Health

हर दर्द में गर्म पानी की सिकाई सही नहीं, डॉक्टर से जानें कब करें और कब बचें

फरीदाबाद: शरीर में दर्द होते ही कई लोग गर्म पानी की सिकाई शुरू कर देते हैं. सही तरीके से की जाए तो इससे मांसपेशियों के दर्द और अकड़न में आराम मिल सकता है. लेकिन हर दर्द और चोट में गर्म सिकाई करना सही नहीं होता. खासकर नई चोट में गर्म सिकाई करने से सूजन और दर्द बढ़ सकता है. इसलिए यह समझना जरूरी है कि गर्म पानी की सिकाई कब करनी चाहिए और कब इससे बचना चाहिए.

पुराने दर्द में गर्म पानी काफी राहत देता

डॉ. धीरजा बब्बर, Local18 से बातचीत में बताती हैं कि मैं फरीदाबाद स्थित सर्वोदय हेल्थकेयर में फिजियोथेरेपी और पुनर्वास विभाग की ग्रुप हेड हूं. डॉ. धीरजा बब्बर बताती हैं गर्म पानी की सिकाई ऐसे मामलों में फायदा देती है, जहां कमर दर्द या गर्दन दर्द काफी समय से चल रहा हो. पुराने दर्द में गर्म सिकाई करने से आराम मिल सकता है. लेकिन अगर दर्द नया है या अभी-अभी चोट लगी है तो उस समय गर्म पानी की सिकाई नहीं करनी चाहिए.

नई चोट में गर्म सिकाई से बचना जरूरी

डॉ. धीरजा बब्बर बताती हैं कि अगर कोई व्यक्ति अभी गिरा है और उसी समय चोट लगी है तो उसे तुरंत गर्म पानी से नहीं सेंकना चाहिए. नई चोट में अंदर सूजन हो सकती है. ऐसे समय गर्म सिकाई करने से परेशानी बढ़ सकती है. इसलिए हर चोट में गर्म पानी की सिकाई करना सही नहीं है. नई चोट में ठंडा सेक करना चाहिए और बाद में स्थिति के हिसाब से गर्म सिकाई की जा सकती है.

गर्म सिकाई सिर्फ बीस मिनट तक करें

डॉ. धीरजा बब्बर बताती हैं गर्म पानी की सिकाई 15 से 20 मिनट से ज्यादा नहीं करनी चाहिए. इससे ज्यादा देर तक गर्म सिकाई करने की जरूरत नहीं है. पानी को बहुत ज्यादा गर्म भी नहीं रखना चाहिए. सिर्फ इतनी गर्माहट होनी चाहिए जिससे आराम मिले और त्वचा को परेशानी न हो. डायबिटीज वाले लोगों को इसमें खास ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि कई बार उन्हें गर्म और ठंडे का सही एहसास नहीं हो पाता.

फ्रैक्चर में गर्म सिकाई बिल्कुल नहीं करनी चाहिए

डॉ. धीरजा बब्बर बताती हैं कि अगर किसी को फ्रैक्चर है या कहीं से खून निकल रहा है तो वहां गर्म सिकाई नहीं करनी चाहिए. अगर चोट वाली जगह पहले से गर्म है, लाल हो रही है या सूजन आ रही है तो भी गर्म सेक नहीं करना चाहिए. ऐसी हालत में गर्माहट देने से सूजन और बढ़ सकती है. अगर किसी जगह पहले से गर्मी महसूस हो रही है तो वहां ठंडा सेक करना चाहिए.

फिटकरी डालकर सिकाई करने से पहले जांचें

डॉ. धीरजा बब्बर बताती हैं कि चोट लगने के बाद कई लोग गर्म पानी में फिटकरी डालकर सिकाई करते हैं. ऐसा करने से पहले चोट वाली जगह को हाथ लगाकर देखना चाहिए. अगर वह हिस्सा बाकी जगह से ज्यादा गर्म है, लाल है या सूजन आ रही है तो गर्म सिकाई नहीं करनी चाहिए. उस समय ठंडा सेक करना ठीक रहेगा. अगर चोट पुरानी है और उस जगह का तापमान सामान्य है तो गर्म पानी में फिटकरी डालकर सिकाई करने से आराम मिल सकता है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj