Khatu Shyam Ji News: श्याम श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत, हरियाणा से रींगस होते हुए हरिद्वार तक चलेगी स्पेशल ट्रेन

Khatu Shyam Ji. खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु देशभर से रींगस पहुंचते हैं. खासकर हरियाणा के नारनौल, अटेली, रेवाड़ी और गुरुग्राम क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाने आते हैं. ऐसे में रेलवे ने श्याम भक्तों को बड़ी राहत दी है. पश्चिम रेलवे के भावनगर मंडल ने वेरावल और हरिद्वार के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. सबसे खास बात यह है कि यह ट्रेन रींगस रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेगी, जिससे खाटूश्यामजी आने वाले श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा मिलेगी.
रींगस स्टेशन खाटूश्यामजी धाम का सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन है. यहां से मंदिर की दूरी लगभग 17 किलोमीटर है और 24 घंटे टैक्सी, बस व अन्य परिवहन सुविधाएं उपलब्ध रहती हैं. ऐसे में इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से हरियाणा, दिल्ली और गुजरात के हजारों श्याम भक्तों का सफर पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगा.
दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच की मांग हुई पूरीदैनिक रेलयात्री जागरूक मंच, नारनौल-अटेली लंबे समय से इस रूट पर विशेष ट्रेन चलाने की मांग रेलवे बोर्ड से कर रहा था. आखिरकार रेलवे बोर्ड ने इस मांग को स्वीकार करते हुए जुलाई माह में स्पेशल ट्रेन संचालित करने की मंजूरी दे दी है. इससे न केवल खाटूश्यामजी आने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा, बल्कि हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को भी सीधी रेल सेवा का फायदा मिलेगा.
ये रहेगा ट्रेन का समयरेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 09203 वेरावल-हरिद्वार स्पेशल प्रत्येक मंगलवार को वेरावल से दोपहर 4:05 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन 7, 14, 21 और 28 जुलाई 2026 को संचालित होगी. वापसी में ट्रेन संख्या 09204 हरिद्वार-वेरावल स्पेशल प्रत्येक बुधवार रात 9:30 बजे हरिद्वार से रवाना होगी. इसका संचालन 8, 15, 22 और 29 जुलाई 2026 को किया जाएगा.
इन स्टेशनों पर होगा ठहरावयह स्पेशल ट्रेन जूनागढ़, जेतलसर, ढसा, धोला, बोटाद, धंधुका, धौलका, गांधीग्राम, मेहसाणा, पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, श्रीमाधोपुर, नीम का थाना, नारनौल, अटेली, रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर और रुड़की सहित कई स्टेशनों पर ठहरेगी. इससे शेखावाटी क्षेत्र के साथ-साथ हरियाणा के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा.
सीमित सीटों के कारण जल्द कराएं बुकिंगरेलवे ने बताया है कि ट्रेन में थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे. ट्रेन संख्या 09203 के लिए आरक्षण शुरू हो चुका है. चूंकि यह स्पेशल ट्रेन सीमित फेरों के लिए चलाई जा रही है और सीटों की संख्या भी सीमित रहेगी, इसलिए श्याम श्रद्धालुओं को समय रहते टिकट बुक कराने की सलाह दी गई है. सावन माह के दौरान खाटूश्यामजी और हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह ट्रेन यात्रा को पहले से अधिक सरल, सुविधाजनक और आरामदायक बनाने में मददगार साबित होगी.



