ऋतिक रोशन की 5 हिट फिल्में, जिनमें दिखा था सुपरस्टार के डांस का जलवा, 1 के स्टेप तो आज तक नहीं भुला पाए लोग

नई दिल्ली. बॉलीवुड में जब भी शानदार डांस, स्टाइल और परफेक्ट मूव्स की बात होती है, तो ऋतिक रोशन का नाम जहन में आता है. अपनी एक्टिंग के साथ-साथ ऋतिक ने अपने डांसिंग स्टाइल को लेकर भी सुर्खियों में छाए रहते हैं. अपने डांस की वजह से भी उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बनाई है. उनके कई गाने आज भी क्लब में डांस के लिए प्रॉयरिटी पर रहते हैं. उनकी डांसिंग स्किल्स देखने के लिए फैंस आज भी कोई मौका नहीं गंवाते. यही वजह है कि ऋतिक रोशन को बॉलीवुड के बेहतरीन डांसर्स में गिना जाता है.
ऋतिक रोशन के डांसिंग स्टाइल के आप भी फैन हैं, तो ओटीटी पर कई ऐसी फिल्में मौजूद हैं, जिनमें उनके डांस की खूब चर्चा हुई थी. नेटफ्लिक्स, जियोहॉटस्टार और प्राइम वीडियो जैसे प्लेटफॉर्म पर उनकी कई ऐसी फिल्में मौजूद हैं, जो उनके डांस की वजह से ही हिट और पॉपुलर हुई थीं. इनमें बैंग-बैंग, कहो ना प्यार है और धूम 2 जैसी फिल्में शामिल हैं.
ओटीटी पर देखें ऋतिक की ये जबरदस्त डांस वाली फिल्में
इनमें पहली तो उनकी डेब्यू फिल्म ही है, कहो ना… प्यार है. साल 2000 में इस फिल्म से ऋतिक ने बॉलीवुड में एंट्री ली थी. फिल्म के गानों में उनका डांस और स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों को काफी पसंद आया. खासकर ‘एक पल का जीना’ ने ऋतिक को एक शानदार डांसर के तौर पर पहचान दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई. इस गाने में उनके एनर्जी से भरे मूव्स आज भी याद किए जाते हैं. फिल्म को आप जी5 पर देख सकते हैं.
इस फिल्म में छा गए थे ऋतिक
दूसरी है, ‘कभी खुशी कभी गम’. इस फिल्म को आप प्राइम पर देख सकते हैं. ‘कभी खुशी कभी गम’ में ऋतिक रोशन के किरदार रोहन की मासूमियत और स्टाइल ने दर्शकों का दिल जीता. फिल्म के गानों में उनका डांस देखने लायक है. खासकर ‘यू आर माय सोनिया’ में उनका एनर्जी भरा डांसिंग स्टाइल तो लोग आज भी भूल नहीं पाए हैं. यह फिल्म ऋतिक के डांसिंग करियर की यादगार फिल्मों में शामिल है.
डांस का देखने को मिला था जलवा
‘धूम 2’ में भी ऋतिक रोशन की डांसिंग और स्टाइल की खूब चर्चा हुई थी. फिल्म के गाने ‘धूम अगेन’ में उनकी परफॉर्मेंस ने तहलका मचा दिया था. डांस के लिए आज भी ये गाना लोगों का फेवरेट है. शानदार बॉडी लैंग्वेज, तेज मूव्स और जबरदस्त स्क्रीन प्रेजेंस ने ऋतिक को एक अलग डांसिंग आइकन के तौर पर पेश किया था.
ऋतिक के मुरीद हुए थे लोग
‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’. यूं तो मल्टीस्टारर फिल्म रही. लेकिन फिल्म में ऋतिक का डांस एक अलग अंदाज में नजर आया. फिल्म के गाने ‘सेनोरिटा’ में उनका मस्ती भरा अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया. इस गाने में ऋतिक के साथ फरहान अख्तर और अभय देओल भी नजर आए थे. तीनों की केमिस्ट्री और डांस ने गाने को खास बना दिया.इस फिल्म को आप प्राइम पर देख सकते हैं.
साल 2019 में आई उनकी ‘वॉर’ को भी ऋतिक के डांस के लिए याद किया जाता है. इस फिल्म में ऋतिक अपने डांस और एक्शन की वजह से चर्चा में रहे. फिल्म के गाने ‘जय जय शिवशंकर’ में ऋतिक और टाइगर श्रॉफ की डांसिंग ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. दोनों की डांसिंग को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हुई.
बॉलीवुड के बेहतरीन डांसर्स में क्यों गिने जाते हैं ऋतिक रोशन?
ऋतिक रोशन की सबसे बड़ी खासियत ही यही है कि उनकी बॉडी लैंग्वेज, एक्सप्रेशन और डांस मूव्स पर अच्छी पकड़ है. वो सिर्फ फास्ट डांस करने के बजाय गाने की धुन और इमोशन के हिसाब से अपनी परफॉर्मेंस देते हैं. उनके डांस में एनर्जी के साथ-साथ स्टाइल और सटीकता भी दिखाई देती है. उनकी लंबी कद-काठी, शानदार स्क्रीन प्रेजेंस और सहज मूव्स डांस को और ज्यादा अट्रेक्टिव बनाते हैं. इनमें चाहे ‘एक पल का जीना’, ‘धूम अगेन’ और ‘जय जय शिवशंकर’ जैसे गाने हो सभी में ऋतिक ने अपने डांस से जान डाल दी. ऋतिक की खासियत यह भी है कि वह अलग-अलग तरह के डांस स्टाइल को अपनी फिल्मों में अपने रोल के हिसाब से अपनाते हैं. यही वजह है कि 2000 से अब तक उनके डांसिंग का क्रेज कम नहीं हुआ है.



