PM मोदी जोधपुर को देंगे ट्रिपल सौगात, एयरपोर्ट, उड़ान योजना और फोरलेन रोड लिखेंगे विकास के नए आयाम

जोधपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोधपुर को ऐसी सौगातें देने जा रहे हैं, जिनका असर केवल शहर तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि पूरे पश्चिमी राजस्थान की कनेक्टिविटी, पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों पर दिखाई देगा. अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री एक ओर जहां संशोधित उड़ान योजना का शुभारंभ करेंगे, वहीं जोधपुर हवाई अड्डे के नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का उद्घाटन भी करेंगे. इसके साथ ही जोधपुर रिंग रोड के खंड-2 पर विकसित एनएच-125ए के चार लेन मार्ग को भी जनता को समर्पित किया जाएगा.
केंद्र सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय हवाई संपर्क मजबूत होगा, सड़क परिवहन अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा तथा पर्यटन और निवेश को नई गति मिलेगी. जोधपुर पहले से ही पश्चिमी राजस्थान का प्रमुख व्यापारिक और पर्यटन केंद्र माना जाता है. ऐसे में नई विमानन नीति, आधुनिक एयरपोर्ट अवसंरचना और बेहतर सड़क नेटवर्क मिलकर शहर को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.
संशोधित उड़ान योजना से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
प्रधानमंत्री जोधपुर में संशोधित उड़ान योजना का शुभारंभ करेंगे. इस योजना के लिए 28,840 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है. इसका उद्देश्य अगले 10 वर्षों में विमानन आधारित विकास को गति देना और देश के दूरस्थ क्षेत्रों तक हवाई संपर्क पहुंचाना है. योजना के तहत छोटे शहरों और कम सेवा वाले क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
100 नए हवाई अड्डों और 200 हेलीपैड के विकास पर जोर
नई योजना के तहत देशभर में 100 हवाई अड्डों के विकास का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 12,000 करोड़ रुपए से अधिक का बजट निर्धारित किया गया है. इसके अलावा क्षेत्रीय हवाई अड्डों को शुरुआती वर्षों में संचालन सहायता देने के लिए 2,500 करोड़ रुपए से अधिक की राशि रखी गई है. दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच बढ़ाने के लिए 200 आधुनिक हेलीपैड विकसित करने का भी प्रस्ताव है.
एयरलाइन कंपनियों को मिलेगा आर्थिक सहयोग
क्षेत्रीय उड़ानों को बढ़ावा देने के लिए एयरलाइन कंपनियों को 10,000 करोड़ रुपए से अधिक की वायबिलिटी गैप फंडिंग सहायता जारी रखी गई है. आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत एचएल ध्रुव और डोर्नियर जैसे स्वदेशी विमानों और हेलीकॉप्टरों की खरीद को भी बढ़ावा दिया जाएगा. इससे कम सेवा वाले क्षेत्रों में हवाई संपर्क और बेहतर हो सकेगा.
480 करोड़ की लागत से तैयार हुआ नया टर्मिनल भवन
प्रधानमंत्री जोधपुर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन भी करेंगे. 480 करोड़ रुपए की लागत से विकसित यह भवन 23,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है. इसकी वार्षिक यात्री क्षमता 20 लाख यात्रियों की है. आधुनिक सुविधाओं से लैस यह टर्मिनल यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा.
राजस्थानी विरासत और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम
नए टर्मिनल भवन की वास्तुकला राजस्थान की शाही विरासत से प्रेरित है. इसमें मेहराब, झरोखे और पारंपरिक राजस्थानी शैली को आधुनिक डिजाइन के साथ जोड़ा गया है. ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण और हरित भवन निर्माण तकनीकों को अपनाते हुए इसे विकसित किया गया है. भवन को 5-स्टार जीआरआईएचए रेटिंग दिलाने का लक्ष्य रखा गया है.
रिंग रोड का फोरलेन मार्ग करेगा सफर आसान
प्रधानमंत्री जोधपुर रिंग रोड के खंड-2 (कारवार-डांगियावास) पर एनएच-125ए के चार लेन मार्ग का उद्घाटन भी करेंगे. लगभग 740 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस परियोजना से जोधपुर और आसपास के क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी. इससे यातायात दबाव कम होगा, यात्रा अधिक सुरक्षित बनेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.
पर्यटन, व्यापार और निवेश को मिलेगा बूस्ट
सरकार का मानना है कि इन सभी परियोजनाओं का संयुक्त प्रभाव जोधपुर और पूरे पश्चिमी राजस्थान की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा. बेहतर हवाई और सड़क संपर्क से पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. आने वाले वर्षों में जोधपुर को पश्चिमी राजस्थान के प्रमुख परिवहन और आर्थिक केंद्र के रूप में और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.



