माधुरी दीक्षित ने एकसाथ किए 4 स्टेप्स, बदनाम हो गया गाना, मूवी को समझा फ्लॉप, निकली ब्लॉकबस्टर – madhuri dixit choli ke peeche song sanjay dutt khalnayak film heroine done 4 steps in one time considered flop turn blockbuster subhash ghai movies

Last Updated:November 08, 2025, 11:47 IST
Madhuri Dixit Blockbuster Movie : बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित डांसिंग क्वीन के नाम से जानी जाती हैं. अपनी प्यारी सी मुस्कान, चेहरे के हाव-भाव से अपने फैंस का दिल लूट लेती हैं. एक्ट्रेस ने अपने करियर में राम-लखन, बेटा, हम आपके हैं कौन, दिल, राजा, खलनायक और दिल तो पागल है जैसी कई सुपरहिट फिल्में दी हैं. एक्ट्रेस एक से बढ़कर एक सॉन्ग पर परफॉर्म किया है लेकिन उन्होंने एक गाने को सबसे मुश्किल बताया था. इस गाने की एक लाइन पर माधुरी दीक्षित ने एकसाथ चार स्टेप किए थे. इस फिल्म को सबने फ्लॉप करार दिया था लेकिन जब मूवी रिलीज हुई तो ब्लॉकबस्टर निकली थी. 
बॉलीवुड के डायरेक्टर-प्रोड्यूसर फिल्मों में कई प्रयोग करते रहते हैं. 35 साल पहले एक डायरेक्टर-प्रोड्यूसर सुभाष घई ने अपने एक एक्सपीरेमेंट से सबको चौंका दिया. उन्होंने एक्शन हीरो संजय दत्त को विलेन का रोल दिया. दर्शकों ने इस फिल्म को हाथोंहाथ लिया. फिल्म ब्लॉकबस्टर निकली. इस फिल्म के एक गाने ‘चोली के पीछे क्या है’ पर बहुत विवाद हुआ था. जितना ज्यादा विवाद हुआ, फिल्म की पॉप्युलैरिटी उतनी ही बढ़ी. एक हफ्ते में एक करोड़ से ज्यादा ऑडियो कैसेट बिके थे. फिल्म को बैन करने की भी मांग उठी थी. फिल्म को सबने फ्लॉप करार दिया था लेकिन जब मूवी रिलीज हुई तो इतिहास रच दिया और ब्लॉकबस्टर निकली. फिल्म के गाने ‘चोली के पीछे क्या है’ गाने में माधुरी दीक्षित ने एक लाइन पर एक साथ चार स्टेप्स किए थे. आइये जानते हैं दिलचस्प किस्सा…

माधुरी दीक्षित ने ‘चोली के पीछे’ गाने की एक लाइन पर चार स्टेप्स एक साथ किए थे. इस स्टेप को माधुरी दीक्षित ने सबसे मुश्किल बताया था. उन्होंने अपने एक इंटरव्यू में इस बारे में कहा था, ‘चोली के पीछे क्या है’ में एक मूवमेंट था जहां ‘रेशम का लहंगा मेरा लाइन आती है. उसमें मैं एक चौथाई खड़ी हूं, दूसरा पैर सर्किल मूवमेंट में है, हाथ भी सर्किल मूवमेंट कर रहे हैं, रेशम का लहंगा मेरा, उसके साथ कमर भी चल रही है और उसके साथ एक्सप्रेशन भी हैं, यह थोड़ा डिफिकल्ट मूवमेंट था क्योंकि मैंने बहुत देर तक मेंटेन किया हुआ है.’यानी माधुरी दीक्षित ने ‘रेशम का लहंगा मेरा’ लाइन पर हाथ-पैर-कमर एकसाथ लचकाई थी, साथ ही चेहरे पर प्यारे से एक्सप्रेशन भी दिए थे.

‘चोली के पीछे’ गाने में माधुरी दीक्षित के साथ नीना गुप्ता भी नजर आई थीं. नीना गुप्ता ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘एक बार मुझसे किसी ने पूछा था कि चोली के पीछे क्या है? तो मैंने कहा था कि ज्यादा कुछ नहीं है. जब आप इस तरह से बात करते हैं लफंगे चुप हो जाते हैं. मुझे डांस करवाने का पूरा श्रेय सरोज खान को जाता है. जब वो आईं तो मैंने कहा कि मैं बहुत बढ़िया डांसर तो नहीं हूं. मुझे एक्सपीरिएंस भी नहीं है. उन्होंने कहा कि तुम जो कर पाओगी, मैं उस हिसाब से करूंगी. वह बहुत अच्छी थीं. उन्हें मेरी लिमिट पता थी, उस हिसाब से उन्होंने करवाया. मुझे गाने का शौक है. मैं एक स्टेप नहीं कर पाई थी, जिसका मुझे आज भी मलाल है.’

