झुलसाती गर्मी में मुल्तानी मिट्टी बना सहारा, देसी स्किन केयर का है नायाब नुस्खा, बाड़मेर में इस वजह से बढ़ी डिमांड

Last Updated:April 23, 2026, 08:29 IST
Multani Mitti Uses Tips: बाड़मेर में मिलने वाली मुल्तानी मिट्टी गर्मियों में स्किन केयर का सस्ता और असरदार विकल्प बनकर उभर रही है. तेज गर्मी और धूल के बीच लोग केमिकल प्रोडक्ट्स छोड़कर देसी उपाय अपना रहे हैं. मुल्तानी मिट्टी की कूलिंग और तेल सोखने की क्षमता इसे खास बनाती है. भाड़खा, रोहिली और गिरल जैसे इलाकों में इसकी भरपूर खानें हैं. विदेशों में महंगी बिकने वाली यह मिट्टी यहां आसानी से उपलब्ध है और गर्मियों में इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है.
बाड़मेर. तेज गर्मी, चुभती धूप और उड़ती धूल के बीच इन दिनों त्वचा से जुड़ी समस्याएं आम हो गई हैं. पसीना, चिपचिपाहट, ऑयली स्किन और चेहरे पर जलन से परेशान लोग अब महंगे केमिकल प्रोडक्ट्स से दूरी बनाकर देसी उपायों की ओर लौट रहे हैं. ऐसे में मुल्तानी मिट्टी फिर से लोगों की पहली पसंद बनती नजर आ रही है. पश्चिमी सरहद पर बसे बाड़मेर जिले में मुल्तानी मिट्टी प्रचुर मात्रा में मिलती है. भाड़खा, रोहिली, कपूरड़ी, थुंबली और गिरल जैसे क्षेत्रों में इसकी खानें मौजूद हैं. खास बात यह है कि जहां विदेशों में यही मिट्टी महंगे दामों पर बिकती है,
वहीं बाड़मेर में यह बेहद सस्ते और आसानी से उपलब्ध ब्यूटी प्रोडक्ट के रूप में इस्तेमाल की जाती है. भीषण गर्मियों में जब तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच जाता है, तब मुल्तानी मिट्टी शरीर को ठंडक देने में कारगर साबित होती है. इसकी सबसे बड़ी खासियत तेल सोखने की क्षमता है, जो त्वचा को साफ, ताजा और ठंडा बनाए रखती है. यही वजह है कि यह गर्मियों के लिए एक प्राकृतिक और असरदार विकल्प मानी जाती है.
कूलिंग इफेक्ट है सबसे बड़ी खासियत
मुल्तानी मिट्टी की सबसे बड़ी खासियत इसका कूलिंग इफेक्ट है. चेहरे या त्वचा पर लगाने से यह तुरंत ठंडक देती है, जिससे गर्मी से होने वाली जलन और लालिमा में राहत मिलती है. इससे चेहरे पर ताजगी बनी रहती है और मुंहासों की समस्या भी कम हो सकती है. यही कारण है कि आज भी यह देसी नुस्खा मॉडर्न स्किन केयर ट्रेंड में अपनी जगह बनाए हुए है.
गर्मियों में बढ़ी मुल्तानी मिट्टी की मांग
भाडखा निवासी खान मालिक मीठा खान जुनेजा के मुताबिक, इस मौसम में मुल्तानी मिट्टी की बिक्री में साफ इजाफा देखने को मिल रहा है. जहां एक ओर महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स जेब पर भारी पड़ते हैं, वहीं मुल्तानी मिट्टी बेहद सस्ती और आसानी से उपलब्ध है. यही कारण है कि शहर से लेकर गांव तक इसकी डिमांड हर साल गर्मियों में बढ़ जाती है.
मुल्तानी मिट्टी का गर्मियों में ऐसे करें इस्तेमाल
मुल्तानी मिट्टी को अलग-अलग तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं. कोई इसे गुलाब जल के साथ मिलाकर फेस पैक बना रहा है तो कोई दही या एलोवेरा के साथ मिलाकर त्वचा को और ज्यादा ठंडक और पोषण दे रहा है. मुल्तानी मिट्टी का उपयोग न केवल ब्यूटी प्रॉडक्ट्स बल्कि दवाइयों में इसका इस्तेमाल किया जाता है.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Barmer,Rajasthan
First Published :
April 23, 2026, 08:29 IST



