Udaipur News Over-speeding Challan for Parked Car

Last Updated:May 07, 2026, 15:49 IST
Udaipur News: उदयपुर के मॉडर्न कॉम्प्लेक्स में रहने वाले बिजनेसमैन प्रमोद खाब्या की पार्किंग में खड़ी एसयूवी का चित्तौड़गढ़ पुलिस ने ओवरस्पीडिंग का चालान काट दिया. चालान के समय गाड़ी घर पर ही खड़ी थी, जिसका प्रमाण सीसीटीवी फुटेज में भी मिला है. पुलिस की ओर से सुबह 8:40 बजे बानसेन और घोसुंडा के बीच गाड़ी को ओवरस्पीडिंग करते बताया गया, जबकि पीड़ित परिवार ने पार्किंग में खड़ी गाड़ी के सबूत पेश कर पुलिस सिस्टम की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं.
ख़बरें फटाफट

पार्किंग में खड़ी गाड़ी का 100 KM दूर कटा चालान
उदयपुर. राजस्थान के लेक सिटी उदयपुर से पुलिस की कार्यप्रणाली और डिजिटल चालान सिस्टम पर सवालिया निशान खड़ा करने वाला एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक बिजनेसमैन की गाड़ी घर की पार्किंग में खड़ी थी, लेकिन उसी समय करीब 100 किलोमीटर दूर चित्तौड़गढ़ में उसका ओवरस्पीडिंग का चालान काट दिया गया. इस घटना के बाद पीड़ित परिवार अचंभित है और पुलिस प्रशासन की इस बड़ी चूक पर सवाल उठा रहा है.
उदयपुर के मॉडर्न कॉम्प्लेक्स निवासी बिजनेसमैन प्रमोद खाब्या ने बताया कि उनके बेटे दिव्य खाब्या के नाम से रजिस्टर्ड एसयूवी (गाड़ी नंबर RJ27CR0031) रात को एक शादी समारोह से लौटने के बाद घर की सुरक्षित पार्किंग में खड़ी कर दी गई थी. अगली सुबह 9 बजकर 34 मिनट पर प्रमोद खाब्या के मोबाइल पर ट्रैफिक नियम उल्लंघन का एक मैसेज आया. जब उन्होंने मैसेज में दिए गए लिंक को खोला, तो उनके होश उड़ गए.
चित्तौड़गढ़ एसपी कार्यालय द्वारा जारी नोटिस नंबर 179051740 के अनुसार, उनकी गाड़ी का एक हजार रुपए का चालान काटा गया था. चालान में उल्लेख किया गया था कि सुबह 8 बजकर 40 मिनट पर बानसेन और घोसुंडा के बीच गाड़ी ओवरस्पीडिंग करते हुए पकड़ी गई है.
CCTV फुटेज ने साबित की पुलिस की गलतीमैसेज मिलने के तुरंत बाद परिवार ने पार्किंग में जाकर देखा, तो गाड़ी सुरक्षित वहीं खड़ी थी जहाँ उसे रात को पार्क किया गया था. खाब्या परिवार का दावा है कि जिस समय (8:40 AM) पुलिस ने चालान काटा, उस दौरान गाड़ी घर से एक इंच भी बाहर नहीं निकली थी. अपनी बात को पुख्ता करने के लिए परिवार ने घर के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी खंगाले, जिनमें स्पष्ट दिख रहा है कि चालान के समय गाड़ी पार्किंग में ही खड़ी है.
अस्पष्ट फोटो ने बढ़ाया संदेहप्रमोद खाब्या ने आरोप लगाया कि चालान के साथ जो फोटो संलग्न की गई है, उसमें भी उनकी गाड़ी स्पष्ट रूप से नजर नहीं आ रही है. संभवतः कैमरे ने किसी दूसरी गाड़ी का नंबर पढ़ने में गलती की है या फिर किसी ने फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग किया है. इस तकनीकी खामी या मानवीय त्रुटि के कारण अब एक निर्दोष नागरिक को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस मामले के सामने आने के बाद अब पुलिस की ‘स्मार्ट’ चालान प्रक्रिया और इंटरसेप्टर कैमरों की सटीकता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Udaipur,Udaipur,Rajasthan



