शादी से 3 दिन पहले हवालात पहुंचा 1 साल से फरार अफीम तस्कर आनंद, सेरूणा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Last Updated:July 04, 2026, 12:37 IST
Bikaner Police Arrested NDPS Absconder Anand Before Marriage: बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में सेरूणा थाना पुलिस ने एनडीपीएस मामले में एक साल से फरार चल रहे अफीम तस्कर आनंद को गिरफ्तार किया है. थाना अधिकारी संध्या बिश्नोई के अनुसार, आरोपी आनंद को उसकी शादी से ठीक तीन दिन पहले दबोचा गया. पुलिस ने एक साल पहले उसके भाई अंकित को अफीम के साथ गिरफ्तार किया था, जिसके बाद से आनंद फरार था.
ख़बरें फटाफट
बीकानेर: शादी से तीन दिन पहले पकड़ा गया एक साल से फरार अफीम तस्कर आनंद
बीकानेर: बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और फिल्मी अंदाज में गिरफ्तारी का मामला सामने आया है. यहां सेरूणा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामले में पिछले एक साल से फरार चल रहे एक शातिर मादक पदार्थ सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने इस कार्रवाई को उस समय अंजाम दिया जब आरोपी के घर में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं.
यह पूरा मामला बीकानेर के सेरूणा थाना इलाके का है. पकड़े गए आरोपी की पहचान आनंद के रूप में हुई है. आरोपी आनंद पिछले करीब एक साल से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर लगातार फरार चल रहा था. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन वह हर बार बच निकलने में कामयाब हो जाता था. इसी बीच सेरूणा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फरार आरोपी आनंद अपनी ही शादी में शामिल होने के लिए गुपचुप तरीके से अपने घर पहुँचा हुआ है. घर में शादी की रस्में निभाई जा रही थीं और ठीक तीन दिन बाद उसकी बारात रवाना होने वाली थी. सूचना की पुष्टि होते ही थाना अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए आरोपी के घर को चारों तरफ से घेर लिया. पुलिस ने अचानक दबिश देकर दूल्हा बनने जा रहे आनंद को उसकी शादी से महज तीन दिन पहले ही दबोच लिया. इस अचानक हुई कार्रवाई से शादी वाले घर की खुशियां सन्नाटे में बदल गईं.
भाई की गिरफ्तारी के बाद से था फरार, अफीम सप्लाई का है मुख्य आरोपीसेरूणा थाना अधिकारी संध्या बिश्नोई ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी आनंद मादक पदार्थों की अवैध सप्लाई से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा है. करीब एक साल पहले सेरूणा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए आनंद के सगे भाई अंकित को भारी मात्रा में अवैध अफीम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था. उस कार्रवाई के दौरान अंकित तो पुलिस के हत्थे चढ़ गया था, लेकिन उसका भाई और अफीम सप्लाई का मुख्य आरोपी आनंद मौके से भागने में सफल रहा था. भाई अंकित की गिरफ्तारी के बाद से ही आनंद लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था. पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी थी. आखिरकार एक साल की लंबी फरारी के बाद आनंद की चालाकी धरी की धरी रह गई और वह पुलिस के शिकंजे में आ गया. पुलिस अब आरोपी से अफीम तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में कड़ाई से पूछताछ कर रही है.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Bikaner,Bikaner,Rajasthan



