1 गाना, 3 अलग-अलग फिल्मों में, एक सुपरहिट, दूसरी फ्लॉप, तीसरी हिट, हीरो को मिली अमर पहचान

Last Updated:June 26, 2026, 13:02 IST
फिल्म की कहानी फाइनल करने के बाद हर डायरेक्टर-प्रोड्यूसर की चाहत होती है कि म्यूजिक सुपरहिट लिया जाए. सुपरहिट म्यूजिक फिल्म को पहचान देता है. दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने में अहम भूमिका निभाता है. ब्लॉकबस्टर गाने ही हीरो-हीरोइन को अमर पहचान देते हैं. वैसे तो हर फिल्म के गाने अलग होते हैं लेकिन कुछ सॉन्ग इतने पॉप्युलर होते हैं कि कई फिल्मों में नजर आते हैं. 36 साल के अंतराल में एक गाना तीन फिल्मों में सुनाई दिया. तीनों बार गाना एक ही लीड हीरो पर फिल्माया गया. तीन में से एक फिल्म सुपरहिट, एक हिट और एक डिजास्टर रही.
कोई गाना इतना हिट हो जाए कि वह तीन अलग-अलग फिल्मों में सुनाई दे तो इसे आप क्या कहेंगे. साल 1975 में ऐसी ही एक फिल्म आई थी जिसने एक्शन हीरो धर्मेंद्र को ‘गरम-धरम’ की पहचान दी. गाना आनंद बख्शी ने लिखा था. इस गाने ने धर्मेंद्र को अमर पहचान दी. इस गाने में धर्मेंद्र ने जिस अंदाज में डांस किया, उसे आज भी याद किया जाता है. यही गाना आगे चलकर दो और फिल्मों में सुनाई दिया. ये फिल्में थीं : फरिश्ते और यमला पगला दीवाना. आइये जानते हैं इन गाने और इन फिल्मों से जुड़े दिलचस्प फैक्ट्स…..
साल 1974 में ‘दोस्त’ फिल्म की कामयाबी से खुश होकर धर्मेंद्र ने डायरेक्टर दुलाल गुहा के साथ एक फिल्म ‘प्रतिज्ञा’ प्लान की. कहानी उनके भाई अजीत सिंह ने ही लिखी थी. नाबेंदु घोष ने स्क्रीनप्ले लिखा था. डायलॉग सफीक अंसारी ने लिखे थे. प्रोड्यूसर विक्रम सिंह देवल और कंवरजीत सिंह ने प्रोड्यूस किया था. धर्मेंद्र-हेमा मालिनी लीड रोल में थे. फिल्म 27 जून 1975 को रिलीज हुई और छा गई. फिल्म का सदाबहार म्यूजिक लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने कंपोज किया था. गीतकार आनंद बख्शी थे.
प्रतिज्ञा फिल्म सुपरहिट रही. इसी फिल्म ने धर्मेंद्र को ‘गरम-धरम’ की पहचान दी. इस फिल्म के एक आइकॉनिक सॉन्ग ‘मैं जट यमला पगला दीवाना’ ने इतिहास रच दिया. इस गाने में एक मस्ती-चुलबुलापन था. इस गाना को धर्मेंद्र के पूरे करियर का सबसे यादगार गाना माना जाता है. इस गाने को मोहम्मद रफी ने गाया था. गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान मोहम्मद रफी मस्त अंदाज में नाचते रहे थे. धर्मेंद्र ने टिपिकल अंदाज में इस गाने में डांस किया. उन्होंने ऐसा मस्त डांस किया कि आज तक यह गाना-डांस मशहूर है. आगे चलकर यही गाना धर्मेंद्र की दो और फिल्मों में नजर आया.
Add as Preferred Source on Google
साल 1991 में धर्मेंद्र-विनोद खन्ना, श्रीदेवी, जया प्रदा और रजनीकांत स्टारर फिल्म ‘फरिश्ते’ में भी ‘जट यमला पगला दीवाना’ गाना सुनने को मिला था. इस फिल्म का डायरेक्शन अनिल शर्मा ने किया था. यह एक एक्शन ड्रामा फिल्म थी. मल्टी स्टारर फिल्म थी. फिल्म की कहानी शादाब कुमार और अनिल शर्मा ने मिलकर लिखी थी. फिल्म को सत्ती शौरी ने प्रोड्यूस किया था. सत्ती शौरी अर्जुन कपूर की नानी यानी बोनी कपूर की पहली पत्नी मोना कपूर की मां हैं.
फिल्म में म्यूजिक बप्पी लाहिरी का था. गीतकार आनंद बख्शी थे. वैसे तो फिल्म में कुल 8 गाने थे. फिल्म में ‘जट यमला पगला दीवाना’ गाना धर्मेंद्र-जया प्रदा पर फिल्माया गया था. फिल्म में श्रीदेवी लीड रोल में थीं. फिल्म का बजट करीब 78 लाख रुपये था. मूवी ने 1.28 करोड़ का कलेक्शन किया था. यह एक डिजास्टर फिल्म साबित हुई थी. इस फिल्म में विनोद खन्ना और प्रोड्यूसर सत्ती शौरी के बीच खूब विवाद हुआ. डायरेक्टर अनिल शर्मा से भी विवाद हुआ था.
वैसे तो ‘यमला पगला दीवाना’ शब्द ही देओल परिवार की पहचान बन गया. धर्मेंद्र को इस गाने को अमर पहचान दी. आगे चलकर देओल परिवार ने 2011 में ‘यमला पगला दीवाना’ नाम से फिल्म बनाई. फिल्म में ‘धरम-पाजी’ का आइकॉनिक स्टाइल और सनी देओल के ढाई किलो हाथ वाली एक्टिंग थी. यह एक कॉमेडी फिल्म थी. कहानी पंजाब और वाराणसी के बैकग्राउंड पर सेट थी. धर्मेंद्र और बॉबी ने एक धोखेबाज पिता और बेटे का रोल किया था, जबकि सनी, एक ईमानदार NRI बड़े भाई के रोल में उन्हें सुधारने आए थे.
‘यमला पगला दीवाना’ फिल्म में भी हमें 1975 की प्रतिज्ञा फिल्म का सदाबहार गाना ‘मैं जट यमला पगला दीवाना’ सुनाई दिया था. गाना धर्मेंद्र-सनी देओल और बॉबी देओल पर फिल्माया गया था. फिल्म का निर्देशन समीर कार्णिक ने किया था. स्टोरी जसविंदर सिंह बाथ ने लिखी थी. फिल्म का एक और गाना ‘पल पल ना माने टिंकू जिया’ ममता शर्मा की आवाज में खूब पॉप्युलर हुआ था. फिल्म में कॉमेडी और इमोशन का एकदम सही बैलेंस था. 29 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 88 करोड़ का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन किया था. यह एक हिट फिल्म साबित हुई थी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



