61 लाख रुपए का 278 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त, जोधपुर के दो तस्कर गिरफ्तार

Last Updated:August 16, 2026, 16:48 IST
Kota Crime News: कोटा ग्रामीण की देवली माझी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 61 लाख रुपए मूल्य का 278 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया है. नाकाबंदी के दौरान बेरिकेड्स तोड़कर खेतों में भाग रहे जोधपुर के डांगियावास निवासी तस्कर श्रवण पूनिया और नरपत पूनिया को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार किया. वारदात में प्रयुक्त दो कारें भी जब्त की गई हैं. पुलिस आरोपियों से खरीद फरोख्त के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है.
ख़बरें फटाफट
Kota Crime News: कोटा में 61 लाख का डोडा चूरा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
Kota News: राजस्थान के कोटा ग्रामीण क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. देवली माझी थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान तत्परता दिखाते हुए दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को दबोच लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 278 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो लक्जरी कारें जब्त की हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त डोडा चूरा की कीमत लगभग 61 लाख रुपए आंकी गई है. पकड़ाए गए दोनों आरोपी जोधपुर जिले के निवासी हैं.
कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए जिलेभर में नाकाबंदी की जा रही थी. इसी दौरान देवली माझी थाना क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी. तभी दो तेज रफ्तार कारें आती दिखीं. पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो चालकों ने गाड़ियाँ रोकने के बजाय पुलिस बेरिकेड्स को टक्कर मार दी और भागने का प्रयास किया. पुलिस की सतर्कता देखकर आरोपी कुछ दूरी पर कारें छोड़कर आसपास के खेतों की तरफ दौड़ पड़े.
पुलिस टीम ने पीछा कर आरोपियों को दबोचा
आरोपियों को भागते देख देवली माझी थाना पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए उनका पीछा शुरू किया. पुलिस जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए काफी दूर तक दौड़कर खेतों में छिपे दोनों आरोपियों को घेरकर धर दबोचा. प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों की पहचान श्रवण पूनिया और नरपत पूनिया के रूप में हुई है. दोनों आरोपी जोधपुर जिले के डांगियावास इलाके के रहने वाले हैं.
278 किलो डोडा चूरा और दो कारें जब्त
पुलिस ने जब दोनों कारों की तलाशी ली तो उनमें बोरों में भरकर रखा गया अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ. तोल करने पर कुल वजन 278 किलोग्राम निकला. बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 61 लाख रुपए बताई जा रही है. पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दोनों कारों को भी सीज कर लिया है.
नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह डोडा चूरा कहाँ से खरीदा गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Kota,Kota,Rajasthan
First Published :
August 16, 2026, 16:48 IST



