Ground report | Water Problem

Last Updated:June 16, 2026, 13:19 IST
Dhaulpur News : धौलपुर के दारा सिंह नगर सेक्टर सी में तीन साल से सीवर जाम और जलभराव, गंदा पानी सड़कों व घरों में घुस रहा, सैकड़ों शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं, आंदोलन की चेतावनी. कॉलोनी निवासी देवेश शर्मा ने बताया कि बेहतर सुविधाओं की उम्मीद में वे गांव छोड़कर शहर में रहने आए थे, लेकिन अब स्थिति गांवों से भी बदतर हो चुकी है. उनका कहना है कि दारा सिंह नगर सेक्टर-सी में पिछले तीन वर्षों से सीवर जाम की समस्या बनी हुई है.
ख़बरें फटाफट
धौलपुर. धौलपुर शहर की दारा सिंह नगर सेक्टर-सी कॉलोनी में सीवर जाम और जलभराव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. मानसून शुरू होने से पहले ही कॉलोनी की सड़कों पर सीवर का गंदा और बदबूदार पानी भर गया है, जिससे स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है. सीवर लाइन ब्लॉक होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और पिछले तीन वर्षों से यह समस्या जस की तस बनी हुई है.
सीवर का दूषित पानी सड़कों पर लगातार बह रहा है, जिससे सड़कें उखड़ने लगी हैं और कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं. इससे वाहन चालकों, राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालात इतने खराब हैं कि कई घरों तक बदबूदार पानी पहुंचने लगा है, जिससे संक्रमण और महामारी फैलने का खतरा बढ़ गया है.
तीन साल से बनी हुई है समस्याकॉलोनी निवासी देवेश शर्मा ने बताया कि बेहतर सुविधाओं की उम्मीद में वे गांव छोड़कर शहर में रहने आए थे, लेकिन अब स्थिति गांवों से भी बदतर हो चुकी है. उनका कहना है कि दारा सिंह नगर सेक्टर-सी में पिछले तीन वर्षों से सीवर जाम की समस्या बनी हुई है. सड़क पर हमेशा गंदा पानी भरा रहता है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है. कॉलोनी के लोग धौलपुर प्रशासन, जिला कलेक्टर और मुख्यमंत्री स्तर तक 500 से अधिक शिकायतें भेज चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है. देवेश शर्मा ने कहा कि कई बार घरों में आने वाले नलों के पानी में भी सीवरयुक्त पानी आ जाता है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है. उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.
मानसून से पहले समाधान की मांगदारा सिंह नगर कॉलोनी निवासी बिशन स्वरूप शर्मा ने बताया कि उनके घर के सामने सीवर लाइन पूरी तरह जाम पड़ी है. इसके कारण बदबूदार पानी लगातार जमा रहता है और उसकी दुर्गंध घरों तक पहुंचती है. नगर परिषद की टीम कई बार मौके पर आई, लेकिन केवल अस्थायी कार्रवाई कर लौट गई. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मानसून से पहले सीवर लाइन की सफाई और मरम्मत नहीं हुई तो कॉलोनीवासी उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेंगे.
‘सड़क पर नदी बह रही’स्थानीय निवासी पीयूष कुमार ने बताया कि जाम सीवर से इतना अधिक पानी निकलता है कि मानो सड़क पर छोटी नदी बह रही हो. बारिश के दौरान यही दूषित पानी घरों में घुस जाता है. उन्होंने कहा कि बुजुर्गों और बच्चों को सड़क पर चलने में सबसे ज्यादा परेशानी होती है और कई लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं. उनका कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद, जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. कॉलोनीवासियों का कहना है कि सड़क के बीच बने सीवर चैंबर को भी ऊंचा छोड़ दिया गया है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि मानसून आने तक सीवर जाम और जलभराव की समस्या दूर नहीं हुई तो धौलपुर से लेकर जयपुर तक आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.
About the AuthorAnand Pandey
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Dhaulpur,Dhaulpur,Rajasthan



