जोस बटलर ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड… पोलार्ड का वर्षों पुराना विश्व कीर्तिमान स्वाहा, टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने

नई दिल्ली. इंग्लैंड के पूर्व व्हाइट-बॉल कप्तान जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट के इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा लिया है. ‘द हंड्रेड’ के मुकाबले में बटलर टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड के 14,803 रनों के विशाल रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की.
ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर में वेल्स फायर के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में ‘मैनचेस्टर सुपर जायंट्स’ की ओर से खेलते हुए जोस बटलर (Jos Buttler) को इस कीर्तिमान तक पहुंचने के लिए केवल 22 रनों की दरकार थी. उन्होंने 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पारी की 62वीं गेंद पर पोलार्ड के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया. इसके बाद भी उनका बल्ला रुका नहीं और उन्होंने महज 20 गेंदों में नाबाद 51 रनों की तूफानी पारी खेली. इस आतिशी अर्धशतक की बदौलत मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने 156 रन का लक्ष्य सिर्फ 69 गेंदों में 1 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया.
बटलर के 522 टी20 मुकाबलों में 14,833 रनयह मुकाबला जोस बटलर के टी20 करियर का 522वां मैच था. अब उनके नाम 492 पारियों में कुल 14,833 रन दर्ज हो चुके हैं, जिसमें 9 शतक और 106 अर्धशतक शामिल हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर 131 रन रहा है. बटलर की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने पोलार्ड की तुलना में काफी कम पारियों में यह मुकाम हासिल किया है. कायरन पोलार्ड अब इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं. पोलार्ड ने अपने करियर के 746 टी20 मैचों की 663 पारियों में 14,803 रन बनाए हैं, जिनमें 2 शतक और 70 अर्धशतक शामिल हैं. पोलार्ड ने इसी साल क्रिस गेल के लंबे समय से चले आ रहे रिकॉर्ड को तोड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया था, लेकिन बटलर ने उन्हें ज्यादा दिनों तक इस कुर्सी पर नहीं रहने दिया.
तीसरे स्थान पर ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 463 मैचों में नाबाद 175 रनों के उच्चतम स्कोर के साथ 14,562 रन बनाए थे. गेल के नाम टी20 में सबसे ज्यादा 22 शतक दर्ज हैं. इस सूची में चौथे स्थान पर इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स हैं जिन्होंने 528 मैचों में 14,449 रन (7 शतक, 92 अर्धशतक) बनाए हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर 439 मैचों में 14,284 रन (10 शतक, 118 अर्धशतक) बनाकर पांचवें स्थान पर मौजूद हैं.
भारत के दो बल्लेबाज भी लिस्ट मेंटी20 रन बनाने वालों की टॉप 10 लिस्ट सूची में भारत के दो महान बल्लेबाज भी शामिल हैं. छठे स्थान पर भारत के विराट कोहली हैं, जिन्होंने 430 मैचों में 10 शतकों और 110 अर्धशतकों की मदद से 14,218 रन बनाए हैं. सातवें स्थान पर इंग्लैंड के जेम्स विंस हैं जिनके नाम 491 मैचों में 13,777 रन हैं. आठवें स्थान पर पाकिस्तान के अनुभवी शोएब मलिक हैं जिन्होंने 557 मैचों में 13,571 रन बनाए हैं. नौवें स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक हैं जिनके नाम 452 मैचों में 12,654 रन हैं, जबकि भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा 472 मैचों में 12,531 रन (8 शतक, 84 अर्धशतक) बनाकर दसवें स्थान पर काबिज हैं.
बटलर का शानदार करियर और रिकॉर्ड्स2022 में इंग्लैंड को अपनी कप्तानी में आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप का खिताब जिताने वाले जोस बटलर ने अंतरराष्ट्रीय टी20 में भी अपनी छाप छोड़ी है. उन्होंने 160 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 4,212 रन बनाए हैं. इसके अलावा द हंड्रेड के 32 मुकाबलों में उनके नाम 1,206 रन हैं. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी उनका बल्ला जमकर बोला है, जहाँ उन्होंने मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस का प्रतिनिधित्व करते हुए 7 शतकों और 28 अर्धशतकों की मदद से 4,646 रन बनाए हैं.
द हंड्रेड के मौजूदा सीजन में भी बटलर शानदार फॉर्म में हैं. मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए उन्होंने अब तक 6 मैचों में चार अर्धशतक जड़े हैं और कुल 277 रन बनाकर टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. वेल्स फायर के खिलाफ जड़ा गया उनका चौथा अर्धशतक एक और बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर गया. अब वह ‘द हंड्रेड’ के एक ही सीजन में सबसे ज्यादा चार बार 50-प्लस स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में डेविड मलान और जेम्स विंस के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर आ गए हैं. बटलर की यह ऐतिहासिक पारी न केवल उनके करियर का एक नया मील का पत्थर है, बल्कि टी20 क्रिकेट के आधुनिक इतिहास की सबसे महान कहानियों में से एक बन चुकी है.



