सावन की आस्था के बीच ATM लूट की कोशिश, हादसा, स्मैक और शराब पर बड़ा एक्शन

Rajasthan News Live: सावन के अवसर पर दौसा के देवगिरी पर्वत स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में सुबह 3 बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बिल्व पत्र अर्पित कर भगवान शिव की पूजा की, वहीं मंदिर में खीर प्रसादी का वितरण भी किया गया. दूसरी ओर दौसा के आगरा रोड स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर लूटने का प्रयास किया गया, लेकिन कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और बदमाश फरार हो गए. जयपुर ग्रामीण के बगरू में एनएच-48 पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें दो लोगों की मौत और एक घायल हो गया.
बीकानेर की नाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.5 किलो डोडा पोस्त के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार
बीकानेर की नाल थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत कार्रवाई करते हुए 6 किलो 538 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है. पुलिस ने भटिंडा (पंजाब) निवासी आरोपी गुरुसेवक सिंह को गिरफ्तार किया है. आईजी ओमप्रकाश व एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन और थानाधिकारी विकास विश्नोई की टीम द्वारा एक महीने में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ यह छठी बड़ी कार्रवाई है.
पार्क में खेल रही 8 साल की बच्ची से दरिंदगी, POCSO में केस दर्ज
श्रीगंगानगर जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. पार्क में झूला झूलने गई 8 वर्षीय मासूम बच्ची अचेत अवस्था में मिली. आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को पहले कोई नशीला पदार्थ दिया गया और उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया. गंभीर हालत में बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मामला पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
फर्जी प्रतिनियुक्ति दस्तावेज के आरोप में शिक्षक रामस्वरूप निलंबित
शिक्षा विभाग ने फर्जी प्रतिनियुक्ति दस्तावेज तैयार करने के आरोप में विशेष शिक्षक रामस्वरूप को निलंबित कर दिया है. शिक्षक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कक्कू में कार्यरत था. आरोप है कि उसने निर्वाचन कार्यालय में प्रतिनियुक्ति से जुड़े दस्तावेजों में अनियमितता की और निर्धारित स्थान पर उपस्थिति भी दर्ज नहीं कराई. मामले को गंभीर मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) किशनदान ने निलंबन के आदेश जारी किए हैं. निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक का मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बज्जू निर्धारित किया गया है. विभाग ने पूरे मामले की जांच के आदेश भी दिए हैं. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
बाल संप्रेषण गृह हत्याकांड में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी आज
श्रीगंगानगर के बाल संप्रेषण गृह में गार्ड साहबराम की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. पुरानी आबादी थाना प्रभारी सुमन परिहार ने घटनास्थल का नक्शा मौका तैयार किया और ड्यूटी पर तैनात अन्य गार्ड तथा अधीक्षक के बयान दर्ज किए. पुलिस के अनुसार घटना के समय तीनों बाल अपचारी बालिग हो चुके थे. मामले में सूरतगढ़ निवासी पियूष विश्नोई, सोमासर निवासी सुनील नायक और नोहर निवासी सलमान खान के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.
इरिगेशन पाल पर पैंथर की आहट, आज फिर चलेगा सर्च ऑपरेशन
राजसमंद जिले में इरिगेशन की पाल पर पैंथर के मूवमेंट की सूचना मिलने से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. सूचना पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम देर रात मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण पैंथर दिखाई नहीं दिया. इसके बाद टीम ने क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी. वन विभाग ने बताया कि शुक्रवार को दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा और पैंथर को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया जाएगा. स्थानीय लोगों से रात के समय अकेले बाहर नहीं निकलने और सतर्क रहने की अपील की गई है. वन विभाग की टीम लगातार इलाके पर नजर बनाए हुए है और पैंथर की गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.
गैस कटर से ATM काटने पहुंचे बदमाश, पुलिस आते ही भागे
दौसा शहर के आगरा रोड स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम में गुरुवार तड़के लूट का प्रयास किया गया. रात करीब 2:40 बजे कार में सवार तीन बदमाश मौके पर पहुंचे. इनमें दो बदमाश एटीएम बूथ के अंदर घुसे और शटर बंद कर गैस कटर से मशीन काटने लगे, जबकि तीसरा कार में बाहर मौजूद रहा. इसी दौरान बैंक के कंट्रोल रूम को अलर्ट मिला, जिसके बाद कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई. पुलिस की गाड़ी देखते ही बदमाश वारदात अधूरी छोड़कर कार से फरार हो गए. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है.
सावन में नीलकंठ महादेव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
सावन माह के पावन अवसर पर दौसा के देवगिरी पर्वत स्थित बाबा नीलकंठ महादेव मंदिर में गुरुवार तड़के से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. सुबह 3 बजे से ही भक्त जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बिल्व पत्र अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने पहुंचे. मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा. श्रद्धालुओं में शिव भक्ति का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए खीर प्रसादी का वितरण भी किया गया, जिसे बड़ी संख्या में लोगों ने ग्रहण किया. प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कीं. सावन के कारण आने वाले दिनों में भी यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.
नाथद्वारा में 13 ग्राम स्मैक संग दो तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े
राजसमंद के श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने नाकाबंदी और वाहन चेकिंग के दौरान चित्रकूट हनुमानजी मंदिर के पास बाइक सवार दो लोगों को रोका. तलाशी लेने पर उनके पास से 13 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद हुई. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बाइक भी जब्त कर ली है. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया और इसे किसे सप्लाई किया जाना था. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
NH-48 पर स्कॉर्पियो पलटी, दो युवकों की मौत, एक घायल
जयपुर ग्रामीण के बगरू क्षेत्र में एनएच-48 पर देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क पर बारिश का पानी भरा होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे हादसा हुआ. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पीपल के पेड़ से युवक की छलांग का वीडियो हुआ वायरल
भीलवाड़ा के पारोली कस्बे के पीपली चौराहे पर एक युवक के पीपल के पेड़ से छलांग लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घायल युवक की पहचान रोपा गांव निवासी भैरू मीणा के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया. पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया युवक के नशे में होने की आशंका है. पारोली थाना पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और आत्महत्या के प्रयास सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की अपील की है.
बीकानेर में 4030 लीटर अवैध शराब पर चला बुलडोजर एक्शन
बीकानेर के नापासर थाना पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया. 14 अलग-अलग मामलों में जब्त की गई 4030 लीटर से अधिक अवैध शराब को आबकारी नियमों के तहत नष्ट किया गया. इसके लिए जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर शराब का विधिवत विनष्टीकरण किया गया. पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई. इस दौरान नापासर थानाधिकारी कविता पुनिया और आबकारी विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही. अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान चलाए जाएंगे.