कोरियोग्राफर सरोज खान ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि जब उन्होंने ‘चोली के पीछे क्या है’ सॉन्ग के बोल सुने थे तो उन्हें अटपटा लगा था. संगीतकार प्यारेलाल ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था, ‘संजय दत्त का कैरेक्टर बहुत टफ था, इसलिए उसके लिए चोली के पीछे जैसा गाना बनाना पड़ा. माधुरी ने इस गाने पर एक्सीलेंट डांस किया है. हमने इसमें पहली बार एक नए इंस्ट्र्यूमेंट ‘सुंदरी’ का इस्तेमाल किया था, जो शहनाई जैसी होती है. लोगों ने बहुत तारीफ की थी.’

सिंगर इला अरुण ने रेडियो नशा ऑफिशियल को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि मुझे नहीं लगता कि मैंने इस गाने को गाकर कुछ गलत किया है. उन्होंने कहा था, ‘जब मुझे सुभाष घई ने बुलाया तो उन्होंने मेरी खराशभरी आवाज को पसंद किया. मेरे साथ मेरी परममित्र अल्का याज्ञनिक बैठी थी. वो बोले कि गाना लिखो. पहली लाइन थी कि ‘चोली के पीछे क्या है’. अल्का ज्ञागनिक की लाइन ‘चोली के पीछे दिल है मेरा’. मुझे इस गाने के लिए अपने पति से पूछना नहीं पड़ा. मैं कलाकार हूं, मैं कुछ ही चीज बिंदास कर सकती हूं, बस लिमिट में होनी चाहिए. उन्होंने मुझे जब गाना समझाया तो मेरे मुंह ‘आह…’ निकला. मेरी मां ने जरूर कहा कि अब तुम्हारा यह स्तर आ गया है जो ‘चोली के पीछे’ गा रही हो. यह गाना मेरे लिए बहुत अच्छा था. लोगों को ‘चोली में दिल है मेरा’ से गाने का सही मतलब पता चलता है.’

सुभाष घई ने अपने एक इंटरव्यू में माधुरी दीक्षित की खूबसूरती की बड़ी तारीफ की थी. उन्होंने कहा था, ‘मैंने जब माधुरी को पहली बार देखा उनका फेस बहुत खूबसूरत लगा. वो मुझसे ऑफिस में मिलीं. मैंने ट्रेनिंग, ग्रूमिंग देने का वादा किया. माधुरी ने कर्मा फिल्म के लिए एक शॉट भी दिया था. वो कश्मीर आई थीं. बाद में वह शॉट फिल्म से निकाल दिया गया लेकिन हमें फ्यूचर की स्टार मिल गई थी. उन्होंने बड़ी शक्ति-भक्ति के साथ काम किया.’

खलनायक फिल्म के समय बहुत कंट्रोवर्सी हो गई थी. संजय दत्त को मुंबई सीरियल बम ब्लास्ट केस में जेल जाना पड़ा था. सुभाष घई ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘संजय दत्ता हमेशा कहते थे कि ‘खलनायक’ फिल्म चलेगी. हालांकि ये लाइन बोलते समय वो माधुरी दीक्षित की ओर देखा करते थे. मैं समझ गया कि पिक्चर वाकई बहुत चलेगी.’

‘चोली के पीछे क्या है’ गाने के सिचुएशन आनंद बख्शी को बताई गई थी. उन्हें सुभाष घईने बताया था कि पुलिस अफसर बनी माधुरी दीक्षित विलेन संजय दत्त को लुभाना चाहती है. आनंद बख्शी ने जब फोन पहली लाइन ‘चोली के पीछे क्या है’ सुनाई तो सुभाष घई के हाथ से पेन गिर गया था. उन्हें जब दूसरी लाइन ‘चोली में दिल है मेरा, यह दिल मैं दूंगी अपने यार को, प्यार को…’ सुनाई तब तसल्ली हुई. गाना जब रिलीज हुआ तो एक हफ्ते में एक करोड़ ऑडियो कैसेट बिके थे.

बॉलीवुड से जुड़े कई फिल्मकारों-आलोचकों का कहना था कि खलनायक फिल्म नहीं चलेगी. फिल्म को बैन किए जाने की मांग को लेकर कई जगह प्रदर्शन भी हुए थे. सुभाष घई ने फिल्म के 10 प्रीमियर शो रखे जिनमें संजय दत्त-माधुरी दीक्षित ने शिरकत की थी. संजय दत्त की जेल वाली इमेज का फायदा उठाते हुए 6 अगस्त 1993 को सुभाष घई ने फिल्म रिलीज कर दी. करीब 4 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 21 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक फिल्म ब्लॉकबस्टर मूवी साबित हुई. चोली के पीछे सॉन्ग के लिए अल्का याज्ञनिक और इला अरुण को बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड मिला था. सरोज खान को बेस्ट कोरियोग्राफर का अवॉर्ड मिला था.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
November 08, 2025, 11:47 IST
homeentertainment
माधुरी दीक्षित ने जब एकसाथ किए चार स्टेप, मूवी को समझा फ्लॉप, निकली ब्लॉकबस्टर



