कोहली के 9000 रन, भुवी-हेजलवुड का तूफान, आंधी से रुका खेल, देखें दिल्ली-आरसीबी मैच के मोमेंट-रिकॉर्ड

Last Updated:April 28, 2026, 05:16 IST
RCB vs DC Match Moments and Records: आईपीएल 2026 के 39वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स पर आरसीबी की टीम पूरी तरह हावी नजर आई. अरुण जेटली स्टेडियम में पहले आरसीबी के गेंदबाजों जलवा दिखाया और दिल्ली कैपिटल्स की पारी कोई 75 रन पर ही ढेर कर दिया. आसान से लक्ष्य का पीछा आरसीबी ने सातवें ओवर में ही 81 गेंद रहते बड़ी जीत दर्ज कर ली. चलिए इस मैच के कुछ खास पल और रिकॉर्ड जानते हैं…
मैच के पहले ही ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने एक यॉर्कर गेंद फेंकी, जो देखने लायक थी. दिल्ली कैपिटल्स ने साहिल परख को डेब्यू कराया. साहिल केएल राहुल के साथ ओपनिंग करने उतरे. भुवनेश्वर कुमार ने ओवर की तीसरी गेंद एक सटीक यॉर्कर फेंकी, जिसका साहिल के पास कोई जवाब नहीं था. गेंद सीधा जड़ में गिरी और स्टंप्स बिखेरती हुई निकल गई. इसी के साथ साहिल अपने डेब्यू मैच में खाता तक नहीं खोल पाए.
जोश हेजलवुड ने गेंद थामते ही तबाही मचा दी. पारी का दूसरा ओवर लेकर आए ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज हेजलवुड ने आते ही तहलका मचा दिया. उन्होंने पहली गेंद पर केएल राहुल और अगली ही गेंद पर समीर रिजवी का बोरिया बिस्तर बांधकर दिल्ली की हालात खस्ता कर दी.
तीसरे ओवर में भुवनेश्वर ने भी दो विकेट झटके, जिससे 8 रन के कुल स्कोर पर दिल्ली की आधी टीम पवेलियन लौट गई. भुवी ने ट्रिस्टन स्टब्स और अक्षर पटेल को चलता किया. मुश्किलें यहीं कम नहीं हुईं, चौथे ओवर में हेजलवुड ने नीतीश राणा को आउट करके दिल्ली को छठा झटका दे दिया. दिल्ली का स्कोर अब 6 विकेट के नुकसान पर 8 रन था.
Add as Preferred Source on Google
पावरप्ले में भुवी और हेजलवुड की घातक गेंदबाजी से दिल्ली 13 रन ही बोर्ड पर लगा पाई, जिससे उसके नाम शुरुआती 6 ओवरों में सबसे छोटे स्कोर का शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया. भुवी और हेजलवुड ने इस दौरान तीन-तीन विकेट चटकाकर दिल्ली के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह तबाह कर दिया. इससे पहले सबसे छोटे पावरप्ले स्कोर का रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के नाम था, जिन्होंने 14-14 रन बनाए थे.
मिलर के आउट होने के बाद दिल्ली को ऑलआउट होने में ज्यादा वक्त नहीं लगा. अभिषेक पोरेल के 30 रन की मदद से दिल्ली किसी तरह 75 रन के टोटल तक पहुंच पाई. हेजलवुड ने चौथा विकेट लेते हुए पोरेल को आउट किया और इसी के साथ 16.3 ओवर में दिल्ली की पारी सिमट गई. यह दिल्ली का आईपीएल में तीसरा सबसे छोटा टोटल है. वहीं, आरसीबी के खिलाफ भी यह किसी टीम का तीसरा सबसे छोटा टोटल है.
डेविड मिलर और अभिषेक पोरेल ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन नौवें ओवर आखिरी गेंद पर रसिख सलाम डार ने मिलर को चलता कर दिल्ली को सातवां झटका दे दिया. मिलर 19 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि, इस दौरान उन्होंने टी20 क्रिकेट में 12000 रन का आंकड़ा छू लिया. मिलर इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के13वें बल्लेबाज और फाफा डु प्लेसिस और क्विंटन डिकॉक के बाद साउथ अफ्रीका के तीसरे बैटर बने.
विकेटों के इस पतझड़ के बीच मैदान पर धूल भरी आंधी ने मैच में खलल डालने का काम किया. अचानक आए इस बवंडर की वजह से खेल को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा. हालांकि, खिलाड़ी मैदान पर ही रहे, लेकिन स्थिति यह थी कि बैटिंग संभव नहीं हो सकती थी. कुछ देर के बाद यह आंधी शांति हुई, जिसके फिर खेल शुरू हो गया, लेकिन इसके बाद भी आरसीबी के गेंदबाजों का कहर जारी रहा.
मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी के जेकब बेथल और विराट कोहली ने पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़े. बेथल 11 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद देवदत्त पडिक्कल और कोहली ने 6.3 ओवर में ही टीम की जीत सुनिश्चित कर दी. पडिक्कल ने 13 गेंदों में तूफानी 34 रन ठोके, जबकि कोहली ने 23 रन बनाए. कोहली के बल्ले से विनिंग सिक्स देखने को मिला.
विराट कोहली ने पारी के छठे ओवर की आखिरी गेंद पर सिंगल लिया और इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल में 9000 रन का मुकाम हासिल कर लिया. यहां तक पहुंचने वाले वह इतिहास के पहले बल्लेबाज हैं. कोहली को 11 रन की दरकार थी. विराट कोहली ने किसी एक आईपीएल टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर भी कब्जा जमा लिया है. पहले नंबर पर भी वही हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उनके 1174 रन हैं, जबकि दिल्ली के खिलाफ 1172 रन अब तक बनाए हैं.
आरसीबी की यह दिल्ली के खिलाफ 35 मैचों में 21वीं जीत है. इससे डिफेंडिंग चैंपियन किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. चेन्नई सुपर किंग्स, केकेआर, मुंबई इंडियंस के नाम भी 21-21 जीत दर्ज हैं. आरसीबी ने 81 गेंदे रहते मैच नाम कर लिया, जो बची गेंदों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी जीत है. मुंबई ने केकेआर को 2008 में 87 गेंदे रहते हराया था.
First Published :
April 28, 2026, 05:16 IST



