5 भारतीयों को जगह, केएल राहुल-एडेन मार्करम बने ओपनर, चेतेश्वर पुजारा ने चुनी बेस्ट वर्ल्ड टेस्ट 11

नई दिल्ली. चेतेश्वर पुजारा ने मॉडर्न क्रिकेट के एक्टिव खिलाड़ियों को मिलाकर अपनी सर्वश्रेष्ठ ‘वर्ल्ड टेस्ट प्लेइंग 11’ का चयन किया है. पुजारा की इस टीम में अनुभव, तकनीक और आक्रामकता का अनोखा संगम देखने को मिला है. सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की मौजूदा अंक तालिका में भारतीय टीम के पांचवें स्थान पर होने के बावजूद पुजारा ने अपनी टीम में सर्वाधिक 5 भारतीय खिलाड़ियों को जगह दी है. वहीं, मौजूदा चैंपियन दक्षिण अफ्रीका की टीम से केवल एक खिलाड़ी ही इस प्रतिष्ठित लिस्ट में अपनी जगह बना सका.
चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) ने पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम और भारत के केएल राहुल (KL Rahul) को सौंपी है. मार्करम मॉडर्न टेस्ट क्रिकेट के सबसे ठोस सलामी बल्लेबाजों में गिने जाते हैं. 35.46 की औसत से 3,192 रन बना चुके मार्करम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डब्ल्यूटीसी फाइनल में दबाव के पलों में शानदार शतक जड़कर अपनी उपयोगिता साबित की थी. केएल राहुल की तकनीकी दक्षता और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता बेजोड़ मानी जाती है. टेस्ट क्रिकेट में 36.81 की औसत से 4,270 रन बनाने वाले राहुल कठिन विदेशी पिचों पर कई यादगार पारियां खेल चुके हैं.
केएल राहुल को पुजारा ने ओपनर बनाया है.
फैब-फोर’ के दो स्तम्भ और युवा सनसनीपुजारा ने नंबर तीन और चार के लिए आधुनिक युग के महानतम बल्लेबाजों इंग्लैंड के जो रूट और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ को चुना. ‘फैब-फोर’ के ये दोनों सक्रिय दिग्गज लाल गेंद के प्रारूप में अपनी निरंतरता के लिए जाने जाते हैं. नंबर पांच पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल को जगह मिली है, जो शीर्ष क्रम से लेकर मध्यक्रम तक निरंतर परिपक्वता का परिचय दे रहे हैं। वहीं, नंबर छह पर विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में ऋषभ पंत पुजारा की पहली और एकमात्र पसंद रहे. पंत का आक्रामक अंदाज और मैच का रुख पलटने की क्षमता उन्हें इस एकादश का एक्स-फैक्टर बनाती है. हालांकि, इस चयन के बीच ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक बल्लेबाज ट्रेविस हेड और दक्षिण अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा जैसे इन-फॉर्म खिलाड़ियों को बाहर रखने पर क्रिकेट गलियारों में स्वस्थ बहस भी छिड़ सकती है.
जडेजा, कमिंस और पिचों की शर्तऑलराउंडर के तौर पर पुजारा ने रवींद्र जडेजा और ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस का चयन किया. पुजारा ने स्पष्ट किया कि जडेजा का चयन उपमहाद्वीप या सामान्य टेस्ट पिचों के लिए बिल्कुल सटीक है. पुजारा का कहना है कि यह चयन सामान्य ट्रैक के लिहाज से है. यदि मुकाबला इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया जैसी तेज गेंदबाजी की मददगार पिचों पर खेला जा रहा हो, तो मैं रवींद्र जडेजा के स्थान पर एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज या तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर को शामिल करना पसंद करूंगा.’
पुजारा ने यह भी साझा किया कि यदि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास न लिया होता, तो वह निश्चित रूप से इस एकादश में उनकी पहली पसंद होते. पुजारा का गेंदबाजी आक्रमण टेस्ट क्रिकेट के किसी भी मजबूत बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त करने की पूरी क्षमता रखता है. ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन दुनिया के किसी भी कोने में स्पिन के जरिए दबाव बनाने में माहिर हैं. जोश हेजलवुड अपनी सटीक लाइन-लेंथ और स्विंग से बल्लेबाजों को बांधे रखने वाले तेज गेंदबाज. (हाल में छह विकेट लेने वाले मिचेल स्टार्क के स्थान पर पुजारा ने हेजलवुड के अनुशासन को प्राथमिकता दी.)
जसप्रीत बुमराह भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ, जिनकी सटीक यॉर्कर और सीम मूवमेंट किसी भी सतह पर घातक साबित होती है. पुजारा ने अपनी इस 11 सदस्यीय टीम में किसी आधिकारिक कप्तान की घोषणा नहीं की, हालांकि टीम में पैट कमिंस और शुभमन गिल जैसे मौजूदा अंतरराष्ट्रीय कप्तान मौजूद हैं. साथ ही, विकेटकीपिंग का पूरा दारोमदार केवल ऋषभ पंत के कंधों पर छोड़ा गया है.
चेतेश्वर पुजारा की वर्ल्ड टेस्ट एकादश:एडेन मार्कराम, केएल राहुल, जो रूट, स्टीव स्मिथ, शुभमन गिल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, पैट कमिंस, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड, जसप्रीत बुमराह.



