Honor Killing In Dholpur I दो नाबालिग बहनों की संदिग्ध मौत I Dholpur news I rajasthan news

Last Updated:June 19, 2026, 21:07 IST
Honor Killing In Dholpur: धौलपुर के फराकपुरा गांव में दो नाबालिग बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. प्रारंभिक जांच में मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है. बताया जा रहा है कि बच्चियों के पिता भरत लोधा और एक पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. परिजनों और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद और पंचायत में दिए गए बयानों के बाद मामला और गंभीर हो गया है. फिलहाल पुलिस चंबल नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है.धौलपुर में दो बहनों की संदिग्ध मौत
धौलपुर. जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित फराकपुरा गांव में दो नाबालिग बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना को ऑनर किलिंग से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने जांच के दौरान बच्चियों के पिता भरत लोधा और उनके एक पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि दोनों बहनें पिछले कई दिनों से लापता थी, जिसके बाद परिवार और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई थी. मामले को लेकर गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी, जहां कई चौंकाने वाले दावे सामने आए.
पंचायत में सामने आया बयान
जानकारी के अनुसार, पंचायत के दौरान पिता भरत लोधा ने कथित रूप से स्वीकार किया कि बच्चियां चंबल नदी में गिर गई थी. इस बयान के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. वहीं परिजन के एक अन्य सदस्य लखपत लोधा ने आरोप लगाया कि बच्चियों को 11 जून को वाहन में ले जाया गया था और बाद में उनकी हत्या की आशंका जताई गई.
पुलिस और एफएसएल टीम की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड़ सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने इलाके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
चंबल नदी में सर्च ऑपरेशन जारी
पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए चंबल नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, जिसके चलते यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. घटना के बाद फराकपुरा गांव में शोक और तनाव का माहौल है, ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता दोनों ही देखने को मिल रहे हैं. पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Dhaulpur,Rajasthan



