़े की चर्चा हो रही है. नागौर की ग्रामीण राजनीति में यह परिणाम चर्चा का विषय बन गया है. सांसद हनुमान बेनीवाल के परिवार से जुड़े होने के कारण भी इस मुकाबले ने लोगों का ध्यान खींचा है.सांसद हनुमान बेनीवाल की दो भाभियां के बीच हुई चुनावी भिड़ंत में छोटी ने बड़ी को दी पटखनी
नागौर. राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के नतीजों के बीच नागौर जिले की एक ग्राम पंचायत का चुनाव पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है. यहां सरपंच की कुर्सी के लिए मुकाबला किसी दो राजनीतिक दलों या विरोधी परिवारों के बीच नहीं, बल्कि एक ही परिवार की दो महिलाओं के बीच था. दिलचस्प बात यह है कि दोनों महिलाएं रिश्ते में देवरानी-जेठानी होने के साथ सगी बहनें भी हैं. यह मुकाबला इसलिए भी खास रहा, क्योंकि दोनों प्रत्याशी नागौर के चर्चित नेता और सांसद हनुमान बेनीवाल की भाभियां हैं. बरण गांव में हुए सरपंच चुनाव में छोटी भाभी राजबाला ने बड़ी भाभी मीरा को भारी मतों के अंतर से शिकस्त दी.
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा जीतने वाली प्रत्याशी की नहीं, बल्कि हारने वाली प्रत्याशी को मिले वोटों की हो रही है. बड़ी भाभी मीरा को चुनाव में महज 21 वोट मिले, जबकि छोटी भाभी राजबाला ने 982 मतों के अंतर से जीत दर्ज की. एक ही परिवार की दो महिलाओं के बीच हुए इस चुनावी मुकाबले और जीत-हार के इतने बड़े अंतर ने लोकल पॉलिटिक्स में नई चर्चा छेड़ दी है. ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर उत्सुकता बनी हुई है कि आखिर एक ही परिवार से मैदान में उतरी दोनों महिलाओं को मतदाताओं ने इतना अलग-अलग समर्थन क्यों दिया.
छोटी ने बड़ी भाभी को दी करारी शिकस्त
नागौर जिले की बरण ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए सांसद हनुमान बेनीवाल की दो भाभियां राजबाला और मीरा आमने-सामने थीं. रिश्ते में राजबाला छोटी भाभी हैं, जबकि मीरा बड़ी भाभी हैं. हालांकि सरपंच पद के लिए अन्य प्रत्याशी भी मैदान में थे. लेकिन मुकाबला सांसद बेनीवाल के दो भाभियों के बीच ही मानकर लोग चल रहे थे. चुनाव खत्म होने के बाद मतगणना हुई. मतगणना के बाद राजबाला ने मीरा को 982 वोटों से हराया. मीरा को सिर्फ 21 वोट मिले.
देवरानी-जेठानी ही नहीं दोनों सगी बहनें भी हैं
इस चुनाव की सबसे दिलचस्प बात दोनों प्रत्याशियों का आपसी रिश्ता रहा. राजबाला और मीरा न केवल एक ही परिवार की बहुएं हैं, बल्कि दोनों आपस में सगी बहनें भी हैं. ऐसे में सरपंच चुनाव का मुकाबला दो बहनों के बीच भी था. एक ही परिवार से दो महिलाओं के चुनाव लड़ने के कारण बरण पंचायत का यह मुकाबला अन्य पंचायतों से अलग रहा.
महज 21 वोट मिलने से हार बनी चर्चा का विषय
पंचायत चुनाव में जीत और हार सामान्य बात है, लेकिन बरण गांव में जीत के अंतर के साथ हारने वाली प्रत्याशी को मिले वोट भी चर्चा में हैं. मीरा को महज 21 मत मिलने और राजबाला की 982 वोटों से जीत ने इस चुनाव को खास बना दिया है. नागौर की राजनीति में सांसद हनुमान बेनीवाल का नाम प्रमुखता से लिया जाता है. ऐसे में उनके परिवार से जुड़ी दो महिलाओं के बीच सरपंच पद का मुकाबला स्थानीय स्तर पर सुर्खियों में है. चुनाव परिणाम ने यह भी दिखाया कि एक ही परिवार की राजनीतिक पहचान होने के बावजूद दोनों प्रत्याशियों को मतदाताओं का समर्थन एक जैसा नहीं मिला.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Nagaur,Rajasthan
First Published :
October 25, 2026, 10:08 IST



