अक्षय तृतीया पर बसा उदयपुर आज बना शाही वेडिंग हब, देश-विदेश के सितारों की पहली पसंद बना यह शानदार शहर

Last Updated:April 19, 2026, 16:06 IST
Udaipur, City of Lakes : उदयपुर, जिसे झीलों की नगरी कहा जाता है, आज अपनी शाही विरासत और खूबसूरती के साथ डेस्टिनेशन वेडिंग हब बन चुका है. अक्षय तृतीया पर स्थापित यह शहर अब देश-विदेश के पर्यटकों और बड़े सितारों की पसंद बन गया है, जहां इतिहास और आधुनिकता का शानदार मेल देखने को मिलता है.
राजस्थान की झीलों की नगरी उदयपुर आज देश-दुनिया में अपनी शाही विरासत, खूबसूरत पहाड़ियों और पर्यटन के लिए खास पहचान बना चुका है. हर साल हजारों सैलानी यहां घूमने आते हैं, वहीं अब यह शहर डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए भी बड़ी पहचान बन गया है. बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक के कई बड़े सितारे यहां शादियां और इवेंट्स करना पसंद कर रहे हैं.
उदयपुर का इतिहास भी उतना ही दिलचस्प है जितना इसका वर्तमान. शहर की स्थापना मेवाड़ के शासक महाराणा उदय सिंह द्वितीय ने अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर की थी. बताया जाता है कि चित्तौड़गढ़ में लगातार हो रहे हमलों और विवादों के चलते नई सुरक्षित राजधानी की जरूरत महसूस हुई. ऐसे में अरावली की पहाड़ियों के बीच बसे इस क्षेत्र को चुना गया, जो प्राकृतिक रूप से सुरक्षित और सुंदर था.
अक्षय तृतीया का दिन हिंदू धर्म में बेहद शुभ माना जाता है, और इसी दिन उदयपुर की नींव रखी गई थी. यही वजह है कि शहर की स्थापना से जुड़ी यह तिथि आज भी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से खास मानी जाती है. समय के साथ यह शहर मेवाड़ की नई राजधानी बना और धीरे-धीरे अपनी अलग पहचान बनाने लगा.
Add as Preferred Source on Google
अगर वर्तमान की बात करें तो उदयपुर अब सिर्फ ऐतिहासिक शहर नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से लैस एक बड़ा पर्यटन केंद्र बन चुका है. शहर में 400 से ज्यादा होटल और रेस्टोरेंट मौजूद हैं, जो हर वर्ग के पर्यटकों की जरूरतों को पूरा करते हैं. एयर, रेल और रोड कनेक्टिविटी भी काफी बेहतर हो चुकी है, जिससे देश के किसी भी हिस्से से यहां पहुंचना आसान हो गया है.
पिछले कुछ वर्षों में उदयपुर डेस्टिनेशन वेडिंग का हब बनकर उभरा है. बड़े-बड़े होटल, लेक व्यू लोकेशन और शाही महल जैसे वेन्यू यहां की खासियत हैं. कई फिल्मी सितारों और उद्योगपतियों ने यहां शादियां की हैं, जिससे शहर की लोकप्रियता और बढ़ी है.हाल ही में अभिनेत्री रश्मिका मंदांना की शादी की चर्चाओं ने भी उदयपुर को सुर्खियों में ला दिया.
पर्यटन के साथ-साथ शहर में इंफ्रास्ट्रक्चर का भी तेजी से विकास हुआ है. नई सड़कें, बेहतर सुविधाएं और आधुनिक होटल इंडस्ट्री ने इसे ग्लोबल टूरिस्ट मैप पर मजबूत जगह दिलाई है. वहीं, शहर ने अपनी पुरानी संस्कृति और परंपराओं को भी संजोकर रखा है, जो इसे बाकी शहरों से अलग बनाती है.
अक्षय तृतीया पर बसाया गया उदयपुर आज इतिहास और आधुनिकता का बेहतरीन मेल बन चुका है. शाही अतीत से निकलकर यह शहर अब पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग की दुनिया में नई ऊंचाइयों को छू रहा है. उदयपुर शहर के हर महीने लाखों की संख्या में पर्यटक यहां की खूबसूरती को निहारने आते हैं, वही यहां के लोगो की तरह से भी उनकी मेहमान नवाजी में कोई कमी नहीं रखी जाती.
First Published :
April 19, 2026, 16:06 IST



