5 भारत की टी20 में सबसे बड़ी हार… 125 रन से पहली बार मिली शिकस्त, 7 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त

Last Updated:July 08, 2026, 19:58 IST
Team India Top 5 Losses: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया का खराब फॉर्म जारी है. इंग्लैंड ने नॉटिंघम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारत को 125 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया. रनों के लिहाज से यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में भारत की अब तक की सबसे बड़ी और पहली 100 से ज्यादा रनों की शर्मनाक हार है. जोश टंग और जोफ्रा आर्चर की घातक गेंदबाजी के आगे भारतीय टीम महज 76 रनों पर ढेर हो गई. इस करारी शिकस्त ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2019 में मिली 80 रनों की हार के पुराने जख्म को भी पीछे छोड़ दिया है. भारत की पांच सबसे बड़ी हार.
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ऐतिहासिक जीत का जश्न अभी पूरी तरह से थमा भी नहीं था कि भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक ऐसी खबर आई है जिसने हर फैन को हैरान कर दिया है. खिताब जीतने के ठीक बाद भारतीय टीम का खराब दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसी सिलसिले में टीम इंडिया को इंग्लैंड के हाथों एक बेहद शर्मनाक और रिकॉर्ड तोड़ हार का सामना करना पड़ा है. नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर मंगलवार को खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 125 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दी. रनों के लिहाज से यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में भारत की अब तक की सबसे बड़ी और पहली ऐसी हार है, जहां विरोधी टीम ने उसे 100 या उससे अधिक रनों के अंतर से मात दी हो.
इस करारी हार के साथ ही इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने फिल साल्ट के शानदार और संघर्षपूर्ण अर्धशतक की बदौलत 20 ओवरों में 7 विकेट पर 201 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था.जवाब में 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग (4/28) और जोफ्रा आर्चर (3/29) की घातक गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाज टिक नहीं सके और पूरी टीम महज 11.4 ओवरों में सिर्फ 76 रनों पर सिमट गई.
भारत की पांच सबसे बड़ी हारइस 125 रनों की हार ने भारतीय क्रिकेट इतिहास के कुछ पुराने और कड़वे पन्नों को एक बार फिर पलट दिया है. रनों के मामले में भारत की पांच सबसे बड़ी टी20 हार की दास्तान कुछ इस प्रकार है. नॉटिंघम में मिली यह हार अब भारतीय टी20 इतिहास की सबसे बड़ी हार बन चुकी है. 201 रनों के लक्ष्य के सामने भारतीय टीम का 76 रनों पर ऑलआउट होना किसी बुरे सपने से कम नहीं था.
न्यूजीलैंड के खिलाफ 80 रनों की हारइससे पहले भारत की सबसे बड़ी हार का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम था. साल 2019 में वेलिंगटन के मैदान पर न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 219 रन बनाए थे. जवाब में भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 139 रनों पर ढेर हो गई थी और उसे 80 रनों से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से शिकस्तइसी साल आयोजित हुए 2026 आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 दौर में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को गहरे जख्म दिए थे. उस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही थी और उसने 20 रन पर ही 3 विकेट गंवा दिए थे. लेकिन वहां से शानदार वापसी करते हुए प्रोटियाज टीम ने 187/7 का स्कोर बनाया. जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवरों में महज 111 रनों पर सिमट गई और भारत को 76 रनों की तीसरी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 51 रनों की हारवर्ल्ड कप से ठीक पहले, दिसंबर 2025 में न्यू चंडीगढ़ में खेली गई द्विपक्षीय सीरीज के दूसरे टी20 मैच में भी दक्षिण अफ्रीका ने भारत को बुरी तरह धोया था। क्विंटन डी कॉक की 90 रनों की तूफानी पारी की बदौलत मेहमान टीम ने 213/4 का स्कोर खड़ा किया. जवाब में भारतीय टीम ओटनील बार्टमैन (4/24) की कतरनी गेंदबाजी के आगे बेबस नजर आई और 19.1 ओवरों में 162 रन पर सिमटकर 51 रनों से मैच गंवा बैठी। यह भारत की चौथी सबसे बड़ी हार है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ 50 रन से मिली पटखनी2026 टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के सिलसिले में जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर थी. विशाखापत्तनम में खेले गए मैच में कीवी ओपनर टिम सीफर्ट ने महज 36 गेंदों में 62 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर अपनी टीम को 215/7 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया. जवाब में मिचेल सैंटनर की फिरकी (3/26) के जाल में फंसकर भारतीय टीम 18.4 ओवरों में 165 रनों पर ऑलआउट हो गई.50 रनों की यह शिकस्त भारत की पांचवीं सबसे बड़ी टी20 हार है.
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश राय वर्तमान में इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,Delhi



