Ajmer News: पिस्ता की जगह रंगी हुई मूंगफली, अजमेर की फैक्ट्री से 2000 किलो सोहन पपड़ी सीज

Last Updated:August 03, 2026, 23:05 IST
Ajmer News: त्योहारी सीजन के बीच अजमेर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमलपुर स्थित एक सोहन पपड़ी निर्माण इकाई से करीब 2000 किलो तैयार माल सीज किया. जांच में गंदगी के बीच निर्माण, अत्यधिक खाद्य रंगों का उपयोग, पिस्ता की जगह हरे रंग से रंगी मूंगफली का इस्तेमाल और लाइसेंस संबंधी अनियमितताएं सामने आई.
अजमेर. त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. विभाग की टीम ने ब्यावर रोड स्थित सोमलपुर में संचालित मैसर्स मुस्कान सोहन पपड़ी निर्माण इकाई पर छापा मारकर करीब 2000 किलो तैयार सोहन पपड़ी को सीज कर दिया. इसके अलावा मौके से सोहन पपड़ी के दो खाद्य नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं.
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान, जयपुर तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अजमेर डॉ. ज्योत्सना रांगा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सोमवार को यह कार्रवाई की. निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई. सोहन पपड़ी का निर्माण गंदगी और अस्वच्छ वातावरण में किया जा रहा था. परिसर में जगह-जगह मक्खियां मंडरा रही थीं, जिससे खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई.
सोहन पपड़ी में अधिक रंग और रंगी हुई मूंगफली का इस्तेमाल
जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि सोहन पपड़ी में बड़ी मात्रा में खाद्य रंगों का उपयोग किया जा रहा था. वहीं, पिस्ता कटिंग के नाम पर हरे रंग से रंगी हुई मूंगफली का इस्तेमाल किया जा रहा था. खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर ही इस सामग्री को नष्ट करवा दिया. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की पूछताछ में खाद्य कारोबारी शाहबाज पुत्र यासीन ने बताया कि सोहन पपड़ी तैयार करने में रिफाइंड पामोलिन तेल और वनस्पति का मिश्रण इस्तेमाल किया जा रहा था. निरीक्षण के दौरान कारोबारी ने होलसेल श्रेणी का खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत किया, जबकि निर्माण इकाई के संचालन के लिए अलग से मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस होना आवश्यक है, विभाग ने इसे नियमों का उल्लंघन माना.
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 और नियम-2011 के तहत विभाग ने सोहन पपड़ी के दो नमूने जांच के लिए भेजे हैं. वहीं करीब 2000 किलो तैयार माल को सीज कर दिया गया है. कारोबारी को अगले आदेश तक निर्माण कार्य बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार, दीपक कुमार, केसरी नंदन शर्मा, राजेंद्र शर्मा और सहायक के रूप में राजकुमार इंदौरिया शामिल रहे. विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में मिलावट के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Ajmer,Rajasthan
First Published :
August 03, 2026, 23:05 IST



