राजस्थान के सरकारी अस्पतालों से 600 डॉक्टर लापता, विभाग हुआ सख्त, झुंझुनूं के 23 चिकित्सक सूची में शामिल

Last Updated:June 27, 2026, 19:21 IST
प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी के बीच बड़ा खुलासा हुआ है. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार राज्यभर में करीब 600 चिकित्सक लंबे समय से बिना सूचना और सक्षम स्वीकृति के ड्यूटी से अनुपस्थित हैं. झुंझुनूं जिले से भी 23 डॉक्टर इस सूची में शामिल हैं. विभाग ने सभी जिलों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और राजस्थान सेवा नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है. बीडीके जिला अस्पताल समेत कई संस्थानों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपस्थिति से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं.
झुंझुनूं. प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में पहले से ही डॉक्टरों की कमी बनी हुई है, लेकिन अब एक और गंभीर मामला सामने आया है. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार राज्यभर में करीब 600 चिकित्सक लंबे समय से बिना सूचना और सक्षम स्वीकृति के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए हैं. इनमें झुंझुनूं जिले के 23 डॉक्टर भी शामिल हैं. विभाग ने सभी जिलों से ऐसे चिकित्सकों की सत्यापित जानकारी मांगी है और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
झुंझुनूं जिले में सामने आई सूची में सबसे अधिक प्रभावित राजकीय बीडीके जिला अस्पताल है, जहां के 9 डॉक्टर लंबे समय से अनुपस्थित बताए गए हैं. इसके अलावा नवलगढ़ जिला अस्पताल का एक चिकित्सक भी सूची में शामिल है. कुल 23 डॉक्टरों में 12 विशेषज्ञ चिकित्सक और 11 एमबीबीएस डॉक्टर हैं. विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपस्थिति से अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं.
स्थानांतरण और पीजी कोर्स के बाद भी अनुपस्थिति
विभागीय जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ डॉक्टरों का स्थानांतरण होने के बाद उन्होंने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया. कुछ चिकित्सक आदेश मिलने के बावजूद जॉइन नहीं हुए, जबकि कुछ सेवारत कोटे से पीजी पूरा करने के बाद भी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए. इसे राजस्थान सेवा नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जा रहा है. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशक जन स्वास्थ्य ने सभी सीएमएचओ को पत्र जारी कर ऐसे डॉक्टरों का पूरा रिकॉर्ड तत्काल भेजने के निर्देश दिए हैं. इसमें नियुक्ति विवरण, सेवा अवधि, अनुपस्थिति का समय, अब तक की गई कार्रवाई और पीजी संबंधी जानकारी शामिल है. झुंझुनूं सीएमएचओ ने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर सोमवार तक राज्य मुख्यालय भेज दी जाएगी.
सख्त कार्रवाई के संकेत
विभाग ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय से बिना अनुमति अनुपस्थित डॉक्टरों के मामलों में अब ढिलाई नहीं बरती जाएगी. सभी मामलों की अलग-अलग समीक्षा कर राजस्थान सेवा नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी. राज्यभर में 600 डॉक्टरों की अनुपस्थिति ने पहले से कमजोर स्वास्थ्य व्यवस्था पर और दबाव बढ़ा दिया है, जिससे मरीजों की परेशानी भी बढ़ रही है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jhunjhunu,Rajasthan



