X, Insta छोड़िए… अब Snapchat पर भी MEA! युवाओं से जुड़ने के लिए आया नया अंदाज

MEA Snapchat Account: सोशल मीडिया के दौर में सरकार भी अपनी पहुंच बढ़ाने में जुटी है. विदेश मंत्रालय यानी MEA पहले से ही X, Instagram, Facebook, YouTube और LinkedIn जैसे प्लेटफॉर्म पर मौजूद है. लेकिन अब मंत्रालय ने Snapchat पर एंट्री कर ली है. इसका मकसद युवाओं और खासकर Gen Z तक विदेश नीति और कूटनीति से जुड़ी जानकारी आसान तरीके से पहुंचाना है.
MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने X पर एक वीडियो शेयर कर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने लोगों से Snapchat पर MEA को फॉलो करने की अपील की. उन्होंने कहा कि अब वहां एक्सक्लूसिव स्टोरीज, अपडेट्स और आकर्षक कंटेंट के जरिए लोगों से जुड़ा जाएगा.
युवाओं तक पहुंचने की कोशिश
देखा गया कि Snapchat खासतौर पर युवा यूजर्स के बीच बेहद लोकप्रिय है. ऐसे में विदेश मंत्रालय अपने संदेश को सिर्फ प्रेस रिलीज या पारंपरिक मीडिया तक सीमित नहीं रखना चाहता. इस फैसले को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील से भी जोड़कर देखा जा रहा है. हाल ही में पीएम मोदी ने मंत्रियों से कहा था कि वे सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय रहें. युवाओं तक अपनी बात पहुंचाने के लिए रील्स जैसे इंटरैक्टिव कंटेंट का इस्तेमाल करें.
सरकार का फोकस अब सिर्फ सोशल मीडिया पर मौजूद रहने पर नहीं है. कोशिश यह है कि लोगों से सीधे जुड़ा जाए. खासकर युवाओं तक सरकारी कामकाज और नीतियों की जानकारी उनके पसंदीदा डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए पहुंचाई जाए.
डेढ़ दशक पुरानी डिजिटल यात्रा
विदेश मंत्रालय लंबे समय से डिजिटल डिप्लोमेसी पर काम कर रहा है. MEA की सोशल मीडिया यात्रा करीब डेढ़ दशक पुरानी है. मंत्रालय ने 2010 में @IndianDiplomacy ट्विटर अकाउंट की शुरुआत की थी. इसके बाद 2011 में @MEAIndia अकाउंट शुरू हुआ. @MEAIndia का इस्तेमाल विदेश मंत्रालय और उसके प्रवक्ता से जुड़ी आधिकारिक जानकारी के लिए किया जाता है. वहीं @IndianDiplomacy के जरिए भारत की कूटनीति और देश की वैश्विक छवि से जुड़ी जानकारी साझा की जाती हैय
2012 में MEA ने Facebook पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. इसके बाद YouTube, Instagram, LinkedIn और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी मंत्रालय की मौजूदगी बढ़ती गई. विदेशों में मौजूद भारतीय मिशन और पोस्ट भी सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं. इनके जरिए विदेशों में रहने वाले भारतीयों और दूसरे लोगों तक जरूरी जानकारी पहुंचाई जाती है.
मोबाइल ऐप से भी डिजिटल कदम
MEA ने मोबाइल प्लेटफॉर्म पर भी पहले ही कदम बढ़ा दिया था. मंत्रालय का MEA India मोबाइल ऐप जुलाई 2013 में लॉन्च किया गया था. इसका मकसद मंत्रालय की डिजिटल सेवाओं और नागरिकों से जुड़ी जानकारी को मोबाइल तक पहुंचाना था.
अब Snapchat की एंट्री के साथ विदेश मंत्रालय की डिजिटल पहुंच और बढ़ गई है. इसका मकसद साफ है. विदेश नीति और कूटनीति जैसे गंभीर विषयों को ज्यादा आसान और आकर्षक तरीके से लोगों तक पहुंचाना. सोशल मीडिया के साथ MEA पारंपरिक माध्यमों पर भी अपना फोकस बढ़ा रहा है. विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग भी अब पहले के मुकाबले ज्यादा नियमित तरीके से की जा रही है.
यानी विदेश मंत्रालय अब डिजिटल और पारंपरिक, दोनों माध्यमों से अपनी बात लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर आगे बढ़ रहा है.



