प्रेम प्रकाश खींची की मौत के बाद जयपुर की सड़कों पर लोग, टोंक रोड जाम

Last Updated:October 02, 2026, 17:49 IST
जयपुर के टोंक रोड पर प्रेम प्रकाश खींची की मौत के मामले को लेकर भड़का जनाक्रोश सडकों पर उतर आया है. पुलिस कार्रवाई के खिलाफ परिजनों और स्थानीय लोगों ने टोंक रोड पर चक्काजाम कर दिया है. इससे इलाके में भारी हड़कंप मच गया. गुस्साए लोग मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारी परिजनों को शांत कराने और जाम खुलवाने के लिए लगातार समझाइश करने में जुटे हैं.
जयपुर. प्रेम प्रकाश खींची की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों और समर्थकों ने टोंक रोड पर रास्ता जाम कर दिया. प्रदर्शनकारी मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि पुलिस की अब तक की कार्रवाई से वे साफ नहीं हैं.
दरअसल, 30 सितंबर को प्रेम प्रकाश खींची एक होटल में मृत मिले थे. उनके शरीर पर चोट के निशान भी बताए गए हैं. घटना के बाद बजाज नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया था. पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट लोगों ने शुक्रवार को टोंक रोड पर पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया.
परिवार वालो की मांग
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच की जाए और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए. अधिवक्ता घनश्याम गंगवान ने कहा कि वे अपने साथी वकील विक्रम खींची के छोटे भाई को न्याय दिलाने के लिए गुरुवार से लगातार आंदोलन कर रहे हैं. बार एसोसिएशन के महासचिव उमेश चौधरी, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के राजीव सोलंकी और अनवर हुसैन सहित पूरा वकील समुदाय पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है.
मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर कई सनसनीखेज दावे किए हैं. 30 सितंबर को प्रेम प्रकाश की चोट के निशानों वाली तस्वीरें उसके भाई के मोबाइल पर भेजी गई थीं. कुछ ही देर बाद एक सुसाइड नोट भी वॉट्सऐप किया गया. परिजनों ने जब होटल में संपर्क किया तो मैनेजमेंट ने कहा कि प्रेम प्रकाश चेकआउट कर चुका है. लेकिन बाद में उसी कमरे से उसकी लाश मिली. वकीलों ने सवाल उठाया है कि कमरे में मिले शव के हाथ में कैनुला क्यों लगी थी और ड्रिप कैसे चढ़ रही थी?
पीड़ित परिवार का छलका दर्द
सड़क पर प्रदर्शन के दौरान पीड़ित परिवार का दर्द छलक पड़ा. मृतक की मां रो-रोकर इंसाफ की गुहार लगाती रहीं. वहीं बिलखती पत्नी ने कहा कि उसके पति की हत्या की गई है और उसका सब कुछ लुट चुका है. अपने मासूम बच्चे के भविष्य को लेकर चिंतित पत्नी ने हत्यारों को फांसी की सजा देने, परिजनों को मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की गुहार लगाई है.
जाम की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं. मौके पर स्थिति को कंट्रोल करने के लिए पुलिस निगरानी बनाए हुए है.
About the Authorसज्जन कुमार दड़बीSenior Sub Editor
Sajan Kumar is a journalist with professional experience in digital news, web journalism, SEO content, copy editing and social media storytelling. He has been working in journalism since 2020 and has worked wit…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
October 02, 2026, 17:31 IST



