शहर के सेंटर में 15 साल से नरक जैसी जिंदगी, अब लोगों ने दी वोट बहिष्कार की चेतावनी

Last Updated:August 04, 2026, 17:49 IST
Bhilwara Ground Report: भीलवाड़ा के गांधीनगर क्षेत्र स्थित गाडरी खेड़ा सड़क पिछले 15 सालों से बदहाली का शिकार है. शनिदेव मंदिर के पीछे स्थित इस मुख्य मार्ग पर बारिश के कारण घुटनों तक जलभराव और बड़े-बड़े गड्ढे होने से रोजाना हादसे हो रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन, कलेक्ट्री, नगर निगम और विधायक को कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई. जलभराव से डेंगू-मलेरिया का खतरा बना हुआ है. आक्रोशित निवासियों ने समाधान न होने पर आगामी चुनावों में वोट बहिष्कार की चेतावनी दी है.
ख़बरें फटाफट
Bhilwara Ground Report: भीलवाड़ा शहर के मुख्य गांधीनगर क्षेत्र स्थित गाडरी खेड़ा इलाके से एक चिंताजनक ग्राउंड रिपोर्ट सामने आई है. कहने को तो यह क्षेत्र भीलवाड़ा शहर का मुख्य सेंटर पॉइंट माना जाता है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के मामले में यह किसी पिछड़े गांव से भी बदतर स्थिति में है. शनिदेव मंदिर के पीछे स्थित गाडरी खेड़ा मुख्य सड़क पर हर बारिश के बाद जलभराव और भारी कीचड़ की वजह से स्थानीय निवासियों का जीवन दूभर हो गया है. सड़क पर पड़े बड़े-बड़े गड्ढों के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है, जिससे पैदल चलने वालों, बच्चों और वाहन चालकों को हर दिन भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह सड़क केवल एक आम गली नहीं है, बल्कि गांधीनगर को आजाद नगर से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जिस पर बड़े ट्रांसपोर्ट वाहनों की भी भारी आवाजाही रहती है. स्थानीय निवासी अंकित कुमार सुखवाल ने बताया कि हर बारिश में यहां घुटनों तक पानी भर जाता है. खस्ताहाल सड़क और कीचड़ के कारण रोजाना भारी गाड़ियां फंसती हैं, वहीं बाइक सवार, पैदल चलने वाले बच्चे और महिलाएं फिसलकर गिर जाते हैं. इस जलभराव और गंदगी के चलते इलाके में डेंगू और मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार मंडरा रहा है.
15 साल से जर्जर सड़क, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की बेरुखीस्थानीय महिला लीला देवी शर्मा और रत्तू बाई ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि पिछले 15 वर्षों से इस सड़क की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है. कागजों में तो यह सड़क बनी हुई दिखाई देती है, लेकिन हकीकत में धरातल पर केवल बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव ही नजर आता है. शनिदेव मंदिर के पुजारी हीरालाल जोशी ने बताया कि इस विकट समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन, कलेक्ट्री, नगर निगम, स्थानीय विधायक और पार्षद को कई बार लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
आक्रोशित निवासियों ने दी वोट बहिष्कार की चेतावनीचुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे करने वाले नेताओं और जनप्रतिनिधियों के प्रति स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है. क्षेत्रवासियों का कहना है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि हाथ जोड़कर वोट मांगने आते हैं और समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हैं, लेकिन जीतने के बाद इस इलाके की सुध तक नहीं लेते. आक्रोशित निवासियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आगामी चुनावों में गांधीनगर के लोग किसी भी प्रत्याशी को वोट नहीं देंगे और चुनाव का पूर्ण बहिष्कार करेंगे.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Bhilwara,Bhilwara,Rajasthan
First Published :
August 04, 2026, 17:49 IST



