देशभर से आई प्रतिभाओं ने बिखेरा फैशन का जलवा: एफडीडीआई जोधपुर में ‘समागम 2025’ का हुआ भव्य समापन!

जोधपुर. फैशन की दुनिया में अपनी अलग पहचान रखने वाले एफडीडीआई जोधपुर में छात्रों ने अपनी ही डिजाइन की शानदार ड्रेस पहनकर रैंप पर जलवा बिखेरा. चार दिवसीय नेशनल कल्चरल फेस्ट ‘समागम 2025’ के अंतर्गत आयोजित फैशन शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को रचनात्मकता, कला और रंगों के अद्भुत माहौल से भर दिया. समापन समारोह में अतिथि के रूप में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. डॉ. हरप्रीत कौर शामिल हुई और एफडीडीआई के मैनेजिंग डायरेक्टर विवेक शर्मा (IRS) की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ. कार्यक्रम में राजस्थानी सांस्कृतिक धरोहर का अद्भुत रंग तब देखने को मिला जब प्रसिद्ध लंगा पार्टी ने अपनी लोक-धुनों से मंच को जीवंत कर दिया.
इसके बाद विभिन्न कैंपसों के विजेता छात्रों द्वारा प्रस्तुत संगीत, नृत्य, नाटक और फैशन शो की श्रृंखला ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया. छात्रों की क्रिएटिविटी, कॉन्फिडेंस और प्रस्तुति कौशल की हर ओर सराहना हुई. एकल गायन में छिंदवाड़ा कैंपस के सारांश बरमिया, समूह गायन में कोलकाता कैंपस से सोम्य श्रेय, अन्वेशा बासु, साहेली घोष, माहिका बोस और अन्नेषा, एकल नृत्य में कोलकाता कैंपस से देवान्गना, सामूहिक नृत्य में जोधपुर कैंपस से तनुश्री राजपुरोहित, अनुष्का पोखरियाल, सौम्या शर्मा, भावना वैष्णव और सुखविंदर कौर, वाद्य यंत्र वादन में विनायक पुरोहित और नुक्कड़ नाटक में जोधपुर कैंपस के छात्रों देव प्रजापत, दिपाराम, दिव्या गोयल, मुस्कान, शालिनी, सुब्रत और दिव्यांशी ने बाजी मारी. इसी अवसर पर कोलकाता कैंपस एवं जोधपुर कैंपस के डिजाइनरों द्वारा तैयार किए गए गारमेंट्स रैंप पर उतारे गए. फेस्ट के अंतर्गत ट्रॉफी एवं सर्टिफिकेट वितरण मुख्य अतिथि और मैनेजिंग डायरेक्टर द्वारा किया गया.
समागम 2025 ने बढ़ाई जोधपुर कैंपस की पहचान
मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. हरप्रीत कौर (कुलपति, NLU) ने कहा, “समागम 2025 में छात्रों में रचनात्मकता, अनुशासन और पेशेवर दृष्टि का शानदार मिश्रण दिखाई दिया है. ऐसे आयोजन छात्रों में नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और कला कौशल को विकसित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.” एफडीडीआई की रचनात्मक संस्कृति को नई दिशा देने की प्रशंसा करते हुए मैनेजिंग डायरेक्टर विवेक शर्मा (IRS) ने कहा, “FDDI एक उत्कृष्ट डिजाइन और नवाचार संस्थान के रूप में निरंतर आगे बढ़ रहा है. यहां के छात्रों की ऊर्जा, समर्पण और प्रतिभा देखकर गर्व होता है, समागम 2025 ने संस्थान की रचनात्मक संस्कृति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया है. एफडीडीआई जोधपुर के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार का कहना था कि यह महोत्सव हमारे छात्रों की मेहनत और हुनर की जीवंत तस्वीर है. पूरे देश से आए प्रतिभागियों की मेजबानी करना हमारे लिए खुशी और गर्व की बात है, समागम 2025 ने जोधपुर कैंपस की भूमिका को और सशक्त बनाया है. चार दिनों तक चले इस राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव का समापन कर्नल पंकज कुमार सिन्हा, सचिव FDDI, द्वारा वोट ऑफ थैंक्स के साथ हुआ.



