कोटा में छात्रा का पीछा कर छेड़छाड़ का आरोप, कार में बैठाने की कोशिश, घिरा तो युवक ने लोगों पर चढ़ाई कार

Last Updated:September 10, 2026, 08:27 IST
Kota Student Molestation Case: कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक कोचिंग छात्रा से छेड़छाड़ और पीछा करने का मामला सामने आया है. छात्रा के परिजनों ने एक युवक पर पिछले तीन-चार दिनों से अलग-अलग कारों से उसका पीछा करने का आरोप लगाया है. आरोप है कि युवक ने रास्ते में छात्रा का हाथ पकड़कर उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश की. छात्रा किसी तरह वहां से बचकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजनों ने बोरखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई. मामले की जानकारी मिलने पर कॉलोनी के लोगों ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया. आरोप है कि घिरने पर चालक ने लोगों पर कार चढ़ाने की कोशिश की और फरार हो गया. परिजनों ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध वाहन का नंबर सौंपा है. पुलिस मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी है.कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक कोचिंग छात्रा से छेड़छाड़ और पीछा करने का मामला सामने आया है.
कोटा. एजुकेशन सिटी कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक कोचिंग छात्रा से छेड़छाड़, पीछा करने और उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश का मामला सामने आया है. छात्रा के परिजनों ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों के मुताबिक आरोपी पिछले तीन-चार दिनों से छात्रा का पीछा कर रहा था. वह कभी सफेद क्रेटा तो कभी काली थार कार से छात्रा के पीछे आता था. आरोप है कि एक दिन रास्ते में युवक ने छात्रा का हाथ पकड़ लिया और उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश की. छात्रा किसी तरह अपना हाथ छुड़ाकर वहां से भागी और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई.
इसके बाद परिजन बोरखेड़ा थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी. मामला कोटा के स्वराज अपना घर, मानपुरा क्षेत्र का बताया जा रहा है. छात्रा यहां अपने परिवार के साथ रहती है और रोजाना कोचिंग संस्थान में पढ़ने जाती है. परिजनों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से संदिग्ध युवक अलग-अलग वाहनों से उसका पीछा कर रहा था. छात्रा को रास्ते में कई बार युवक के नजर आने के बाद परिवार ने मामले को गंभीरता से लिया.
कॉलोनी के लाेगों से मिली छात्रा के साथ छेड़छाड़ की जानकारी
परिजनों के मुताबिक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद कॉलोनी के लोगों को भी इसकी जानकारी हुई. इसके बाद लोगों ने संदिग्ध कार को रोकने और चालक को पकड़ने की कोशिश की. आरोप है कि खुद को लोगों से घिरा देखकर कार चालक ने वहां मौजूद लोगों पर ही वाहन चढ़ाने का प्रयास किया. इसके बाद आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया. हालांकि इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही है जांच
परिजनों ने पुलिस को बताया कि छात्रा का पीछा किए जाने की घटनाएं रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है. पुलिस को संदिग्ध वाहन का नंबर और सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए गए हैं. इन फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्ध युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है. फिलहाल बोरखेड़ा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वाहन नंबर और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर संदिग्ध युवक की तलाश में जुटी है. पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंFirst Published :
September 10, 2026, 08:27 IST



