राजस्थान में मौसम की मार! जोधपुर-बाड़मेर में हीटवेव अलर्ट, इन जिलों में आंधी-बारिश के आसार

Rajasthan Aaj Ka Mausam: राजस्थान में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है. पश्चिमी जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव का कहर जारी है, तो कुछ पूर्वी और उत्तरी इलाकों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि ने लोगों को गर्मी से राहत दी है. सोमवार को हनुमानगढ़ में करीब एक घंटे तक बारिश हुई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई. सुबह 6:45 बजे शुरू हुई इस बारिश ने गर्मी से परेशान नागरिकों को काफी राहत पहुंचाई. वहीं श्रीगंगानगर के विजयनगर क्षेत्र में शाम को बारिश के साथ ओले भी गिरे, जिससे फसलों को नुकसान का खतरा पैदा हो गया.
मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में आंधी, धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. हालांकि पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का प्रकोप अभी भी बरकरार है. रविवार को बाड़मेर में 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश का सबसे गर्म स्थान रहा. जैसलमेर, बीकानेर, फलोदी और बाड़मेर जैसे इलाकों में दिनभर हीटवेव चली, जबकि पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में मौसम अपेक्षाकृत राहतभरा रहा.
आज जैसलमेर-जोधपुर सहित इन जिलों में हीटवेव का ऑरेज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में आगामी दिनों में गर्मी और हीटवेव का प्रभाव बने रहने की संभावना है. IMD ने 12 से 14 मई तक विभिन्न जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए हैं. आज 12 मई को जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर और चित्तौड़गढ़ में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट है. वहीं बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, टोंक, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, प्रतापगढ़ और बांसवाड़ा में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
नागौर, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर में आज आंधी, धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. पूर्वी राजस्थान में धूल भरी आंधी (Dust Storm) के साथ हल्की बारिश संभव है, जो गर्मी से कुछ राहत दे सकती है.
14 मई तक भीषण गर्मी का रहेगा प्रकोप
14 मई को भी पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर मजबूत रहेगा. जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी है. बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, डूंगरपुर, उदयपुर और बांसवाड़ा में येलो अलर्ट रहेगा. पश्चिमी राजस्थान में 15 मई तक हीटवेव और वार्म नाइट कंडीशंस संभावित हैं.
जयपुर में 42 डिग्री तक जा सकता है तापमान
जयपुर में आज न्यूनतम तापमान 30 डिग्री और अधिकतम 42 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है. पश्चिमी भागों में तापमान 45-47 डिग्री तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने हीटवेव प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, खूब पानी पीने, हल्के रंगों के कपड़े पहनने और ओआरएस का सेवन करने की सलाह दी है. किसानों को ओलों और आंधी से फसलों की सुरक्षा के उपाय करने चाहिए. राजस्थान में मौसम दो भागों में बंटा हुआ है. एक तरफ रेगिस्तानी गर्मी, तो दूसरी तरफ विक्षोभ से बारिश की उम्मीद है. आगामी दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ और इलाकों में बारिश संभव है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का सितम जारी रहेगा.



