Jhalawar News: सोशल मीडिया पर जेल से छूटते ही गैंगस्टर स्टाइल दिखाना पड़ा महंगा, हिस्ट्रीशीटर समेत 10 गिरफ्तार

Last Updated:June 28, 2026, 22:13 IST
Jhalawar News:झालावाड़ में जेल से रिहा हुए हिस्ट्रीशीटर कबीर संजरी और उसके साथियों द्वारा शक्ति प्रदर्शन कर गैंगस्टर स्टाइल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करना महंगा पड़ गया. वायरल वीडियो के आधार पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कबीर संजरी समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन चार पहिया वाहन भी जब्त किए हैं. हिस्ट्रीशीटर कबीर संजरी
झालावाड़. जेल से रिहा हुए हिस्ट्रीशीटर कबीर संजरी और उसके साथियों द्वारा किए गए शक्ति प्रदर्शन पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 24 जून को हिस्ट्रीशीटर कबीर संजरी जिला कारागृह से रिहा हुआ था. रिहाई के समय उसके 20 से 25 साथी चार पहिया वाहनों के साथ जेल के मुख्य द्वार पर एकत्रित हुए और जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शोर-शराबा और नारेबाजी करते हुए तेज रफ्तार वाहनों का काफिला शहर के प्रमुख बाजारों से निकाला. इस दौरान पूरे घटनाक्रम को गैंगस्टर स्टाइल में फिल्माया गया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. पुलिस का कहना है कि इस वीडियो का उद्देश्य अपराधी का दबदबा दिखाना, गैंग का प्रभाव बढ़ाना और आम लोगों में डर का माहौल बनाना था.
वीडियो के आधार पर हुई पहचान
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की. वीडियो में कबीर संजरी के भाई अमन संजरी सहित कई अन्य युवक सक्रिय रूप से नजर आए. इसके बाद पुलिस ने सभी की पहचान सुनिश्चित कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की. कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर कबीर संजरी, अमन संजरी, आशी, फरहान खान, अमन खान, इमरान खान, आसिफ खान, राहिल खान, साहिल और ईरफान उर्फ गुल्लू सहित कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इसके साथ ही उनके कब्जे से तीन चार पहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग शक्ति प्रदर्शन के दौरान किया था.
अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने, अपराधियों का महिमामंडन करने या सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संदेश दिया गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और अपराधियों के प्रभाव को बढ़ावा देने वाले किसी भी कृत्य पर कड़ी कार्रवाई होगी.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jhalawar,Rajasthan



