31 माह के कामकाज पर वोट मांगेगी BJP, युवाओं को भरपूर देगी सरपंच बनने का मौका

Last Updated:August 06, 2026, 11:47 IST
Rajasthan Panchayat and Nikay Chunav: पंचायत और निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियों की स्पीड को बढ़ा दिया है. चुनाव फतह करने के लिए पार्टी में बैठकों का दौर शुरू हो गया है. नए-नए आइडियाज पर काम हो रहा है. दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए Gen Z के प्रोटेस्ट के बाद अलर्ट मोड पर आई बीजेपी ने कहा कि वह इन चुनावों में युवाओं को भरपूर मौका देगी. बीजेपी अपनी सरकार के 31 माह के कामकाज के आधार पर जनता के बीच जाएगी और वोट मांगेगी. बीजेपी की ओर से दावा किया गया कि वह पंचायत और निकाय चुनाव में दो तिहाई से ज्यादा सीटें जीतेगी.
जयपुर. राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों ने अपना दमखम दिखाने के लिए रणनीति बनाने का काम शुरू कर दिया है. पंचायत चुनावों को लेकर बीजेपी ने हाल ही में राजधानी जयपुर में प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर बड़ी बैठक कर इस पर लंबा मंथन किया. बैठक में तय किया गया कि पार्टी अपनी सरकार के 31 माह के कामकाज को लेकर पब्लिक के बीच जाएगी. युवाओं को पंचायत और निकाय चुनाव में तरजीह दी जाएगी. बैठक में पार्टी की ओर से दावा किया गया कि वह इन चुनाव में दो तिहाई से ज्यादा सीटें जीतेगी.
जयपुर संभाग की हुई इस बैठक में संभाग के जनप्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि, जिलाध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों समेत मंत्रिमंडल के सदस्य भी मौजूद रहे. जयपुर के अलावा भरतपुर और अजमेर समेत अन्य संभागों में भी बैठकों का आयोजन किया गया. इन बैठकों में मुख्य फोकस इस पर बात रहा कि स्थानीय स्तर पर चुनाव के मेनिफेस्टो में क्या हो? जयपुर में मंथन के बाद यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि राजस्थान सरकार की ओर से काफी जनकल्याण और विकास के कार्य किए गए हैं. पिछले 12 बरसों से केंद्र में मोदी सरकार की ओर से देश का विकास किया जा रहा है. उसी कामकाज के आधार पर हम जनता से वोट मांगेंगे.
बीजेपी युवाओं को इस चुनाव में बड़ा मौका देने वाली हैखर्रा ने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों के आधार पर भाजपा पंचायत और निकाय चुनाव में जीत का परचम लहराएगी. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिला स्तर पर और उसके बाद निकाय स्तर पर बैठक करके चुनाव की दिशा में आगे के कार्यक्रम तय होंगे. बीजेपी इस बार पंचायत और निकाय चुनाव में ज्यादा से ज्यादा युवाओं को प्रत्याशी बनने पर भी जोर दे रही है. बगरू से विधायक कैलाश वर्मा ने कहा कि बीजेपी युवाओं को इस चुनाव में बड़ा मौका देने वाली है. बैठक में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल भी मौजूद रहे.
चुनाव आयोग हाईकोर्ट में अपनी टाइमलाइन पेश कर चुका हैपंचायत और निकाय चुनावों को लेकर राजस्थान चुनाव आयोग हाईकोर्ट में अपनी टाइमलाइन पेश कर चुका है. वहीं इन चुनावों में अन्य पिछड़ा वर्ग का आरक्षण तय करने के लिए गठित ओबीसी आयोग ने भी बुधवार को इसकी रिपोर्ट सीएम भजलनलाल शर्मा को सौंप दी है. अब 15 अगस्त तक पंचायत और निकाय चुनावों की आरक्षण लॉटरी निकाल ली जाएगी. उसके बाद आयोग की ओर से पंचायत और निकाय चुनाव का विधिवत ऐलान किया जाएगा. हाईकोर्ट में पेश की गई टाइमलाइन में राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा है कि 15 नवंबर 2026 से पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी कर लेगा. कांग्रेस का दावा है कि ग्रांउड लेवल पर बीजेपी हार रही है. इसीलिए वह पहले चुनाव करवाने से कतरा रही थी. इन चुनावों को लेकर कांग्रेस भी पूरे जोश खरोश के साथ तैयारियों में जुटी है.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 06, 2026, 11:45 IST



