16 साल का करियर, 18 हजार से ज्यादा रन, 54वें बर्थडे पर गांगुली को मिला सरप्राइज गिफ्ट, आईसीसी हॉल हॉफ फेम में शामिल

होमखेलक्रिकेट
गांगुली को बर्थडे पर बड़ा तोहफा… आईसीसी हॉल ऑफ फेम में हुए शामिल
Last Updated:July 08, 2026, 20:26 IST
Sourav Ganguly Hall Of Fame: सौरव गांगुली आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले भारत के 12वें क्रिकेटर बन गए. उनसे पहले इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और महेंद्र सिंह धोनी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. 16 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में 18 हजार से अधिक रन बनाने और टीम इंडिया को आक्रामक पहचान देने वाले ‘दादा’ ने इस सम्मान के लिए आईसीसी और जय शाह का आभार जताया . गांगुली ने साल 2000 से 2005 तक भारतीय टीम की कप्तानी की.सौरव गांगुली हॉल ऑफ फेम में शामिल.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल और आक्रामक कप्तानों में शुमार सौरव गांगुली को आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है. उन्हें इस प्रतिष्ठित क्लब में जगह दी गई, जिसके बाद वह यह सम्मान पाने वाले भारत के 12वें क्रिकेटर बन गए हैं. 54 वर्षीय गांगुली ने साल 2000 से 2005 के बीच टेस्ट और वनडे दोनों ही प्रारूपों में टीम इंडिया का सफल नेतृत्व किया था.
अपनी इस नई उपलब्धि के बाद ‘दादा’ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया. उन्होंने आईसीसी अध्यक्ष जय शाह का आभार जताते हुए लिखा, ‘आईसीसी और चेयरमैन जय शाह को मुझे हॉल ऑफ फेम में शामिल करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. यह मेरे लिए एक बहुत बड़ा सम्मान है. हॉल ऑफ फेम में जगह पाने वाले चुनिंदा भारतीयों में शामिल होना और खेल के कुछ सबसे महान नामों के साथ खड़ा होना वाकई अद्भुत है.’ हालांकि, अपने ट्वीट में उन्होंने 10 भारतीय क्रिकेटर्स का जिक्र किया, लेकिन असल में वह इस लिस्ट में जगह बनाने वाले 12वें खिलाड़ी हैं.
सौरव गांगुली हॉल ऑफ फेम में शामिल.
कैसा रहा दादा का इंटरनेशनल करियर?सौरव गांगुली का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर 1992 से लेकर 2008 तक यानी पूरे 16 साल लंबा रहा. उन्होंने 1996 में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट मैच में शानदार शतक जड़कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर तहलका मचा दिया था. बाएं हाथ के इस महान बल्लेबाज ने इसके बाद कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा.गांगुली ने अपने करियर के दौरान कई बड़े कीर्तिमान स्थापित किए. गांगुली ने भारत के लिए 113 टेस्ट मैच खेले. इस दौरान उन्होंने 42.17 की औसत से 7,212 रन बनाए और गेंद से भी योगदान देते हुए 32 विकेट चटकाए. वनडे में दादा का रिकॉर्ड और भी घातक रहा. उन्होंने 311 वनडे मैचों में 11,363 रन बनाए. वनडे में उनके नाम 100 विकेट भी दर्ज हैं, जो उन्हें एक बेहतरीन ऑलराउंडर साबित करते हैं.
भारतीय क्रिकेट की बदली तस्वीरगांगुली को न केवल उनकी बल्लेबाजी बल्कि उनकी बेखौफ कप्तानी के लिए भी याद किया जाता है. जब साल 2000 में भारतीय क्रिकेट मैच फिक्सिंग के काले साए से जूझ रहा था, तब गांगुली ने टीम की कमान संभाली. उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों को विदेशों में जीतना और आंख से आंख मिलाकर लड़ना सिखाया. उनकी कप्तानी का ही दौर था जब भारत ने 2002 में लॉर्ड्स के मैदान पर नेटवेस्ट सीरीज जीती और दादा ने ऐतिहासिक बालकनी में टी-शर्ट लहराकर अंग्रेजों को करारा जवाब दिया था. इसके अलावा, उन्हीं के नेतृत्व में भारतीय टीम 2003 के आईसीसी पुरुष वनडे विश्व कप के फाइनल तक पहुंची थी, जहां टीम को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा था.
आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल भारतीय सितारेसौरव गांगुली से पहले भारत के 11 दिग्गज इस खास क्लब का हिस्सा बन चुके हैं. साल 2009 में बिशन सिंह बेदी, कपिल देव और सुनील गावस्कर को पहली बार इस सम्मान से नवाजा गया था, जबकि गांगुली से ठीक पहले साल 2025 में पूर्व कप्तान एमएस धोनी को इस सूची में जगह मिली थी.
क्रिकेट के बाद भी जारी है जलवामैदान पर रनों की बौछार करने और टीम को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के बाद भी गांगुली क्रिकेट से दूर नहीं रहे. उन्होंने साल 2019 से 2022 तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष के रूप में भी बेहतरीन प्रशासनिक सेवाएं दीं. आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के साथ जुड़े हुए हैं और इसके साथ ही वह दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग (SA20) में प्रिटोरिया कैपिटल्स के हेड कोच की भूमिका भी बखूबी निभा रहे हैं. गांगुली का आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होना उनके उसी अटूट योगदान का सम्मान है, जिसने भारतीय क्रिकेट को आज इस मुकाम पर पहुंचाया है.
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश राय वर्तमान में इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,Delhi



